Bihar Flood : बिहार में बाढ़ पीड़ितों की मदद को पहुंचा एयरफोर्स का चौपर, पानापुर में राशन एयरड्रॉप

Bihar Flood : बिहार में बाढ़ पीड़ितों की मदद को पहुंचा एयरफोर्स का चौपर, पानापुर में राशन एयरड्रॉप


Last Updated:

Bihar Flood : बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच राहत अभियान तेज कर दिया गया है. बाढ़ प्रभावित इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है. गुरुवार को पटना से एक चौपर ने उड़ान भरकर सारण जिले के पानापुर प्रखंड में ड्राई राशन के पैकेट एयरड्रॉप किए. जानकारी के मुताबिक, वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर पटना पहुंचे हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

बाढ़ प्रभावित इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है.

पटना. बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है. राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली है. गुरुवार को पटना से एक हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरकर सारण जिले के पानापुर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में ड्राई राशन के पैकेट एयर ड्रॉप किए. जानकारी के मुताबिक, वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर पटना पहुंचे हैं और शुक्रवार को भी दिनभर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी.

पानापुर में एयर ड्रॉप की गई राहत सामग्री

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर सारण के पानापुर प्रखंड में ड्राई राशन के एयर ड्रॉप के लिए पटना के स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर रवाना हुआ. इस दौरान पटना के जिलाधिकारी मौके पर मौजूद रहे और राहत सामग्री एयर ड्रॉप से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त राशन पैकेट की मांग किए जाने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए गोरखपुर से भी हेलीकॉप्टर मंगाया गया है. बिहार की आपदा प्रबंधन व्यवस्था में बाढ़ से घिरे इलाकों तक हेलीकॉप्टर के जरिए फूड पैकेट पहुंचाने का प्रावधान भी है.

पटना के SKM हॉल में युद्धस्तर पर तैयार हो रहे फूड पैकेट

बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए पटना के SKM हॉल में बड़े पैमाने पर फूड पैकेट तैयार किए जा रहे हैं. इन पैकेटों में चूड़ा, चना, चीनी, माचिस और दवाइयों के साथ अन्य जरूरी सामान रखा जा रहा है. बड़ी संख्या में पैकेट तैयार किए जा रहे हैं, ताकि जरूरत के मुताबिक उन्हें बाढ़ प्रभावित इलाकों तक जल्द पहुंचाया जा सके.

मुख्य सचिव कंट्रोल रूम से ले रहे लगातार अपडेट

बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की निगरानी के लिए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत लगातार कंट्रोल रूम से अधिकारियों से जानकारी ले रहे हैं. अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य तेज रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं. कई अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कैंप कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं. बिहार सरकार की ओर से हाल के दिनों में भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 30 सितंबर को बाढ़ प्रभावित उत्तर बिहार का हवाई सर्वेक्षण कर अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने को कहा था.

राहत सामग्री पहुंचाने पर फोकस

सरकार का फोकस फिलहाल ऐसे इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाने पर है, जहां सड़क या नाव के जरिए पहुंचना मुश्किल हो रहा है. ऐसे क्षेत्रों में एयर ड्रॉप के जरिए ड्राई राशन और जरूरी सामान पहुंचाया जा रहा है. शुक्रवार को भी हेलीकॉप्टर के जरिए अलग-अलग बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने की तैयारी है.



Source link