Last Updated:
Rakesh Agrawal Murder Case: भोपाल में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की हत्या का शक अभी केयरटेकर वरुण कुमार पर है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. पुलिस उससे जुड़े कोर्ट केस का हत्या से कनेक्शन तलाश कर रही है. इसी कड़ी में पुलिस के हाथ आरोपी का कैरेक्टर सर्टिफिकेट हाथ लगा है, जिसमें उसे अपराधमुक्त बताया गया है. आरोपी की तलाश में पुलिस ने 8 से 10 टीमें लगाई हुई हैं.
पूर्व आईएएस राकेश अग्रवाल के डेथ केस में बड़ा खुलासा
Retired IAS Rakesh Agrawal Murder Case: राजधानी भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश कुमार अग्रवाल की सनसनीखेज हत्या के मामले ने पूरे प्रशासनिक और सामाजिक हलके में हड़कंप मचा दिया है. उम्र के इस पड़ाव पर जिस केयरटेकर को अपनी सहूलियत और देखभाल के लिए घर में जगह दी थी, वही मौत की वजह बन जाएगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था. शुरुआती जांच में हत्या की सुई निजी कंपनी के जरिए रखे गए मेल नर्स (केयरटेकर) वरुण कुमार पर जाकर टिक गई है. हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने वाला वरुण सिर्फ तीन दिन पहले ही केयरटेकर के तौर पर घर आया था.
आरोपी वरुण अपने पास नहीं रखता था फोन
वारदात के बाद से ही आरोपी वरुण फरार है. पुलिस की करीब 8 से 10 टीमें आगरा, झांसी से लेकर पंजाब तक अलग-अलग दिशाओं में उसकी लोकेशन खंगाल रही हैं. सीसीटीवी फुटेज से लेकर पड़ोसियों और घर के कुक से गहन पूछताछ की जा रही है. जांच में आरोपी का बेहद शातिराना चेहरा सामने आया है. वह अपने पास मोबाइल फोन तक नहीं रखता था और लंबे समय से अपने परिवार से भी कोई संपर्क नहीं रखता था.
कैरेक्टर सर्टिफिकेट में बताया अपराध मुक्त
मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा आरोपी के कैरेक्टर सर्टिफिकेट को लेकर हुआ है. आरोपी वरुण केयरटेकर पंजाब के पटियाला का रहने वाला है. नौकरी हासिल करने के लिए एसपी पटियाला ऑफिस से जारी कैरेक्टर सर्टिफिकेट साथ लाया था, जिसमें उसे नैतिक और अपराधमुक्त बताया गया था. अब पुलिस उस प्लेसमेंट एजेंसी का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, जिसके जरिए वरुण को हायर किया गया था.
आरोपी को पकड़ने के लि पुलिस दे रही दबिश
पुलिस का अनुमान है कि वरुण पहले भी इस तरह की वारदातें अंजाम दे चुका हो सकता है. फिलहाल एफआईआर दर्ज कर उसकी धरपकड़ तेज कर दी गई है. एडिशनल डीसीपी अनिल शर्मा ने बताया कि हमारी 8 से 10 टीमें लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं. पंजाब में उसके परिजनों से भी पूछताछ की गई है. एजेंसी से उसका पूरा रिकॉर्ड और आगरा-झांसी के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. हम उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लेंगे.
(रिपोर्ट-रमाकांत दुबे)