Last Updated:
अभय जोधपुरकर 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में मराठी गाने ‘नवसाची गौरी माझी’ के लिए बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का खिताब जीतने पर सातवें आसमान पर हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों यह सम्मान पाकर बेहद भावुक अभय ने गाने की रिकॉर्डिंग का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि पहली रिकॉर्डिंग के वक्त ऊंचे स्केल की वजह से वह पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे, लेकिन दोबारा रिकॉर्डिंग के दौरान उन्होंने नोट्स की परवाह छोड़ सिर्फ भावनाओं पर ध्यान दिया और इतिहास रच दिया.
अभय जोधपुरकर ने बताया गाने की रिकॉर्डिंग का किस्सा. (फोटो साभार: Instrgram@abhayjodhpurkar)
नई दिल्ली. 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में प्लेबैक सिंगर अभय जोधपुरकर ने बड़ा कमाल कर दिखाया. उन्हें मराठी गाने ‘नवसाची गौरी माझी’ के लिए बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का नेशनल अवॉर्ड मिला है. यह गाना फिल्म ‘घराट गणपति’ का है. इस बड़ी जीत के बाद अभय ने गाने की रिकॉर्डिंग से जुड़ा एक बेहद मजेदार किस्सा शेयर किया. उन्होंने बताया कि यह गाना एक बार में नहीं, बल्कि दो बार में रिकॉर्ड हुआ था. पहली बार जब वो इसे गा रहे थे, तो उन्हें लगा कि गाने की पिच उनकी आवाज के हिसाब से थोड़ी ज्यादा ऊंची है. इसके बाद उन्होंने इसे अपनी आवाज के मुताबिक दोबारा रिकॉर्ड करवाया.
आईएएनएस से बाचतीत में अभय जोधपुरकर कहा, ‘मैं अभी भी इस पल को पूरी तरह महसूस करने की कोशिश कर रहा हूं. सच कहूं तो यह मेरे लिए काफी भावुक और हैरान करने वाला पल है, जिस गाने से मैं खुद इतना जुड़ा हुआ हूं, उसके लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिलना अपने आप में बहुत खास है. और जब यह अवॉर्ड राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों मिला, तो यह पल मेरे लिए और भी खास और यादगार बन गया.’
दो सेशन में हुई मराठी गाने की रिकॉर्डिंग
उन्होंने कहा, ‘मुझे याद है कि इस गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान मैंने अपनी बहुत सारी भावनाएं इसमें डाल दी थीं. मैं नहीं चाहता था कि यह सिर्फ एक त्योहार का गीत लगे, बल्कि ऐसा महसूस हो कि कोई अपने घर में गौरी के आगमन का जश्न मना रहा है. इस गाने की रिकॉर्डिंग दो सेशन में हुई थी. पहले सेशन के दौरान मुझे लगा कि गाना मेरी आवाज की सीमा से थोड़ा ऊंचा है और अगर इसे थोड़ी कम स्केल में गाया जाता तो मैं बेहतर कर सकता था.’
निराश थे अभय जोधपुरकर
अभय ने आगे बताया, ‘मैं इससे निराश था, क्योंकि मैं गाने की स्केल नीचे लाना चाहता था, लेकिन संकेत पहले ही कुछ लाइव वाद्य यंत्रों की डबिंग कर चुके थे, इसलिए ऐसा करना संभव नहीं था. मुझे उसी मूल स्केल में काम करना पड़ा और मैं पूरी तरह संतुष्ट नहीं था.’
रिकॉर्डिंग में देना पड़ा बारीकियों पर ध्यान
अभय जोधपुरकर ने कहा, ‘गाने की शूटिंग के बाद हमने दूसरा सेशन रिकॉर्ड किया. मैं इसकी धुनों के साथ काफी समय बिता चुका था, इसलिए सब कुछ ज्यादा नैचुरल और आसान लग रहा था. अब मेरा ध्यान नोट्स की चिंता करने के बजाय एक्सप्रेशन पर था. मेरी कोशिश थी कि आवाज में ज्यादा बनावटीपन न आए और भावनाएं स्वाभाविक तरीके से सामने आएं. रिकॉर्ड करने में बारीकियों पर ध्यान देना पड़ा.’
72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स की विनर्स लिस्ट
72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में साल 2024 के भारतीय सिनेमा को सम्मानित किया गया. फिल्म ‘आर्टिकल 370’ को बेस्ट फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मिला, जबकि इसी फिल्म के लिए यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया. वहीं, मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी को ‘ब्रह्मयुगम’ में उनके अभिनय के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला. इस कैटेगरी में बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन को भी ‘चंदू चैंपियन’ में उनके काम के लिए सम्मानित किया गया.