Last Updated:
Bihar Flood : बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने अपने तीन महीने के वेतन की राशि 6 लाख 35 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान की है. नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक समय पर राहत और जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए सरकार पूरी तत्परता से काम कर रही है.
नितिन नवीन ने अपने तीन महीने के वेतन की राशि 6 लाख 35 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान की है.
पटना. बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने तीन महीने के वेतन की राशि दान करने का ऐलान किया है. नितिन नवीन ने राज्यसभा सांसद के रूप में मिलने वाले तीन महीने के वेतन की राशि 6 लाख 35 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान की है. नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावित लोगों तक समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए सरकार पूरी तत्परता से काम कर रही है.
6.35 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए
नितिन नवीन ने लिखा कि राज्यसभा सांसद के रूप में वह अपने तीन महीने के वेतन की राशि 6,35,000 रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़े हैं. मुख्यमंत्री राहत कोष का इस्तेमाल प्राकृतिक आपदाओं, जिसमें बाढ़ भी शामिल है, से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के लिए किया जाता है.
7 हजार रुपये प्रति परिवार की मदद
नितिन नवीन ने अपने पोस्ट में बताया कि राज्य सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों को 7,000 रुपये प्रति परिवार की वित्तीय सहायता दी जा रही है. मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, 15 सितंबर को 8 लाख 27 हजार 472 बाढ़ प्रभावित परिवारों के खातों में 7,000 रुपये प्रति परिवार के हिसाब से कुल 579.23 करोड़ रुपये की आनुग्रहिक राहत राशि DBT के जरिए भेजने की शुरुआत की गई. उन्होंने बताया कि राहत शिविरों, कम्युनिटी किचन, चिकित्सा सुविधाओं और पशु चारे की व्यवस्था के साथ NDRF और SDRF की टीमें बचाव कार्य में तैनात हैं. वहीं, किसानों की फसल क्षति का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जारी है.
शिवराज सिंह चौहान ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा
नितिन नवीन ने अपने पोस्ट में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बिहार दौरे का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया. बिहार में बाढ़ से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है. राज्य सरकार के मुताबिक, प्रभावित परिवारों तक आर्थिक सहायता पहुंचाने के साथ राहत शिविरों और अन्य जरूरी सुविधाओं पर भी काम किया जा रहा है.