Flydubai Plane Attack: Plane Terrorist Attack| फ्लाईदुबई प्लेन कांड में ‘ईरान लिंक’? इजरायल बोला-जिहादी आतंकी हमला, कहां है MOSSAD?

Flydubai Plane Attack: Plane Terrorist Attack| फ्लाईदुबई प्लेन कांड में ‘ईरान लिंक’? इजरायल बोला-जिहादी आतंकी हमला, कहां है MOSSAD?


Last Updated:

Israel Terrorist Attack: इजरायल पहुंच रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में जो कुछ भी हुआ, वो सामान्य नहीं था. अब इजरायली रक्षा मंत्री ने इसमें जिहादी आतंकी हमले का एंगल जोड़कर साफ कर दिया है कि इजरायल चुप नहीं बैठेगा. हालांकि अब तक इस अटैक में ईरान का नाम नहीं लिया गया है.

Zoom

बेंजामिन नेतन्‍याहू ने ईरान लिंक पर अभी कुछ नहीं कहा.

Israel Terrorist Attack: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई सनसनीखेज घटना की जांच अभी जारी है. विमान से जुड़े हुए पूरे एपिसोड में अलग मोड़ तब आ गया, जब इसे इजरायल के रक्षा मंत्री ने खुले तौर पर जिहादी आतंकी हमला करार दे दिया है. हालांकि पीएम नेतन्याहू ने मामले की जांच के बाद ही कुछ बयान देना मुनासिब समझा है लेकिन रक्षा मंत्री ने इसे आम घटना नहीं बल्कि आतंकवादी हमले से जोड़ दिया. उन्होंने पूरी घटना का जिक्र करते हुए कहा है कि हमला ओमानी को-पायलट की ओर से ही किया गया था, जिसमें कैप्टन स्मित मच्छार घायल हुए हैं

ये कोई साधारण घटना नहीं थी. बंद कॉकपिट के अंदर इजरायल की धरती की ओर पहुंचती हुई फ्लाइट को हाईजैक करने के मकसद से को-पायलट ने कप्तान पर चाकू से हमला किया और विमान को नीचे गिराने की कोशिश की. हालात बिगड़ने के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपात स्थिति में उतारना पड़ा. इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि क्या ये कोई विवाद था या फिर सोची-समझी साजिश के तहत 166 इजरायलियों को मारने का प्लान था.

क्या बोले इजरायली रक्षा मंत्री?

इजरायली रक्षा मंत्री कात्ज ने कहा कि यह विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने और उसमें सवार सभी यात्रियों को मारने की एक सुनियोजित कोशिश थी. उन्होंने कैप्टन स्मित पर हुए हमले का भी जिक्र किया और कहा कि को-पायलट कट्टरपंथ से प्रेरित था. इसके साथ ही उन्होंने यात्रियों की बहादुरी की तारीफ की और कहा कि यह हमलावर आतंकवादी केवल विमान में मौजूद इजरायली यात्रियों की बहादुरी के कारण विफल हुआ, जिन्होंने कॉकपिट में घुसकर हमलावर को काबू में किया और विमान पर नियंत्रण वापस लिया. कात्ज ने विमान में मौजूद इजरायली नागरिकों के साहस और सूझबूझ की खुलकर प्रशंसा की.

ईरान लिंक पर क्या बोले नेतन्याहू?

इस मामले में ईरान की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि दोनों देशों के बीच इस वक्त तनाव चल रहा है. हालांकि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से जब इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. फॉक्स न्यूज और सीएनएन को दिए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा कि मामले की जांच अभी शुरुआती दौर में है और जल्द ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकती है.

कहां है दुनिया में कुख्यात MOSSAD?

मौजूदा घटना के बाद एक बार फिर से इजरायल की उस खुफिया एजेंसी मोसाद पर सवाल उठने लगे हैं, जो अपने शार्प इंटेलिजेंस और दो कदम आगे की तैयारी के लिए जानी जाती रही है. मोसाद के पेजर अटैक और हमास के कमांडरों को ढूंढ-ढूंढकर मारने के किस्से सबने सुने हैं लेकिन इस एजेंसी की साख पर बट्टा लगाने के काम 7 अक्तूबर, 2023 के हमास के हमले ने किया था, जिसने इजरायल को युद्ध में झोंक दिया. अब इस हमले की तीसरी बरसी से ठीक पहले एक बार फिर इजरायल को खून के आंसू रुलाने की तैयारी हो गई और एक बार फिर मोसाद को खबर तक नहीं हुई?

विमान में आखिर हुआ क्या?

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक उड़ान के दौरान कॉकपिट में कप्तान और को-पायलट के बीच अचानक संघर्ष शुरू हो गया. आरोप है कि को-पायलट ने कप्तान पर चाकू से हमला किया और विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की. स्थिति गंभीर होने पर विमान का रास्ता बदला गया और उसे सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित रूप से उतारा गया. घटना के दौरान विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के लिए स्थिति बेहद तनावपूर्ण रही. संयुक्त अरब अमीरात के महाप्रॉसिक्यूटर ने इस घटना की औपचारिक जांच के आदेश दिए हैं. चूंकि फ्लाईदुबई का विमान यूएई में पंजीकृत है, इसलिए घटना से जुड़े कई कानूनी पहलुओं की जांच यूएई के कानूनों के तहत की जाएगी. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि विमान में हमला किस वजह से हुआ और इसके पीछे आरोपी का मकसद क्या था. अधिकारियों की नजर इस बात पर भी होगी कि घटना अचानक हुई थी या इसके लिए पहले से कोई योजना बनाई गई थी.



Source link