राहुल गांधी बनेंगे पीएम कैंडिडेट? ममता बनर्जी ने दिया जवाब, फिर बोलीं- अखिलेश और केजरीवाल के लिए करूंगी प्रचार

राहुल गांधी बनेंगे पीएम कैंडिडेट? ममता बनर्जी ने दिया जवाब, फिर बोलीं- अखिलेश और केजरीवाल के लिए करूंगी प्रचार


होमताजा खबरwest bengalKolkata

राहुल बनेंगे PM कैंडिडेट? ममता बोलीं- अखिलेश और केजरीवाल के लिए करूंगी प्रचार

Last Updated:

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राहुल गांधी की पीएम उम्मीदवारी पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन एक परिवार है और फैसला सामूहिक होगा. ममता ने अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल के लिए चुनाव प्रचार करने की भी बात कही. इसके अलावा टीएमसी ने चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग की है. ममता ने 4000 ईवीएम जलाए जाने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं.

Zoom

राहुल गांधी के पीएम बनने के सवाल पर बोलीं ममता- सामूहिक फैसला होगा. (Photos : PTI)

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने गुरुवार (01 अक्टूबर 2026) को पार्टी के सांसदों के साथ ब्रीफिंग की. इसमें उन्होंने राहुल गांधी की पीएम उम्मीदवारी पर खुलकर अपनी बात रखी. ममता ने इंडिया गठबंधन को एक परिवार बताया. न्यूज 18 इंडिया के सवाल पर ममता ने साफ किया कि अगर अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल उन्हें बुलाएंगे तो वह उनके लिए प्रचार करेंगी. इस ब्रीफिंग में ममता बनर्जी का सबसे आक्रामक रुख चुनाव आयोग के खिलाफ दिखा. उन्होंने चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करने की मांग की. टीएमसी ने उन्हें ‘वैनिश कुमार’ बताया है. ममता का आरोप है कि ज्ञानेश कुमार ने बंगाल में वोटर्स के अधिकार को वैनिश किया है. अभिषेक बनर्जी ने भी 150 सीटों पर वोटर्स डिलीशन को लेकर इलेक्शन कमीशन को कठघरे में खड़ा किया है.

राहुल गांधी के पीएम कैंडिडेट बनने पर ममता ने क्या कहा?

ममता बनर्जी ने राहुल गांधी को पीएम चेहरा बनाने के सवाल पर सीधा जवाब दिया. ममता ने कहा, ‘इंडिया गठबंधन एक सामूहिक परिवार की तरह है और इस पर सामूहिक फैसला होगा’. ममता ने समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी के सपोर्ट का भी जिक्र किया. उन्होंने साफ किया कि अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल के लिए वह कैंपेन करने जरूर जाएंगी. ममता के इस बयान से इंडिया गठबंधन में एकजुटता का मैसेज गया है. हालांकि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने ममता को एक अलग ही ऑफर दिया है. अधीर ने कहा, ‘ममता को अपने बाकी सांसदों और विधायकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो जाना चाहिए’. अधीर ने यहां तक कहा कि अगर ममता कांग्रेस में आती हैं तो पार्टी उनके नेतृत्व में काम करने को तैयार है.

चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग क्यों?

टीएमसी ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. ममता बनर्जी ने ज्ञानेश कुमार पर वोट का अधिकार छीनने का आरोप लगाया. ममता ने कहा, ‘मैं उन्हें कैसे माफ कर सकती हूं और भारत की जनता भी उन्हें माफ नहीं करेगी’. टीएमसी ने ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी के पोस्टर भी लगाए हैं. ममता ने एसआईआर का मास्टरमाइंड बीजेपी को बताया. अभिषेक बनर्जी ने भी वोटिंग प्रोसेस पर गंभीर सवाल उठाए. अभिषेक ने कहा, ‘हम सवाल ज्ञानेश कुमार से करते हैं और जवाब बीजेपी देती है’. अभिषेक के मुताबिक बंगाल की 150 विधानसभा सीटों पर वोटर्स का भारी डिलीशन हुआ है. यह संख्या कई सीटों पर हार-जीत के अंतर से भी ज्यादा है. ममता ने 2023 के कानून के तहत चुनाव आयुक्तों को मिले कानूनी संरक्षण पर भी सवाल खड़े किए.

बंगाल में 4000 ईवीएम जलाने और वोटर्स डिलीशन का क्या है सच?

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बंगाल में 4000 ईवीएम मशीनों को जलाकर जबरदस्ती बीजेपी को जिताया गया. उन्होंने बताया कि इमारत की छठी और सातवीं मंजिल पर आग लगी जहां ईवीएम रखी थीं. ममता ने दावा किया कि जिन मशीनों में टीएमसी जीत रही थी, उन्हें ही निशाना बनाया गया. ममता ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी चुनाव आयोग को घेरा. उनका आरोप है कि जहां टीएमसी जीती थी, वहां चार गुना अधिक वोटर्स के नाम काटे गए. ममता ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा, ‘मुझे बिना कोर्ट के आदेश के घर से निकलने की अनुमति नहीं है’. ममता का कहना है कि उनके घर के बाहर हर दिन 200-300 गुंडे आकर शोर मचाते हैं.



Source link