Last Updated:
अक्टूबर में सूर्य, शुक्र, बुध और गुरु ग्रह अपनी चाल बदलेंगे. इससे बुधादित्य, त्रिग्रही और मालव्य जैसे 3 शुभ राजयोग बनेंगे. देवघर के ज्योतिषाचार्य पंडित नंद किशोर मुद्गल के अनुसार इसका असर सभी राशियों पर पड़ेगा. हालांकि, कर्क, सिंह और तुला राशि वालों की सोई किस्मत जागेगी और धन लाभ के प्रबल योग हैं.
देवघरः अक्टूबर का महीना शुरू होते ही ग्रह-नक्षत्रों की चाल में बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सभी ग्रह एक निश्चित समय अंतराल पर राशि परिवर्तन करते हैं और इन बदलावों का असर अलग-अलग राशियों के जातकों के जीवन में दिखाई देता है. किसी के लिए ग्रहों की चाल नए अवसर लेकर आती है, तो किसी को अपने कामकाज और फैसलों में थोड़ा संभलकर चलना पड़ता है. ऐसे में अक्टूबर का महीना भी ग्रहों की हलचल के लिहाज से खास रहने वाला है.
इस दौरान कुछ बड़े ग्रह अपनी राशि बदलेंगे, जिससे कई तरह के ज्योतिषीय संयोग बनने वाले हैं. खास बात यह है कि इन ग्रहों की स्थिति कुछ राशियों के लिए तरक्की, धन और कामकाज से जुड़े नए रास्ते खोल सकती है. आखिर कौन सी हैं वे राशियां, जिनके लिए अक्टूबर का यह बदलाव खास रहने वाला है और ग्रहों की चाल उनके जीवन में क्या असर डाल सकती है. आइये जानते हैं देवघर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य से.
क्या कहते हैं देवघर के ज्योतिषाचार्य?
देवघर के ज्योतिषाचार्य पंडित नंद किशोर मुद्गल ने लोकल 18 को बताया कि अक्टूबर माह में सूर्य, शुक्र, बुध और गुरु जैसे महत्वपूर्ण ग्रहों की स्थिति में परिवर्तन देखने को मिलेगा. सूर्य कन्या राशि से निकलकर तुला राशि में प्रवेश करेंगे, जबकि बुध पहले से ही तुला राशि में विराजमान रहेंगे. इसके अलावा शुक्र भी तुला राशि में प्रवेश करेंगे और गुरु कर्क राशि में गोचर करेंगे. ग्रहों की इन बदलती स्थितियों से अक्टूबर में बुधादित्य राजयोग, त्रिग्रही योग और मालव्य राजयोग जैसे संयोग बनने वाले हैं.
ज्योतिषाचार्य के अनुसार इन ग्रह स्थितियों का असर सभी राशियों पर अलग-अलग रूप में पड़ेगा, लेकिन तीन राशियां ऐसी हैं. जिन्हें इस अवधि में विशेष लाभ मिलने की संभावना बन रही है. इन जातकों को करियर, आर्थिक स्थिति, कारोबार और निजी जीवन से जुड़े मामलों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं. हालांकि किसी भी बड़े फैसले में परिस्थितियों को समझकर आगे बढ़ना जरूरी रहेगा.
इन तीन राशियों की बल्ले-बल्ले
- कर्क राशिः अक्टूबर का महीना कर्क राशि के जातकों के लिए कई मामलों में राहत और नए अवसर लेकर आ सकता है. कामकाज के क्षेत्र में आगे बढ़ने के मौके मिल सकते हैं और लंबे समय से अटके किसी काम में गति आने की संभावना बन सकती है. आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत मिल सकते हैं और आय के नए साधनों पर भी विचार बन सकता है. परिवार में माहौल बेहतर रहेगा और आत्मविश्वास बढ़ने से महत्वपूर्ण फैसले लेने में मदद मिलेगी.
- सिंह राशिः सिंह राशि वालों के लिए ग्रहों का यह बदलाव करियर और व्यापार से जुड़े मामलों में नई दिशा दे सकता है. नौकरी करने वाले जातकों को कार्यस्थल पर अपनी मेहनत का लाभ मिलने की संभावना है और जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं. व्यापार करने वालों को नए संपर्क और काम के अवसर मिल सकते हैं. धन से जुड़े मामलों में भी स्थिति पहले की तुलना में बेहतर हो सकती है, लेकिन खर्च और निवेश में संतुलन बनाए रखना जरूरी रहेगा.
- तुला राशिः तुला राशि के जातकों के लिए अक्टूबर का महीना खास रहने वाला है, क्योंकि इस दौरान कई महत्वपूर्ण ग्रहों की स्थिति इसी राशि से जुड़ने वाली है. नौकरी और व्यवसाय में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं और आपकी कार्यक्षमता लोगों के सामने बेहतर तरीके से आ सकती है. आर्थिक मामलों में लाभ के रास्ते खुल सकते हैं और नई योजना पर काम शुरू करने का मौका मिल सकता है. सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ने के साथ पुराने संपर्क भी भविष्य में आपके लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं.