Last Updated:
मोटे अनाज से तैयार लड्डू में शक्कर का बिल्कुल प्रयोग नहीं किया गया है. इन्हें पूरी तरह से शुद्ध देसी घी और गुड़ के मिश्रण से तैयार किया जाता है. इन लड्डुओं को बनाने में कई प्रकार के पौष्टिक मोटे अनाजों का उपयोग होता है. जैसे ज्वार, बाजरा और रागी, कोदो, चीना और कुट्टू, के साथ विभिन्न प्रकार के ड्राई फ्रूट्स. शिवांग जायसवाल ने बताया कि इन लड्डुओं को बनाने की प्रक्रिया सामान्य मिठाइयों से अलग है. सबसे पहले सभी मोटे अनाजों के आटे और मेवों को देसी घी में धीमी आँच पर भुना जाता हैं.
बहराइच: बाजार में मिठाइयों की भरमार है, लेकिन सेहत के प्रति जागरूक लोगों के लिए शुद्ध और पौष्टिक मीठा चुनना एक अहम फैसला होता है. लोगों की इसी जरूरत और पसंद को ध्यान में रखते हुए मिलेट्स गैलरी कृषि भवन में मोटे अनाज और मेवे से बने विशेष लड्डू तैयार किए जा रहे हैं. बिना शक्कर वाले यह देसी घी के लड्डू न केवल स्वादिष्ट हैं, बल्कि सेहत के लिए भी पूरी तरह से फायदेमंद और सुरक्षित हैं.
1% भी शक्कर नहीं, मोटे अनाजों का अनूठा मिश्रण
मिलेट्स गैलरी के संचालक शिवांग जायसवाल के अनुसार, इन लड्डुओं में शक्कर का बिल्कुल प्रयोग नहीं किया गया है. इन्हें पूरी तरह से शुद्ध देसी घी और गुड़ के मिश्रण से तैयार किया जाता है. इन लड्डुओं को बनाने में कई प्रकार के पौष्टिक मोटे अनाजों का उपयोग होता है. जैसे ज्वार, बाजरा और रागी, कोदो, चीना और कुट्टू, के साथ विभिन्न प्रकार के ड्राई फ्रूट्स. शिवांग जायसवाल ने बताया कि इन लड्डुओं को बनाने की प्रक्रिया सामान्य मिठाइयों से अलग है. सबसे पहले सभी मोटे अनाजों के आटे और मेवों को देसी घी में धीमी आँच पर भुना जाता हैं. इसके बाद इसमें पिघला हुआ गुड़ मिलाकर लगभग 1 से 1.5 घंटे तक अच्छी तरह पकाया जाता है. फिर मिश्रण को आंच से उतारकर लड्डू बांधे जाते हैं.
₹600 प्रति किलो है कीमत, अधिकारियों में भी भारी मांग
इन पौष्टिक लड्डुओं की कीमत ₹600 प्रति किलोग्राम रखी गई है. स्वाद और शुद्धता के कारण इनकी मांग तेजी से बढ़ रही है. न केवल स्थानीय लोग, बल्कि लखनऊ और बाराबंकी जैसे दूर-दराज के जिलों से भी लोग इन्हें खरीदने पहुंच रहे हैं. यहां तक कि जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी जैसे डीएम और सीडीओ भी इन लड्डुओं को विशेष रूप से मंगाते हैं.
शुद्धता और सेहत का पूरा भरोसा ग्राहक ने बताया स्वाद
मिलेट्स गैलरी पहुँचे ग्राहक अरविंद कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह लड्डू बाजार में मिलने वाली मिलावटी मिठाइयों का एक बेहतरीन विकल्प है. यह बाजरा और रागी जैसे मोटे अनाजों से बना है और सीधे किसानों के यहां से आई सामग्री से तैयार होता है. इसमें कोई केमिकल या कीटनाशक नहीं होता, जिससे यह पचने में आसान और सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है. यदि आप भी रसायन-मुक्त और शुद्ध देसी घी से बने इन मिलेट्स लड्डुओं का स्वाद लेना चाहते हैं, तो इन्हें कृषि भवन स्थित मिलेट्स गैलरी से प्राप्त कर सकते हैं.