Last Updated:
Himachal Grenade News: हिमाचल के सोलन जिले के नालागढ़ के दयोली गांव में दो ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस ने मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद और उसकी पत्नी किरना को गिरफ्तार किया है. डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई है.दो गुटों की लड़ाई के बाद ग्रेनेड मिला था.
जांच के दौरान पुलिस टीम ने बुधवार को आरोपी के मकान से लगते खेत से एक और ग्रेनेड बरामद किया.
नालागढ़. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ के बरुआ पंचायत के दयोली गांव दो ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया. मामले में पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, पहले मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ निवासी मजरा, डाकघर बरूणा को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद उसकी पत्नी किरना को भी गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है.
जांच के दौरान पुलिस टीम ने बुधवार को आरोपी के मकान से लगते खेत से एक और ग्रेनेड बरामद किया. इससे पहले भी एक ग्रेनेड बरामद किया जा चुका है. पुलिस के मुताबिक दोनों बरामद ग्रेनेड को बम निरोधक दस्ते की सहायता से निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया. आरोपी के घर और आसपास के क्षेत्र में भी गहन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन पुलिस को कोई अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की गहन जांच के लिए डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया है. पुलिस थाना नालागढ़ में 29 सितंबर 2026 को आम्स एक्ट की धारा 25(1)(a) तथा एक्सप्लोसिव सबस्टान्ससिस एक्ट, 1908 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब बरामद ग्रेनेड के स्रोत और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है तथा आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है. एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि लड़ाई के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ग्रेनेड फेंका था. हालांकि, पुलिस ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, मंगलवार को माजरा-दियोली में ग्रेनेड मिला था और पुलिस ने मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ को गिरफ्तार करने के बाद उसकी पत्नी किरना को भी गिरफ्तार कर लिया है. 29 सितंबर को यहां पर दो पक्षों में लड़ाई हो गई थी और फिर जब पुलिस जांच के लिए पहुंची तो घर के पास ग्रेनेड मिला था. सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के घरों को खाली करवाया गया था. ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि ये ग्रेनेड कहां से आए और कौन इन्हें यहां लाया था.
थाने के पास बम ब्लास्ट
गौर रहे कि नालागढ़ में पहले भी एक थाने के पास ब्लास्ट हो चुका है. इस आंतकी हमले में एनआईए की टीम जांच कर रही है और अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है.