‘कौन से वाले पापा’ कहने पर शख्स को कोर्ट ने भेजा जेल, कुछ भी बोल देने वालों के लिए नसीहत है ये घटना

‘कौन से वाले पापा’ कहने पर शख्स को कोर्ट ने भेजा जेल, कुछ भी बोल देने वालों के लिए नसीहत है ये घटना


होमताजा खबरDelhi

‘कौन से वाले पापा’ कहने पर शख्स को कोर्ट ने भेजा जेल, क्‍या था मामला?

Last Updated:

दिल्ली में ‘कौन से वाले पापा’ कहने पर एक शख्स को कोर्ट ने दोषी माना है. कोर्ट ने इसे महिला के चरित्र पर उंगली उठाना माना. यह घटना उन लोगों के लिए नसीहत है जो बिना सोचे-समझे कुछ भी बोल देते हैं.

Zoom

‘कौन से वाले पापा’ कहने पर शख्स को कोर्ट ने भेजा जेल, कुछ भी बोल देने वालों के लिए नसीहत है ये घटना सांकेतिक फोटो.

दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में एक शख्स की टिप्पणी ने उसे जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. ‘कौन से वाले पापा आ गए’ कहने पर दिल्ली की अदालत ने उसे दोषी ठहराया. कोर्ट ने इसे महिला की इज्जत और चरित्र पर उंगली उठाना, माना. यह घटना उन लोगों के लिए एक बड़ी नसीहत है जो मन में जो कुछ भी आए उसे बोल देते हैं और अपने कुतर्कों से उसे जस्टिफाई भी करते हैं.

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक दिल्ली की एक अदालत ने एक आदमी को महिला की इज्जत का अपमान करने का दोषी माना है. उस शख्स का अपराध ये था कि उसने एक महिला से बिना किसी वजह के कहा था कि “कौन से वाले पापा आ गए?” इस बारे में जज मोक्षा बेन्स ने 24 सितंबर के फैसले में कहा कि यह बात बच्चे के पिता के बारे में साधारण सवाल नहीं थी. इसमें साफ तौर पर महिला की इज्जत और चरित्र पर आरोप लगाया गया था. जज ने कहा, “जब किसी महिला से इस तरह की बात कही जाए तो यह साधारण पूछताछ नहीं रह जाती. इसका साफ मतलब यह निकलता है कि बच्चे के एक से ज्यादा पापा हो सकते हैं.”

बता दें कि मामला 6 साल पहले का है. जब 23 मार्च 2021 को पश्चिम विहार निवासी प्रियंका गुप्ता अपनी 3 साल की बेटी के साथ आरबीआई एन्क्लेव गेट के पास खड़ी थीं. उस वक्त छोटी बच्ची काफी रो रही थी और प्रियंका उसे लगातार चुप करा रही थीं. जब बच्ची चुप नहीं हुई तो उन्होंने कहा, ‘देखो पापा आ गए, अब रोओ मत, चुप हो जाओ.’ तभी गेट के ही नजदीक कपड़े प्रेस करने वाली ठेली चलाने वाले गिरधारी लाल अचानक बोल पड़े, ‘कौन से वाले पापा आ गए?’

गिरधारी लाल की यह बात सुनकर महिला कुछ नहीं बोली. तभी वहां बच्ची के पापा आ गए और बेटी को कार में बिठाकर ले गए. हालांकि घर पहुंचकर प्रियंका ने ये बात अपने ससुर को बताई. ससुर ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और गिरधारी लाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई.

जब मामला कोर्ट पहुंचा तो गिराधारी लाल पर मुकदमा चला और दोनों पक्षों की बातें सुनी गईं. इस दौरान जब गिरधारी लाल से उनकी टिप्पणी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ऐसा कहने में उनकी गलत नीयत नहीं थी, उन्होंने बस ऐसे ही यह बात बोल दी थी.

इस पर जज मोक्षा बेंस ने कहा कि कौन से वाले पापा आ गए…का मतलब यह निकाला जा सकता है कि महिला के कई पुरुष दोस्त हैं और बच्चे के असली पिता पर शक जताया जा रहा है. यह कोई सामान्य टिप्पणी नहीं है. अदालत ने उनकी सफाई नहीं मानी. जज ने कहा, “आरोपी का कहना कि बात बिना बुरी नीयत के कही गई, सिर्फ एक खोखला दावा है. कोई ऐसी परिस्थिति सामने नहीं आई जिससे इस बात का कोई मासूम मतलब निकल सके.”



Source link