राहुल द्रविड़ के बेटे ने 211.11 के स्ट्राइक रेट से ठोके रन, आर्यवीर सहवाग ने भी अंडर 19 डेब्यू पर खेली तूफानी पारी

राहुल द्रविड़ के बेटे ने 211.11 के स्ट्राइक रेट से ठोके रन, आर्यवीर सहवाग ने भी अंडर 19 डेब्यू पर खेली तूफानी पारी


होमखेलक्रिकेट

द्रविड़ के बेटे का धमाका, आर्यवीर सहवाग ने भी U19 डेब्यू पर खेली तूफानी पारी

Last Updated:

Anvay Dravid and Aaryavir Sehwag shine: राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटों अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग ने इंडिया अंडर-19 के लिए डेब्यू करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया. आर्यवीर ने ओपनर के रूप में आक्रामक शुरुआत दी, जबकि अन्वय ने नंबर छह पर उतरकर तूफानी पारी खेली. दोनों युवा सितारों की इस बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 को पहले यूथ वनडे में सात रन से हरा दिया.

Zoom

द्रविड़ और सहवाग के बेटों ने मचाया धमाल.

नई दिल्ली. राहुल द्रविड़ की धैर्य से भरी ‘द वॉल’ वाली छवि और वीरेंद्र सहवाग की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी भारतीय क्रिकेट के इन दो दिग्गजों के बिना क्रिकेट की कहानियों का पन्ना अधूरा सा लगता है. जब भारतीय फैंस को सहवाग की पहली गेंद पर बाउंड्री और द्रविड़ के सॉलिड डिफेंस की याद सताती है, ठीक उसी बीच मैदान पर एक नया दौर दस्तक दे रहा है. राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में जब बारिश से प्रभावित पहले यूथ वनडे में भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमें आमने-सामने थीं, तो नजरें केवल मुकाबले पर नहीं, बल्कि उन दो युवाओं पर टिकी थीं जिनके उपनाम में भारतीय क्रिकेट का शानदार इतिहास छुपा है.

हम बात कर रहे हैं अन्वय द्रविड़ (Anvay Dravid) और आर्यवीर सहवाग (Aaryavir Sehwag) की. दोनों ही अपने-अपने पिता की तरह क्रिकेट की राह चुन चुके हैं और अब भारतीय जूनियर टीम की नीली जर्सी में अपने हुनर का जलवा बिखेर रहे हैं. तीन मैचों की इस सीरीज के पहले मुकाबले में इन दोनों स्टार किड्स ने अपनी छाप छोड़ी और दिखा दिया कि वे सिर्फ बड़े नामों का साया नहीं, बल्कि अपनी अलग पहचान बनाने का दम-खम भी रखते हैं.

आर्यवीर का पहला मैच और आक्रामक शुरुआत
आर्यवीर सहवाग ने अपने पिता की ही तरह पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी संभाली. भारत अंडर-19 टीम के लिए यह उनका पहला ही मैच था. जैसे ही वे क्रीज पर उतरे, उनकी आक्रामक सोच में वीरू की झलक साफ दिखाई दी. उन्होंने मैदान के चारों तरफ शानदार शॉट्स लगाए और 26 गेंदों में 28 रनों की एक तेज-तर्रार पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 5 बेहतरीन चौके निकले. उन्होंने कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी के साथ मिलकर भारत को एक मजबूत और आक्रामक शुरुआत दी. दोनों ने केवल 6.1 ओवरों में पहले विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी निभाई, जिसमें कप्तान रायचंदानी ने 15 गेंदों पर 15 रनों का योगदान दिया. आर्यवीर की इस शुरुआत ने टीम को शुरुआती गति प्रदान की, जो बारिश से बाधित मैच में काफी अहम साबित हुई.

अन्वय द्रविड़ का तूफानी फिनिश
दूसरी ओर, मध्यक्रम को संभालने और पारी को फिनिशिंग टच देने की जिम्मेदारी अन्वय द्रविड़ के कंधों पर थी. दाएं हाथ के 17 वर्षीय इस विकेटकीपर-बल्लेबाज का अंदाज अपने पिता की पारंपरिक बल्लेबाजी से थोड़ा अलग और आज के दौर की टी-20 शैली से मेल खाता दिख रहा था. नंबर छह पर बल्लेबाजी करने उतरे अन्वय ने आते ही गेंदबाजों पर धावा बोल दिया. उन्होंने मात्र 18 गेंदों का सामना किया और 211.11 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से 38 रन कूट डाले. अन्वय की इस आतिशी पारी में 2 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे.

इंडिया अंडर-19 ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 को हराया
अन्वय ने यशवर्धन चौहान के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए महज 34 गेंदों में 69 रनों की तूफानी पार्टनरशिप की. दोनों की इस आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर भारत अंडर-19 टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 182 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया.जवाब में ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम 7 विकेट पर 175 रन ही बना सकी और सात रन से मुकाबला हार गई.

अन्वय का श्रीलंका दौरे का प्रदर्शन
यह पहली बार नहीं है जब अन्वय ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया हो. इससे पहले जुलाई 2026 में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई यूथ वनडे सीरीज में भी वे भारतीय टीम का हिस्सा थे. हैम्बंटोता में खेले गए दूसरे यूथ वनडे में उन्होंने 67 गेंदों पर 87 रनों की यादगार पारी खेली थी, हालांकि उस मैच में भारत 285 रनों का बचाव नहीं कर पाया था और उसे आठ विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी.

सहवाग ब्रदर्स और डीपीएल का अनुभव
वहीं आर्यवीर की बात करें, तो वे घरेलू स्तर पर भी लगातार अपनी जगह बना रहे हैं. पिछले महीने ही उन्होंने दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस की तरफ से दो मैच खेले थे. इससे पहले 2025 में वे सेंट्रल दिल्ली किंग्स की टीम का हिस्सा रहे थे. आर्यवीर के छोटे भाई वेदांत सहवाग भी क्रिकेट के मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. हालांकि उन्हें अभी डीपीएल में डेब्यू का मौका नहीं मिला है, लेकिन सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 2026 के सीजन के लिए उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है.



Source link