Last Updated:
Bihar Flood Live: बिहार में बाढ़ का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. छपरा, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर में गंडक के तटबंध और बांध टूटने से कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया. गोपालगंज के बैकुंठपुर में शीतलपुर बांध टूटने से कई गांव प्रभावित हैं, जबकि छपरा के पानापुर में भी तटबंध टूट गया है. मुजफ्फरपुर के पारू में बांध टूटने के बाद NDRF ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाकर घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.
बिहार में बाढ़ के हालात.
पटनाः बिहार में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ बाढ़ का संकट गहरा गया. छपरा के पानापुर और बृत भगवानपुर में गंडक नदी का तटबंध टूट गया है. तटबंध टूटने के बाद पानी तेजी से आसपास के गांवों में फैल रहा है. गोपालगंज के बैकुंठपुर में शीतलपुर बांध टूटने से कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं. शीतलपुर, खोम्हारीपुर, गम्हरिया और बांसघाट मसुरियां में घरों, सड़कों और स्कूलों में पानी घुस गया है.
वहीं, मुजफ्फरपुर के पारू प्रखंड के जयमल डुमरी गांव में नारायणी गंडक का बांध टूटने के बाद दर्जनों गांवों में पानी घुस गया. बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए NDRF की 9वीं वाहिनी की 30 सदस्यीय टीम ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया. टीम ने घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर ऊंचे स्थानों पर पहुंचाया.
गोपालगंज में कई गांव बाढ़ की चपेट में
गोपालगंज के बैकुंठपुर प्रखंड के बांसघाट मसुरियां, शीतलपुर, खोम्हारीपुर और दीपउ-पकड़ी गांवों में बाढ़ का पानी फैल चुका है. कई घरों और सड़कों पर पानी भर गया है. आधा दर्जन से अधिक सरकारी विद्यालयों में भी पानी घुस गया है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हुई है. घरों में पानी घुसने से लोगों का सामान बर्बाद हो गया है. खेतों में पानी भरने से गन्ना, मक्का और धान की फसल को भी नुकसान पहुंचा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत सामग्री पहुंचाने और प्रभावित इलाकों में नाव की व्यवस्था करने की मांग की है.
घरों में रखा सामान पानी में बर्बाद
बांसघाट मसुरियां गांव में कई परिवारों के घर बाढ़ के पानी में डूब गए हैं. ग्रामीणों के मुताबिक, तटबंध टूटने के बाद रात में अचानक पानी बढ़ा और देखते ही देखते घरों में घुस गया. लोगों को सामान समेटने तक का मौका नहीं मिला. अनाज, कपड़े और बच्चों की किताबें पानी में बर्बाद हो गईं. परिवारों ने किसी तरह बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.
पारू में NDRF ने देर रात चलाया रेस्क्यू
मुजफ्फरपुर के पारू प्रखंड के जयमल डुमरी गांव में बांध टूटने के बाद बाढ़ का पानी दर्जनों गांवों तक पहुंच गया. इसके बाद NDRF की 9वीं वाहिनी की 30 सदस्यीय टीम ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया. बाढ़ से घिरे घरों तक पहुंचकर टीम ने फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को प्राथमिकता के आधार पर निकाला गया.
छपरा के पानापुर में भी टूटा तटबंध
छपरा के पानापुर प्रखंड में बृत भगवानपुर के पास गंडक नदी का तटबंध टूट गया. इसके बाद पानी आसपास के गांवों की ओर तेजी से फैलने लगा. ग्रामीण सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं. प्रशासन और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं. तटबंध टूटने के बाद प्रभावित इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.