Last Updated:
Lal Bhaji Aalu Sabji Recipe: लाल भाजी और आलू की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले लाल भाजी को अच्छी तरह से साफ कर लें. भाजी की खराब पत्तियों और डंठल को अलग करने के बाद इसे बारीक काट लें. कटी हुई लाल भाजी को साफ पानी से दो बार अच्छी तरह धोएं और अतिरिक्त पानी निकाल दें ताकि सब्जी बनाते समय मिट्टी या गंदगी न रहे.
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के घरों में हरी और लाल भाजी का इस्तेमाल पारंपरिक तौर पर खूब किया जाता है. खासकर लाल भाजी की सब्जी स्वाद के साथ-साथ घर के खाने में एक अलग ही देसी स्वाद जोड़ देती है. अगर आप भी रोज-रोज एक जैसी सब्जी खाकर बोर हो गए हैं, तो आज हम आपको लाल भाजी और आलू की सब्जी की ऐसी आसान रेसिपी बता रहे हैं, जिसे बनाने में ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसमें लाल भाजी, आलू, टमाटर, हरी मिर्च और लहसुन जैसी सामान्य चीजों का इस्तेमाल किया जाता है. कम समय में तैयार होने वाली यह सब्जी गरमागरम रोटी या चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है.
इसे बनाने के लिए सबसे पहले लाल भाजी को अच्छी तरह साफ कर लें. भाजी की खराब पत्तियों और डंठल को अलग करने के बाद इसे बारीक काट लें. कटी हुई लाल भाजी को साफ पानी से दो बार अच्छी तरह धोकर अतिरिक्त पानी निकाल दें ताकि सब्जी बनाते समय मिट्टी या गंदगी न रहे.
आलू को काटकर रखें तैयार
अब दो आलू लें और उन्हें छीलकर बारीक टुकड़ों में काट लें. कटे हुए आलू को भी पानी से अच्छी तरह धो लें. इससे आलू पर लगी अतिरिक्त मिट्टी और स्टार्च निकल जाएगा और सब्जी बनाते समय आलू अच्छी तरह पकेंगे.
हरी मिर्च और लहसुन का लगाएं तड़का
अब कड़ाही को गैस पर गर्म करें. इसमें तेल डालकर गर्म होने दें. इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च और लहसुन डालकर अच्छी तरह भूनें. लहसुन की खुशबू आने लगे, तो समझिए सब्जी का तड़का तैयार है.
आलू को अच्छे से भून लें
तड़का तैयार होने के बाद इसमें कटे हुए आलू डालें. आलू को मध्यम आंच पर अच्छी तरह चलाते हुए तब तक भूनें, जब तक उनका रंग हल्का भूरा न हो जाए. आलू को पहले भूनने से सब्जी का स्वाद और बेहतर हो जाता है.
लाल भाजी और टमाटर डालकर पकाएं
जब आलू अच्छे से भुन जाएं, तो इसमें कटी हुई लाल भाजी डाल दें. लाल भाजी को आलू के साथ करीब पांच मिनट तक पकाएं. इसके बाद इसमें कटे हुए टमाटर डालें और करीब पांच मिनट तक पकने दें, जब तक टमाटर अच्छी तरह गल न जाए.
नमक डालकर तैयार करें स्वादिष्ट सब्जी
अब स्वादानुसार नमक डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर करीब पांच मिनट तक और पकाएं. जब आलू पूरी तरह पक जाए और लाल भाजी भी अच्छी तरह गल जाए, तो गैस बंद कर दें. तैयार है घर पर आसानी से बनने वाली स्वादिष्ट लाल भाजी और आलू की देसी छत्तीसगढ़िया सब्जी. इसे गरमागरम रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है.