Last Updated:
ऋषिकेश सिर्फ गंगा घाट, मंदिरों और पहाड़ों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने खूबसूरत कैफे और सुकून भरे माहौल के लिए भी लोगों के बीच खास पहचान रखता है. अगर आपको कॉफी की चुस्कियों के साथ गंगा, पहाड़ और हरियाली का नजारा देखना पसंद है, तो शहर में कई ऐसे कैफे हैं जहां कुछ घंटे आराम से बिताए जा सकते हैं.
ऋषिकेश घूमने आए हैं और कॉफी के साथ गंगा का खूबसूरत नजारा देखना चाहते हैं, तो लिटिल बुद्धा कैफे आपकी लिस्ट में हो सकता है. यह लक्ष्मण झूला रोड पर स्थित है. यहां से गंगा और आसपास की पहाड़ियों का अच्छा नजारा दिखाई देता है. कैफे की सजावट भी काफी अलग है. लकड़ी का काम, बोहो अंदाज और आरामदायक बैठने की जगह यहां का माहौल काफी सुकून भरा बनाती है. दोस्तों के साथ बैठने या अकेले कुछ वक्त बिताने के लिए भी यह जगह पसंद की जाती है.
यहां खाने-पीने के लिए भी कई विकल्प मिल जाते हैं. भारतीय खाने के साथ इटैलियन, इजरायली, मैक्सिकन और तिब्बती व्यंजन भी मिलते हैं. पिज्जा, पास्ता, मोमोज, थुकपा, सलाद और अलग-अलग तरह की कॉफी और ड्रिंक्स यहां मेन्यू में शामिल हैं. नाश्ते के लिए भी कई विकल्प मिलते हैं. अगर आप गंगा किनारे घूमने के बाद ऐसी जगह तलाश रहे हैं जहां आराम से बैठकर खाना और आसपास का नजारा दोनों मिल जाएं, तो लिटिल बुद्धा कैफे एक्सप्लोर किया जा सकता है.
लक्ष्मण झूला इलाके में स्थित ओम फ्रीडम कैफे भी ऋषिकेश के उन कैफे में शामिल है जहां खाने के साथ आसपास का माहौल देखने का मौका मिलता है. यहां बैठने की जगह को काफी आरामदायक तरीके से सजाया गया है. लकड़ी का काम, पौधे और खुले बैठने की व्यवस्था कैफे को सुकून वाला माहौल देते हैं. यहां दोस्तों के साथ बैठने के अलावा अकेले किताब पढ़ते हुए या कॉफी का आनंद लेते हुए भी कुछ समय बिताया जा सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
यहां भारतीय खाने के साथ कॉन्टिनेंटल, इजरायली और फास्ट फूड के कई विकल्प मिलते हैं. थुकपा, पिज्जा, पैनकेक, डेजर्ट और अलग-अलग तरह के पेय मेन्यू में मिल जाते हैं. अगर घूमते-घूमते आपका मन कुछ अच्छा खाने और साथ में आराम करने का हो, तो यह जगह काम आ सकती है. खासकर शाम के समय कैफे का माहौल और आसपास की रोशनी इसे और खूबसूरत बना देती है.
लक्ष्मण झूला इलाके में स्थित गुड टाइम्स कैफे अपने खूबसूरत माहौल और छत से दिखने वाले गंगा के खूबसूरत नजारे के लिए जाना जाता है. ये कैफे डॉ. के.एल. कोठारी क्लिनिक के ऊपर स्थित है. यहां बैठने के लिए अंदर के साथ छत पर भी जगह है. शाम के समय यहां से आसपास की रोशनी और ऋषिकेश का माहौल देखने का अलग ही मजा है. लकड़ी की सजावट और खुली जगह इसे बाकी सामान्य कैफे से थोड़ा अलग लुक देती है.
यहां भारतीय खाने के साथ इजरायली और दूसरे विदेशी व्यंजनों के विकल्प भी मिलते हैं. मेन्यू में पिज्जा, कश्मीरी पुलाव, सलाद और कई तरह के पेय शामिल हैं. कुछ खास ड्रिंक्स और कैफे वाले स्नैक्स भी यहां मिल जाते हैं. अगर आपका मूड सिर्फ जल्दी से कॉफी पीकर निकलने का नहीं, बल्कि आराम से बैठकर बातें करने और आसपास का नजारा देखने का है, तो गुड टाइम्स कैफे का रूफटॉप माहौल आपको पसंद आ सकता है.
खाने-पीने के लिए यहां कैफे फूड के साथ उत्तर भारतीय व्यंजनों के विकल्प भी मिलते हैं. अलग-अलग पेय और पास्ता जैसे आइटम भी मेन्यू में शामिल हैं. यहां का नींबू और पुदीने वाला पेय भी लोगों को पसंद आता है. अगर आप किसी बहुत फॉर्मल रेस्टोरेंट के बजाय ऐसी जगह चाहते हैं जहां आराम से बैठें, कुछ खाएं और बातचीत करते हुए शाम गुजारें, तो चिल आउट कैफे एक अलग अनुभव दे सकता है.