बिहार के पते से भारतीय पासपोर्ट और पाकिस्तानी नंबरों का कनेक्शन, दो मामलों ने बढ़ाई सुरक्षा एजेंसियों की टेंशन

बिहार के पते से भारतीय पासपोर्ट और पाकिस्तानी नंबरों का कनेक्शन, दो मामलों ने बढ़ाई सुरक्षा एजेंसियों की टेंशन


Last Updated:

Bihar Connection Threat National Security: बिहार से जुड़े दो अलग-अलग मामलों ने देश की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा बलों ने बिहार के अररिया निवासी एक व्यक्ति को पकड़ा है. उसके मोबाइल में एक दर्जन से अधिक पाकिस्तानी नंबर मिलने और VPN कनेक्शन इस्तेमाल करने का खुलासा हुआ है. दूसरी ओर, बिहार पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के मुताबिक, 31 अफगानी नागरिकों ने बिहार के पते पर भारतीय पासपोर्ट बनवाए हैं. दो बांग्लादेशी नागरिकों के भी बिहार के पते पर पासपोर्ट बनवाने की जानकारी सामने आई है.

Zoom

बिहार से देश की सुरक्षा पर दो बड़े सवाल, 31 अफगानियों के भारतीय पासपोर्ट बनावाए और बॉर्डर पर अररिया का युवक पकड़ाया.

पटना. देश की सुरक्षा से जुड़ी दो बड़ी खबरों ने जांच एजेंसियों को हैरान कर दिया है. खास बात है दोनों का कनेक्शन बिहार से जुड़ा हुआ है. पहली खबर जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले से है जहां भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर के पास सुरक्षा बलों ने बिहार के अररिया जिले के रहने वाले एक संदिग्ध शख्स को पकड़ा है. वहीं, दूसरी और सबसे बड़ी खबर पटना पुलिस मुख्यालय से आई है जहां 31 अफगानी नागरिकों के बिहार के पते पर भारतीय पासपोर्ट बनवाए जाने का खुलासा हुआ है. दोनों मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं. पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के मुताबिक, 31 अफगानी नागरिकों ने बिहार के पते पर भारतीय पासपोर्ट बनवा लिए हैं. इनमें 30 अफगानी नागरिकों के पासपोर्ट पटना के पते पर, जबकि एक नागरिक का पासपोर्ट दरभंगा के पते पर बनाए जाने की जानकारी सामने आई है. इसके अलावा दो बांग्लादेशी नागरिकों के भी बिहार के पते पर पासपोर्ट बनवाने की सूचना है.

विदेश और गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के बाद जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिलों के प्रशासन को जांच के निर्देश दिए हैं. विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है. पुलिस मुख्यालय की ओर से पटना और दरभंगा समेत संबंधित जिलों के अधिकारियों को यह पता लगाने को कहा गया है कि विदेशी नागरिकों के नाम पर बिहार के पते से पासपोर्ट कैसे जारी हुए. जांच में पासपोर्ट आवेदन, पते के सत्यापन और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा सकती है.

कानून सम्मत कार्रवाई के साथ रिपोर्ट तलब

पुलिस मुख्यालय ने संबंधित डीएम, एसपी और एसएसपी को जांच के बाद विधि सम्मत कार्रवाई करने और रिपोर्ट भेजने को कहा है. फिलहाल यह जांच का विषय है कि पासपोर्ट बनवाने में किन लोगों की भूमिका रही और सत्यापन की प्रक्रिया में कहां चूक हुई. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट होगी.

अररिया के युवक का पाकिस्तान संपर्क से बढ़ी चिंता

इसके पहले जम्मू-कश्मीर के सांबा में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा एजेंसियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है. पकड़े गए शख्स की पहचान बिहार के अररिया जिले के रहने वाले तारा चंद के रूप में हुई है. सुरक्षा एजेंसियों को उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान एक दर्जन से ज्यादा पाकिस्तानी मोबाइल नंबर मिले हैं. तारा चंद जम्मू जिले के अरनिया इलाके में किराये के मकान में रह रहा था. वह सांबा जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पहुंचा था, जहां सुरक्षा बलों की नजर उस पर पड़ी. संदेह होने पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.

पूछताछ जारी, हो सकते हैं चौंकाने वाले खुलासे

पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच के दौरान उसके फोन में कई पाकिस्तानी नंबर मिले. उसके मोबाइल में एक दर्जन से ज्यादा पाकिस्तानी नंबर सेव थे. इसके अलावा उसके मोबाइल में VPN कनेक्शन के इस्तेमाल की बात सामने आई है. बता दें कि VPN यानी वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क का इस्तेमाल इंटरनेट कनेक्शन की पहचान और लोकेशन को छिपाने या बदलने के लिए किया जा सकता है. इस मामले में सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि तारा चंद ने VPN का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया था.

दोनों घटनाओं के तार जुड़े होने की आशंका पर जांच

एक तरफ बॉर्डर पर पाकिस्तानी नंबरों के साथ बिहारी युवक की गिरफ्तारी और दूसरी तरफ बिहार के पते पर अफगानी और बांग्लादेशी नागरिकों का भारतीय पासपोर्ट बनवाना, दोनों ही घटनाएं राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से बेहद गंभीर हैं. खुफिया एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं दोनों मामलों के तार आपस में तो नहीं जुड़े हैं. फिलहाल पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट कर दिया है और पासपोर्ट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं.



Source link