Last Updated:
Healthy Millet Snacks in Bhupalpally at Just Rs 100: तेलंगाना के भूपालपल्ली में कर्नाटक के रायचूर का एक व्यापारी अपनी मिलेट्स स्नैक्स वैन से लोगों का दिल जीत रहा है. यह व्यापारी महज 100 रुपये में बाजरा, ज्वार, रागी और बासमती चावल से बने 5 से 6 डिब्बे हेल्दी स्नैक्स बेच रहा है. बिना केमिकल और नुकसानदेह तेल के तैयार ये स्नैक्स जंक फूड का एक बेहतरीन और पौष्टिक विकल्प बन गए हैं. विक्रेता स्नैक्स बेचने के साथ-साथ ग्राहकों को इसे घर पर स्वादिष्ट बनाने की रेसिपी भी बता रहा है.
भूपालपल्ली. आज के समय में जब बाजार पूरी तरह से तले-भुने, पैकेटबंद चिप्स और प्रिजर्वेटिव युक्त जंक फूड से भरा पड़ा है, तब लोग एक बार फिर पारंपरिक और पौष्टिक खानपान की ओर लौट रहे हैं. तेलंगाना के जयशंकर भूपालपल्ली जिले में इन दिनों एक ऐसी ही मिलेट्स (मोटे अनाज) स्नैक्स वैन लोगों के बीच भारी चर्चा का विषय बनी हुई है. कर्नाटक के रायचूर से आया एक छोटा व्यापारी अपनी गाड़ी में बाजरा, रागी, ज्वार और बासमती चावल से तैयार पूरी तरह देसी व पौष्टिक स्नैक्स लेकर अलग-अलग शहरों में घूम रहा है. स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग इस व्यापारी के उत्पादों को हाथों-हाथ खरीद रहे हैं.
भूपालपल्ली में एचपी पेट्रोल पंप के पास और शुभम रेस्टोरेंट के ठीक सामने सड़क किनारे लगाए गए इस स्टॉल पर खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है. यह व्यापारी अपनी गाड़ी पर बाजरे के फूले, ज्वार का पोहा, रागी के स्वादिष्ट स्नैक्स और बासमती चावल से बने हल्के-फुल्के नमकीन बेच रहा है. इन उत्पादों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं और इनमें किसी भी प्रकार के केमिकल या नुकसानदेह ऑयल (तेल) का इस्तेमाल नहीं किया गया है. महंगाई के इस दौर में सबसे खास बात इन स्नैक्स की कीमत है. महज 100 रुपये में ग्राहकों को 5 से 6 बड़े डिब्बे भरकर ये पौष्टिक स्नैक्स दिए जा रहे हैं.
स्वाद के साथ बता रहे बनाने का आसान नुस्खा भी
यह विक्रेता सिर्फ अपना सामान बेचकर ही मुनाफा नहीं कमा रहा है, बल्कि वह खरीदारों को इसे घर पर और भी अधिक स्वादिष्ट बनाने का आसान नुस्खा भी साझा कर रहा है. व्यापारी लोगों को बताता है कि कैसे ज्वार के पोहे को थोड़े से तेल, करी पत्ता और हल्दी का तड़का लगाकर हल्का सा भूनकर एक बेहतरीन और सेहतमंद चाय-नाश्ता तैयार किया जा सकता है. यह नुस्खा महिलाओं को काफी पसंद आ रहा है.
हर दिन नया शहर, नया सफर
कर्नाटक के रायचूर से ताल्लुक रखने वाले इस व्यापारी के काम करने का तरीका भी बेहद अनोखा है. यह व्यापारी अपनी स्नैक्स वैन के साथ एक शहर में केवल एक दिन ही रुकता है और वहां के लोगों को हेल्दी स्नैक्स परोसने के बाद अगले दिन किसी नए कस्बे या शहर की ओर बढ़ जाता है. कम लागत में शुद्ध देसी स्वाद और बच्चों की बेहतर सेहत का यह शानदार विकल्प स्थानीय लोगों को काफी पसंद आ रहा है.