Last Updated:
सतना में 16 साल के छात्र आशीष कुमार कोल को दस्तावेजी गड़बड़ी की वजह से बहुत परेशानी हो रही है. आशीष के नाम से गलती से दो आधार कार्ड बन गए थे. बाद में दोनों कार्ड रद्द कर दिए गए. अब उसके पास कोई वैध आधार कार्ड नहीं है. इस वजह से उसकी APAAR ID नहीं बन पा रही है और 10वीं कक्षा में दाखिला भी अटक गया है.
दो आधार कार्ड के चक्कर में छात्र का भविष्य अटका
सतना. सतना में दस्तावेजी गड़बड़ी का खामियाजे का एक 16 साल के छात्र को भुगतना पड़ रहा है. कोठी वार्ड क्रमांक-2 के रहने वाले आशीष कुमार कोल के नाम से कथित तौर पर दो आधार कार्ड बन गए थे. बाद में दोनों आधार कार्ड निरस्त हो गए. अब आधार से जुड़ी समस्या के चलते उसकी APAAR ID नहीं बन पा रही है और 10वीं कक्षा में दाखिला भी अटक गया है. बेटे की पहचान संबंधी समस्या सुलझाने के लिए पिता सतना से लेकर दिल्ली तक अधिकारियों के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ.
तस्वीरों में नजर आ रहा यह छात्र आशीष कुमार कोल है. उम्र महज 16 साल है और पढ़ाई जारी रखने की उसकी पूरी कोशिश है. लेकिन दस्तावेज उलझन ने उसके सामने ऐसा संकट खड़ा कर दिया है, जिसका असर सीधे उसकी पढ़ाई पर पड़ रहा है. परिवार के मुताबिक आशीष के नाम से दो आधार कार्ड बन गए थे. बाद में दोनों निरस्त हो गए और अब उसके पास वैध आधार कार्ड नहीं है.
APAAR ID ने रोका 10वीं में दाखिला
आशीष के पिता मनोज कोल का कहना है कि बेटे के आधार से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए उन्होंने स्थानीय कार्यालयों से लेकर जिला और प्रदेश स्तर के अधिकारियों तक संपर्क किया. जब यहां भी समाधान नहीं हुआ तो वे दिल्ली तक पहुंचे, लेकिन समस्या अभी भी बनी हुई है. आशीष ने 9वीं कक्षा में पढ़ाई जारी रखी. ज्ञानदीप स्कूल के शिक्षक संजय सिंह के मुताबिक, छात्र को एक साल का समय आधार संबंधी समस्या दूर कराने के लिए दिया गया था. लेकिन अब आधार की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण उसकी APAAR ID नहीं बन पा रही है. स्कूल प्रबंधन के मुताबिक इसी वजह से 10वीं में दाखिले की प्रक्रिया भी अटक गई है.
परिवार का कहना है कि दस्तावेजी प्रक्रिया में हुई कथित गलती का खामियाजा छात्र को भुगतना पड़ रहा है. आशीष पढ़ना चाहता है और आगे बढ़ना चाहता है, लेकिन पहचान से जुड़े दस्तावेज ही उसके रास्ते में सबसे बड़ी बाधा बन गए हैं.