Last Updated:
Bihar Flood : गंडक नदी में बढ़े पानी के दबाव के बीच पूर्वी चंपारण के अरेराज प्रखंड में पुराना रिंग बांध टूट गया है. मिश्रौलिया पंचायत के सखवा टोला में रिंग बांध टूटने के बाद आसपास के कई टोलों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है.
गंडक नदी में बढ़े पानी के दबाव के बीच पूर्वी चंपारण के अरेराज प्रखंड में पुराना रिंग बांध टूट गया है.
पूर्वी चंपारण. गंडक नदी में लगातार बढ़े पानी के दबाव के बीच पूर्वी चंपारण में रिंग बांध टूटने का सिलसिला जारी है. अब अरेराज प्रखंड के मिश्रौलिया पंचायत स्थित सखवा टोला में पुराना रिंग बांध टूट गया है. बांध टूटने के बाद आसपास के कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैलना शुरू हो गया है. जानकारी के मुताबिक, गंडक नदी के बढ़े जलस्तर और लगातार पानी के दबाव के कारण सखवा टोला में पुराना रिंग बांध क्षतिग्रस्त होकर टूट गया. इसके बाद तेजी से पानी आसपास के टोलों की ओर फैल रहा है. स्थानीय लोगों के बीच भी बाढ़ को लेकर चिंता बढ़ गई है.
सुबह भी टूटा था रिंग बांध
इससे पहले रविवार सुबह अरेराज प्रखंड के ही सरेया के पांडे टोला में रिंग बांध टूट गया था. इसके कुछ घंटे बाद मिश्रौलिया पंचायत के सखवा में भी पुराना रिंग बांध टूटने की सूचना सामने आई है. लगातार दो जगह रिंग बांध टूटने से इलाके में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.
जल संसाधन विभाग पर लापरवाही के आरोप
रिंग बांध टूटने के बाद स्थानीय स्तर पर जल संसाधन विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं. लोगों का आरोप है कि गंडक नदी में लगातार पानी के दबाव के बावजूद पुराने रिंग बांध की पर्याप्त निगरानी और समय रहते जरूरी मरम्मत नहीं की गई. फिलहाल बांध टूटने के बाद बाढ़ का पानी कई टोलों में फैल रहा है. स्थानीय लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमों की ओर से राहत और बचाव को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.