Sonia Gandhi News: सीडब्ल्यूसी यानी कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मंगलवार को बैठक हुई. कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में सोनिया गांधी ने नीतीश कुमार को गद्दार कहा. कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और मौजूदा राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने कहा कि अच्छा हुआ नीतीश कुमार समय रहते चले गए, बाद में जाते तो गठबंधन को और भी अधिक नुकसान होता. सोनिया गांधी ने यह बात तब कही, जब कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में दिग्विजय सिंह बोल रहे थे.
दरअसल, कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में 2024 लोकसभा चुनाव और नीतीश कुमार के महागठबंधन से अलग होने के फैसले को लेकर चर्चा हुई थी. कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को सीडब्ल्यूसी की बैठक में नीतीश कुमार को जाने देने को कांग्रेस की बड़ी भूल बताया. दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘2024 के चुनाव से पहले नीतीश कुमार को जाने देना हमारी बड़ी भूल थी.’
दिग्विजय सिंह की किस बात पर भड़कीं सोनिया
दिग्जिविजय सिंह के बस इतना कहते ही कांग्रेस की पूर्व चीफ सोनिया गांधी भड़क उठीं. उन्होंने दिग्विजय सिंह को बीचे में ही टोक दिया और कहा कि नीतीश कुमार ‘ट्रेटर’ यानी गद्दार थे और उनका समय रहते चले जाना बेहतर रहा. उन्होंने कहा, ‘नहीं…नीतीश कुमार एक ट्रेटर (गद्दार) थे. हम भाग्यशाली थे कि वो समय रहते चले गए. बाद में जाते तो और बुरा होता.’
खरगे ने भी नीतीश पर निशाना साधा
इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी नीतीश पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘आज मैं आप लोगों को एक बात बताता हूं. वह यह कि नीतीश कुमार तो बहाने ढूंढ रहे थे कि कैसे विपक्ष को छोड़कर भागे. सड़क से भागे कि जहाज से भागे कि हाईवे पकड़े और मौका मिलते ही भाग गए. नीतीश कुमार के संयोजक बनने की कोशिश बस दिखावा थी. वह मुझसे कह चुके थे कि मैं राज्य की राजनीति करना चाहता हूं केंद्र में आपके समर्थन करना चाहता हूं.’
कांग्रेस वर्किंग कमेटी में खरगे की डिमांड
1. मतदाता सूची में होने वाले हर बड़े बदलाव का पूरा डेटा सार्वजनिक हो.
2. जिन वोटरों के नाम हटाए गए हैं, उन्हें पूरी सूचना और अपील का अवसर मिले.
3. राजनीतिक दलों को मतदाता सूची और उससे संबंधित आवश्यक डेटा सिंपल फॉर्मेट में समय पर उपलब्ध हो.
4. जहां गंभीर विसंगतियों के प्रमाण सामने आएं, वहां स्वतंत्र और समयबद्ध जांच हो.
5. चुनाव प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा और निर्णयों में खुद ऐसी पारदर्शिता हो कि किसी पक्ष को यह कहने का अवसर न मिले कि जानकारी छिपाई जा रही है.