रूस की सेना को एक बहुत बड़ा और दर्दनाक झटका लगा है. देश का न्यूक्लियर बाहुबलि माना जाने वाला ‘Tu-95’ बॉम्बर विमान क्रैश हो गया है. इस खौफनाक हादसे में विमान में सवार छह क्रू मेंबर्स की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक क्रू मेंबर गंभीर रूप से घायल हो गया. रूसी रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर इस विमान हादसे की पुष्टि कर दी है. सोवियत काल के इस दिग्गज बॉम्बर विमान के क्रैश होने से रूस के सैन्य गलियारों में हड़कंप मच गया है, क्योंकि Tu-95 रूस की परमाणु हमलावर फ्लीट का एक बेहद अहम हिस्सा माना जाता है.
कैसे क्रैश हुआ रूस का न्यूक्लियर ‘बाहुबली’?
रूस के पूर्वी अमूर इलाके में 29 सितंबर को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब वायुसेना का एक विशालकाय Tu-95 बॉम्बर विमान अचानक आसमान से नीचे गिर गया. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक ये विमान एक नियमित ट्रेनिंग उड़ान पर था. गनीमत ये रही कि ये विमान किसी रिहायशी इलाके में न गिरकर एक पूरी तरह से सुनसान और खाली जगह पर क्रैश हुआ, जिससे जमीन पर किसी आम नागरिक के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ.
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी टास के मुताबिक, रूसी रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर घटना की जानकारी दी. रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, ‘29 सितंबर को अमूर क्षेत्र में एक ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान Tu-95 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. ये विमान एक खाली और गैर-रिहायशी इलाके में गिरा है’.
मंत्रालय ने आगे बताया कि शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, इस हादसे में छह क्रू मेंबर्स की जान चली गई है, जबकि एक घायल सदस्य को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. राहत की बात सिर्फ ये रही कि जिस वक्त ये हादसा हुआ, उस वक्त बॉम्बर विमान में कोई गोला-बारूद या परमाणु हथियार लोड नहीं था. वो बिना किसी हथियारों के केवल रूटीन ट्रेनिंग के लिए उड़ान भर रहा था.
वायरल हुआ रूसी मिलिट्री के प्लेन क्रैश का वीडियो
हादसे के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के वीडियो और तस्वीरें वायरल होने लगीं. हालांकि इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि ये फुटेज दुर्घटनास्थल की ही हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान गिरने वाली जगह पर भयंकर आग लगी हुई है और आसमान में काले धुएं का गुबार उठ रहा है. बैकग्राउंड में लगातार तेज धमाकों और मलबे के चटकने की डरावनी आवाजें सुनाई दे रही हैं. विमान के क्रैश होने की असली वजह क्या रही, ये अभी तक साफ नहीं हो पाया है. रूसी सैन्य अधिकारी और जांच टीम हादसे के कारणों का पता लगाने में जुट गए हैं.
कितना ताकतवर है सोवियत दौर का Tu-95 बॉम्बर?
रूस का Tu-95 विमान कोई आम सैन्य विमान नहीं है. इसे नाटो देशों में ‘बियर’ के नाम से भी जाना जाता है और ये सोवियत संघ के जमाने का एक बेहद मशहूर और विशालकाय स्ट्रैटेजिक बॉम्बर है.
- परमाणु क्षमता: Tu-95 एक ऐसा बॉम्बर है जो दूर तक मार करने वाली क्रूज़ मिसाइलों और परमाणु बमों को ले जाने में पूरी तरह सक्षम है.
- रूसी बेड़े का स्तंभ: ये विमान सोवियत दौर में डिजाइन किया गया था और दशकों से रूसी वायुसेना के ‘न्यूक्लियर ट्रायड’ (परमाणु तिकड़ी) का एक प्रमुख हिस्सा रहा है.
- ट्रेनिंग और गश्त: युद्ध में बमबारी करने के अलावा, रूसी वायुसेना इसका इस्तेमाल लंबी दूरी की गश्त और युवा पायलटों की ट्रेनिंग के लिए लगातार करती आ रही है.
भले ही ये विमान तकनीक के मामले में काफी पुराना हो चुका है, लेकिन रूस ने इसमें समय-समय पर नए एवियोनिक्स और मिसाइल सिस्टम अपडेट किए हैं, जिससे ये आज भी दुनिया के सबसे ताकतवर सैन्य विमानों में गिना जाता है.
Tu-95 हादसों का काला इतिहास: पहले भी कई बार हो चुके हैं क्रैश
ये पहली बार नहीं है जब रूस का Tu-95 विमान किसी तकनीकी खराबी या हादसे का शिकार हुआ है. अगर पिछले आंकड़ों पर नजर डालें तो इस विमान का हादसों से पुराना नाता रहा है.
- जुलाई 2015 का हादसा: खाबरोवस्क से लगभग 80 किलोमीटर दूर एक रूटीन ट्रेनिंग के दौरान Tu-95MS विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. उस वक्त विमान में सवार 7 क्रू मेंबर्स ने पैराशूट से कूदकर जान बचाने की कोशिश की थी, लेकिन 2 सदस्यों की मौत हो गई थी. उस वक्त अधिकारियों ने हादसे की वजह तकनीकी खराबी बताई थी.
- जून 2015 का हादसा: जुलाई की घटना से महज एक महीना पहले, जून 2015 में अमूर इलाके के ही यूक्रेनका एयरबेस से उड़ान भरते समय एक Tu-95 विमान के इंजन में अचानक आग लग गई थी. विमान रनवे से फिसलकर नीचे उतर गया था, जिसमें दो क्रू मेंबर्स की मौत हो गई थी.
इन हादसों के बाद रूसी बेड़े के इन पुराने पड़ रहे विमानों के रखरखाव और उनकी तकनीकी सुरक्षा को लेकर कई बार सवाल खड़े किए जा चुके हैं.
A Tu-95 strategic missile-carrier crashed in the Amur region. Six people were killed.
Russia’s Defense Ministry said the bomber went down on Tuesday. Six died. One crew member was hospitalized. The plane fell in an uninhabited area during a training flight with no munitions on… https://t.co/lr76tdFhXl pic.twitter.com/UkYVSO3xPE