Last Updated:
Best breakfast places in Rishikesh : ऋषिकेश घूमने आए हैं या रोज सुबह काम पर निकलते हैं, तो दिन की शुरुआत अच्छे नाश्ते से होना जरूरी है. शहर में ऐसे कई ठिकाने हैं जहां स्वादिष्ट और पेट भरने वाला नाश्ता बजट में मिल जाता है. कहीं गरमागरम इडली-वड़ा और उत्तपम का स्वाद मिलेगा, तो कहीं कचौड़ी, समोसा और जलेबी. रामेश्वरम रसोई की खासियत सिर्फ दक्षिण भारतीय स्वाद ही नहीं, बल्कि इसका स्ट्रीट फूड वाला माहौल भी है. घर जैसा सादा और भरपेट नाश्ता पसंद है, तो मोम्स किचेन अच्छा ऑप्शन है. यहां वेज थाली और आलू पूरी जैसे नाश्ते के विकल्प मिलते हैं.
अगर सुबह की शुरुआत कुछ अलग और स्वादिष्ट नाश्ते से करनी है, तो रामेश्वरम रसोई का साउथ इंडियन नाश्ता ट्राई कर सकते हैं. यहां सांभर-वड़ा, रवा वेजिटेबल इडली, वेजिटेबल उत्तपम और लेमन राइस जैसे ऑप्शन मिलते हैं. कीमतें भी जेब पर भारी नहीं पड़तीं. सांभर-वड़ा 60 रुपये और रवा वेजिटेबल इडली 80 रुपये में मिलती है. गर्मागरम इडली और सांभर की खुशबू सुबह-सुबह भूख और बढ़ा देती है.
यहां का मेन्यू छोटा है, लेकिन नाश्ते के लिए काम की चीजें मिल जाती हैं. अगर एक चीज से पेट नहीं भरता तो 120 रुपये वाला कॉम्बो स्पेशल लिया जा सकता है, जिसमें रवा वेजिटेबल इडली और मेदु वड़ा शामिल हैं. इसके साथ सांभर और चटनी भी मिलती है. हल्का और सादा खाना पसंद करने वालों के लिए लेमन राइस 60 रुपये का है. वेजिटेबल उत्तपम 80 रुपये में मिल जाता है. यानी बजट में पेट भरने के कई विकल्प यहां मौजूद हैं.
रामेश्वरम रसोई की खासियत सिर्फ दक्षिण भारतीय स्वाद ही नहीं, बल्कि इसका स्ट्रीट फूड वाला माहौल भी है. सड़क किनारे लगी छोटी सी दुकान, सामने रखी कुर्सियां और वहीं तैयार होता गर्म नाश्ता इसे काफी देसी फील देता है. मेन्यू में वेजिटेबल इडली और वड़ा से लेकर उत्तपम तक कई चीजें हैं. ऊपर से कीमतें भी ऐसी हैं कि सुबह के नाश्ते के लिए ज्यादा सोचना न पड़े. यह कार्ट आपको ऋषिकेश में वीरभद्र रोड पर मिल जाएगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगर सुबह-सुबह गरमागरम कचौड़ी, समोसा और जलेबी देखकर मुंह में पानी आ जाता है, तो इस तरह के देसी नाश्ते वाले ठेले का रुख कर सकते हैं. यहां कचौड़ी, समोसा, मिर्ची वड़ा, पोहा, जलेबी और गरमा गरम चाय जैसे कई विकल्प नजर आते हैं. सबसे खास बात है कि खाना सामने ही तैयार होता दिखता है, जिससे ताजगी का एहसास मिलता है. कड़ाही में छनती कचौड़ियां देखकर सुबह की भूख अपने आप बढ़ जाती है. नाश्ता सादा भी है और पूरा देसी भी.
इस जगह का मेन्यू उन लोगों के लिए है जिन्हें सुबह हल्का-फुल्का नहीं, बल्कि अच्छे से पेट भरने वाला नाश्ता चाहिए. गरम कचौड़ी और समोसे के साथ जलेबी का कॉम्बिनेशन तो पुराना और आजमाया हुआ स्वाद है. अगर कुछ अलग खाने का मन हो तो मिर्ची वड़ा या स्पेशल पोहा भी लिया जा सकता है. मीठे में जलेबी और रबड़ी भी यहां मिल जाएगी. सड़क किनारे मिलने वाला यह नाश्ता खासकर देसी स्वाद पसंद करने वालों को खूब पसंद आ सकता है.
बात करें लोकेशन की तो ये कार्ट आपको एम्स गेट नंबर 2 के पास लगी मिलेगी. यहां आप मात्र 100 में भरपेट नाश्ता कर सकते हैं. 25 रुपये में गरमा गरम केसर वाली चाय, 20 रुपये में समोसा, 25 रुपये में कचौरी, 30 रुपये में मिर्ची वड़ा और 50 रुपये में पोहा. वो भी एकदम ताजा और स्वादिष्ट.
घर जैसा सादा और भरपेट नाश्ता पसंद है, तो मोम्स किचेन एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. यहां वेज थाली और आलू पूरी जैसे नाश्ते के विकल्प मिलते हैं. इसके अलावा पराठे, चावल, दाल और दूसरी घरेलू खाने वाली चीजें भी मेन्यू में दिखाई देती हैं. आलू प्याज पराठा 40 रुपये, गोभी पराठा 40 रुपये और पनीर पराठा 60 रुपये का है. सुबह पेट भरकर खाना हो और ज्यादा खर्च भी न करना हो, तो यहां का देसी नाश्ता काम आ सकता है.
मोम्स किचेन की सबसे अलग बात इसका घर के खाने जैसा अंदाज है. यहां चमक-दमक से ज्यादा ध्यान सीधे-सादे खाने पर दिखता है. आलू प्याज पराठा हो या पनीर पराठा, साथ में चाय और दही जैसा कुछ मिल जाए तो सुबह का नाश्ता पूरा हो जाता है. वेज थाली और आलू पूरी भी उन लोगों के लिए बढ़िया विकल्प हैं जिन्हें सुबह थोड़ा भारी खाना पसंद है.