Madhya Pradesh 30 September Weather Forecast: सितंबर का महीना बस खत्म होने ही वाला है और इसके साथ ही मध्य प्रदेश में भी मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है. प्रदेश वासियों को अब ठंड की हल्की आहट महसूस होने लगी है. पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में लगातार बारिश का दौर देखने को मिला है. इसी वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिली है. अब 30 सितंबर को मौसम का मिला-जुला रूप देखने को मिलेगा. इसमें
बताया जा रहा है कि उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्र में बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र और सक्रिय मौसमी सिस्टम का असर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है. इसी वजह से कहीं-कहीं बादल बनने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
इन जिलों में बारिश के आसार
30 सितंबर को मध्य प्रदेश के बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, कटनी, जबलपुर, मैहर, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, रीवा, पन्ना और सतना जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है. लेकिन ज्यादातर समय मौसम साफ रहने का अनुमान है. यहां पर झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं. इन जिलों के अलावा प्रदेश के बाकी हिस्से में बारिश संभावना बहुत ही कम है.
बीते 24 घंटों में खजुराहो 34.4°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा. वहीं इंदौर में न्यूनतम तापमान 16.6°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. धार में 17.4°C और पचमढ़ी में 18°C रात का तापमान दर्ज होने से इन इलाकों में भी सुबह और रात के समय ठंडक महसूस हुई.
भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में 30 सितंबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. दिन में धूप निकलने के साथ गर्मी महसूस हो सकती है. अधिकतम तापमान करीब 33°C और न्यूनतम तापमान 21°C के आसपास रह सकता है. इसके अलावा तेज हवाएं चल सकती हैं.
ग्वालियर में रात में मौसम रह सकता है ठंडा
ग्वालियर में 30 सितंबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. रात के समय मौसम ज्यादा ठंडा रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान करीब 33-34°C और न्यूनतम तापमान 22-23°C के आसपास रह सकता है. कुछ समय के लिए बादल आने और गरज-चमक की स्थिति बनने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता है.
उज्जैन में भी मौसम ज्यादातर साफ रहने की उम्मीद है। दिन में धूप के कारण तापमान बढ़ेगा, जबकि रात में हल्की ठंडक बनी रहेगी. अधिकतम तापमान करीब 32-33°C और न्यूनतम तापमान 20-21°C के आसपास रह सकता है. स्थानीय स्तर पर बादल बनने पर हल्की बौछारें भी पड़ सकती हैं.
जबलपुर में हो सकती है हल्की बारिश
जबलपुर में मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. कहीं-कहीं बादल छाने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान करीब 32-33°C और न्यूनतम तापमान 21-22°C के आसपास रहने का अनुमान है. दोपहर के समय गर्मी, जबकि सुबह और रात में मौसम सुहावना महसूस होगा.