बेगूसराय. बिहार के बेगूसराय में एक महिला के साथ होटल में दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जानलेवा हमले के आरोप का मामला सामने आया है. पीड़िता ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उसे हथियार का भय दिखाकर होटल ले जाया गया और वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया. महिला ने अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुप में वायरल करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है. अब पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं पुलिस ने इस घटना को लेकर कई अहम जानकारी दी है.
पुलिस की ओर से 29 सितंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, घटना 27 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे की है. पीड़िता स्वयं सहायता समूह से जुड़ी है और समूह की महिलाओं से ऋण की बकाया राशि की वसूली के लिए निकली थी. महिला के आवेदन के अनुसार, रास्ते में उसकी मुलाकात विक्रम नाम के युवक से हुई. आरोप है कि विक्रम उसे बाइक पर बैठाकर अलका सिनेमा के पास ले गया. वहां पहले से रोहित कुमार मौजूद था.
बातचीत के बहाने होटल ले जाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, विक्रम और रोहित उसे बातचीत के बहाने होटल ब्लू डायमंड ले गए. पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक, होटल के कमरे में पहुंचने के बाद आरोपियों ने दरवाजा बंद कर दिया. इसके बाद चाकू का भय दिखाकर महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना का वीडियो बनाया गया और उसे वायरल करने की धमकी दी गई.
पहले से वीडियो के नाम पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपियों की ओर से पहले भी अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी दी जा रही थी. वीडियो वायरल नहीं करने के बदले पैसे की मांग और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव देने का भी आरोप लगाया गया है. पुलिस ने इन आरोपों को भी FIR में शामिल किया है.
किसी तरह घर पहुंची महिला
पुलिस के अनुसार, महिला किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद वह नगर थाना पहुंची और लिखित आवेदन दिया. सूचना मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी.
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित किया
बेगूसराय पुलिस के मुताबिक, पुलिस टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित कर FSL टीम को सूचना दी है. महिला का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल, बेगूसराय में कराया जा रहा है. वहीं, नगर थाना की पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
मामले में नगर थाना कांड संख्या 451/26, दिनांक 28 सितंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने BNS की धारा 127(2), 115(2), 74, 76, 64, 3(5) और IT Act की धारा 66(C), 66(D), 67 के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले में विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.