दिल्लीवालों को तोहफा: 15KM का सफर अब 15 मिनट में, मयूर विहार से एम्स तक नो सिग्नल, आज मिल रहा नया कॉरिडोर

दिल्लीवालों को तोहफा: 15KM का सफर अब 15 मिनट में, मयूर विहार से एम्स तक नो सिग्नल, आज मिल रहा नया कॉरिडोर


दिल्ली का वर्षों पुराना इंतजार खत्म होने वाला है. आज राजधानी को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. दिल्ली के सबसे ज्यादा व्यस्त रहने वाले रूट को नया एलिवेटेड कॉरिडोर बारापूला फेज-3 मिलने जा रहा है. इससे 40 मिनट का रास्ता सिर्फ 15 मिनट में सिमट जाएगा. सबसे बड़ी बात है कि इस कॉरिडोर पर एक भी रेड लाइट नहीं है. लिहाजा गाड़ियां बिना किसी ब्रेक के फर्राटा भरेंगी.

आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली को बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर सौंपने जा रहे हैं. वे आज इस कॉरिडोर का उद्घाटन करने के साथ ही मुकरबा चौक अंडरपास का भी उद्घाटन करेंगे. इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, लोक निर्माण यानी पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा और तमाम कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे.

बता दें कि इस एलिवेटेड कॉरिडोर का सबसे बड़ा फायदा सीधे ब्लू लाइन से येलो लाइन पर जाने वालों को मिलेगा. जो महज 15 मिनट में मयूर विहार से एम्स पहुंच जाएंगे. आइए जानते हैं इस बारापूला फेज-3 फ्लाईओवर में क्या-क्या खास है?

कोई रेड लाइट नहीं, ट्रैफिक फ्री होगा कॉरिडोर
यह कॉरिडोर इसलिए भी काफी खास है कि इस पर कोई रेड लाइट नहीं होगी. यह सिग्नल फ्री कॉरिडोर होगा. एक बार अगर आप इस एलिवेटेड कॉरिडोर पर चढ़ गए तो आप बिना किसी बाधा के सीधे गंतव्य तक पहुंचेंगे. न कोई ट्रैफिक जाम होगा और न हीं कहीं रुकने का कोई झंझट.

कितने किलोमीटर लंबा है कॉरिडोर
बारापुला फेज-3 सराय काले खां से मयूर विहार फेज-1 तक बनाया गया है. यह करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर है, जिसमें रैंप और लूप मिलाकर कुल लंबाई करीब पांच किलोमीटर हो जाती है. जबकि मौजूदा बारापुला कॉरिडोर से जुड़कर कुल सिग्नल-फ्री दूरी करीब नौ किलोमीटर हो जाएगी.

कितने मिनट में सफर होगा पूरा
इस एलिवेटेड कॉरिडोर से मयूर विहार से एम्स तक का सफर सिग्नल-फ्री हो जाएगा, और पीक आवर में चालीस मिनट का सफर सिर्फ पंद्रह मिनट में पूरा हो जाएगा. इससे लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है.

कब हुआ शुरू, कितनी आई लागत?
इस फ्लाईओवर की लागत करीब एक हजार छह सौ पैंतीस करोड़ रुपये आई है. इस प्रोजेक्ट की शुरुआत 2015 हुई थी, और इसे 2017 तक पूरा होना था, लेकिन करीब नौ से ग्यारह साल की देरी के बाद आज यह दिल्लीवासियों के लिए खुल रहा है. इसका काम कोविड महामारी के दौरान रुक गया था, साथ ही फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की अनुमति और आर्बिट्रेशन जैसी अड़चनें भी आई थीं.

आज दिल्ली को और भी मिलेंगे तोहफे
गृह मंत्री आज कुल एक हजार नौ सौ इकतालीस करोड़ रुपये की चार विकास परियोजनाएं दिल्लीवासियों को समर्पित करेंगे, जिनमें दो नए फ्लाईओवर और लोनी अंडरपास का शिलान्यास भी शामिल है.



Source link