पटना. दरभंगा की अलीनगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और जानी-मानी लोक गायिका मैथिली ठाकुर के नीदरलैंड्स दौरे को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है. रॉटरडैम में आयोजित ‘Eindeloos India Festival’ में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने पहुंचीं मैथिली ठाकुर की विदेश दौरे की तस्वीरों और वीडियो को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने सवाल खड़े किए हैं. RJD ने बिहार में बाढ़ और महिलाओं से जुड़े मुद्दों का हवाला देते हुए भाजपा विधायक के विदेश दौरे पर निशाना साधा है. पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका भारती ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मैथिली ठाकुर पर तीखा हमला बोला.
‘बिहार बाढ़ में डूबा है और विधायक हॉलैंड में घूम रहीं’
RJD प्रवक्ता प्रियंका भारती ने मैथिली ठाकुर के विदेश दौरे को लेकर कहा कि बिहार बाढ़ की स्थिति से जूझ रहा है और राज्य में महिलाओं के खिलाफ घटनाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, लेकिन भाजपा की विधायक विदेश में हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘एकदम मोदी जी के नक्शेकदम पर! बिहार बाढ़ में डूबा हुआ है, लड़कियों के साथ बर्बरता की वीडियो पूरे बिहार से आ रही हैं मगर रॉल्स-रॉयस में घूमने वाली मोहतरमा विधायक हॉलैंड में लुत्फ उठा रही हैं.’ प्रियंका भारती ने आगे महिला प्रतिनिधित्व को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि इसका खामियाजा बिहार को भुगतना पड़ रहा है.
क्या है मैथिली ठाकुर का नीदरलैंड्स दौरा?
मैथिली ठाकुर नीदरलैंड्स में आयोजित Eindeloos India Festival में प्रस्तुति देने पहुंची थीं. यह कार्यक्रम 26 सितंबर को रॉटरडैम के De Doelen में आयोजित किया गया था, जिसमें भारतीय संगीत, नृत्य और संस्कृति से जुड़े कई कार्यक्रम हुए. मैथिली ठाकुर इस आयोजन में प्रस्तुति देने वाली प्रमुख कलाकारों में शामिल थीं. विदेश दौरे के दौरान मैथिली ठाकुर ने इंडिया हाउस में भी बिहार की लोक संस्कृति और गीतों की प्रस्तुति दी. रिपोर्टों के मुताबिक उन्होंने पारंपरिक चैती गीत गाया. भारतीय राजदूत कुमार तुहिन ने बिहार से आए प्रतिनिधिमंडल और मैथिली ठाकुर के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया था.
पहले भी बयान को लेकर घेर चुका है RJD
मैथिली ठाकुर इससे पहले भी RJD के निशाने पर रही हैं. कुछ दिन पहले प्रियंका भारती ने मैथिली ठाकुर के पुराने बयान का हवाला देते हुए बिहार में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे. RJD ने पूछा था कि अगर सत्ताधारी विधायक रात में सुरक्षित घूम सकती हैं तो आम लड़कियों की सुरक्षा को लेकर सवाल क्यों उठते हैं.
मैथिली ठाकुर ने कुछ दिन पहले ही आलोचकों को दिया था जवाब
मैथिली ने अभी हाल ही में 22 सितंबर को फेसबुक पोस्ट शेयर कर अपने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा था कि भगवान की कृपा से मेरे क्षेत्र में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है. मैथिली ने अपने पोस्ट में लिखा था-
गणेश चतुर्थी के दिन, 17 सितंबर को अपने क्षेत्र में भ्रमण के दौरान अलग-अलग जगह रुककर लोगों से मिलने, उनकी बातें सुनने और उनके भाव को समझने का अवसर मिला. सोशल मीडिया पर इन दिनों मेरे क्षेत्र को लेकर कई तरह की बातें और नकारात्मक चर्चाएँ देखने को मिल रही हैं। लेकिन मेरे लिए अपने क्षेत्र की वास्तविक स्थिति जानने का सबसे विश्वसनीय माध्यम मेरे लोग हैं. भगवान की कृपा से मेरे क्षेत्र में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है. और जब मैं अपने लोगों के बीच बैठती हूँ, बुजुर्गों का आशीर्वाद लेती हूँ, युवाओं और माताओं-बहनों की बातें सुनती हूँ, तो यही सीधा संवाद मुझे अपनी जिम्मेदारियों को और बेहतर ढंग से समझने की प्रेरणा देता है. मेरे लिए राजनीति से पहले अपने क्षेत्र के लोगों के बीच रहना, उनकी बात सुनना और उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप काम करने का निरंतर प्रयास करना महत्वपूर्ण है.यह स्नेह और विश्वास मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है.
अब नीदरलैंड्स दौरे को लेकर RJD के ताजा हमले के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर मैथिली ठाकुर चर्चा के केंद्र में हैं.