नई दिल्ली: दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा थप्पड़ केस में अब तक पुलिस को 5 शिकायतें मिल चुकी हैं लेकिन 2 पुलिस स्टेशनों में शिकायतें पहुंचने के बावजूद अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है. पुलिस के मुताबिक, शिकायतों में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं और फिलहाल उनकी जांच की जा रही है. ऐसे में सवाल है कि 5 शिकायतें मिलने के बाद भी एफआईआर क्यों नहीं हुई और केस आखिर कहां फंसा है?
5 शिकायतें, 2 पुलिस स्टेशन और अभी तक कोई FIR नहीं
प्रवेश वर्मा से जुड़े इस विवाद में पुलिस को कुल 5 शिकायतें मिली हैं. इनमें एक शिकायत उस व्यक्ति साहिब सिंह की ओर से है, जिसे वायरल वीडियो में प्रवेश वर्मा के साथ विवाद के दौरान थप्पड़ लगते हुए देखा गया था. इसके अलावा पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों की तरफ से जरनैल सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ 2 शिकायतें दी गई हैं. वहीं बीजेपी कार्यकर्ताओं की तरफ से भी 2 शिकायतें दी गई हैं जिनमें प्रवेश वर्मा के साथ कथित बदसलूकी का आरोप लगाया गया है. ये सभी शिकायतें विकासपुरी और तिलक नगर थानों में दी गई हैं. पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई है.
आखिर FIR क्यों नहीं हुई?
इस सवाल का सीधा जवाब फिलहाल यह है कि पुलिस सभी शिकायतों में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है. मामला एकतरफा शिकायत का नहीं है. एक तरफ प्रवेश वर्मा पर एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने का आरोप है, तो दूसरी तरफ PWD कर्मचारियों और बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर से भी अलग-अलग शिकायतें दी गई हैं. यानी पुलिस के सामने एक ही घटना से जुड़े दोनों पक्षों के आरोप और शिकायतें हैं. अभी पुलिस इन शिकायतों, मौके के घटनाक्रम और उपलब्ध वीडियो समेत दूसरे सबूतों की जांच कर रही है.
2 पुलिस स्टेशनों में क्यों पहुंचीं शिकायतें?
इस मामले में विकासपुरी और तिलक नगर, दोनों थानों का नाम सामने आ रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, विवाद से जुड़ी सड़क का दोनों तरफ का हिस्सा विकासपुरी थाना क्षेत्र में आता है, जबकि गुरुद्वारा वाला हिस्सा तिलक नगर थाना क्षेत्र में आता है. इसी वजह से घटना से जुड़ी शिकायतें दोनों थाना क्षेत्रों में पहुंची हैं. इसलिए इसे केवल इस आधार पर नहीं देखा जा सकता कि शिकायत दो थानों में गई है तो दो अलग-अलग एफआईआर होनी चाहिए. पुलिस पहले शिकायतों और संबंधित घटनाओं की जांच कर रही है.
कैसे शुरू हुआ प्रवेश वर्मा थप्पड़ केस?
यह पूरा विवाद सड़क की गुणवत्ता को लेकर हुए निरीक्षण के दौरान शुरू हुआ. रविवार को दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा पश्चिमी दिल्ली के इलाके में सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे. मौके पर आप विधायक जरनैल सिंह और उनके साथ कुछ लोग भी मौजूद थे. सड़क की गुणवत्ता को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई. एक वीडियो में जरनैल सिंह सड़क की सतह का एक हिस्सा हाथ से निकालकर दिखाते हुए नजर आते हैं. इसके बाद माहौल गर्म होने की बात सामने आई. इसी दौरान एक अन्य वीडियो सामने आया, जिसमें प्रवेश वर्मा एक व्यक्ति के मोबाइल की तरफ हाथ बढ़ाते और उसके बाद उसे थप्पड़ मारते हुए दिखाई देते हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया. बाद में उस व्यक्ति की पहचान साहिब सिंह के तौर पर हुई. वह जरनैल सिंह से जुड़े सोशल मीडिया काम से जुड़ा बताया गया है. साहिब सिंह का कहना है कि वह मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था.
प्रवेश वर्मा ने अपने बचाव में क्या कहा?
प्रवेश वर्मा ने घटना को लेकर अपना पक्ष रखा है. उनका कहना है कि मौके पर मौजूद आप कार्यकर्ताओं ने उनके परिवार के बारे में कथित तौर पर अपशब्द कहे थे और गुस्से में उन्होंने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो पूरे घटनाक्रम का पूरा संदर्भ नहीं दिखाता. वर्मा ने सड़क विवाद को लेकर जरनैल सिंह पर भी आरोप लगाए और कहा कि उनके समर्थकों की ओर से सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश की गई. दूसरी ओर, जरनैल सिंह ने इन आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि वह सड़क की खराब गुणवत्ता का मुद्दा उठा रहे थे.
पीडब्ल्यूडी की शिकायत में क्या आरोप है?
पुलिस को पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों और ठेकेदार की ओर से भी शिकायतें मिली हैं.इन शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि जरनैल सिंह ने सड़क का काम रोकने की कोशिश की और कथित तौर पर पैसे की मांग की. एक शिकायत में नई बनी सड़क को नुकसान पहुंचाने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप भी लगाए गए हैं. इन आरोपों पर भी पुलिस जांच कर रही है.
आप ने क्या किया?
प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर आप नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. रिपोर्टों के मुताबिक, सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह और कुलदीप कुमार समेत आप नेताओं को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया. आप की मांग है कि वीडियो में दिखाई दे रही घटना के आधार पर प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की जाए.वहीं बीजेपी की ओर से भी इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया आई है. पार्टी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और साथ ही जरनैल सिंह के व्यवहार पर भी सवाल उठाए हैं.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login