Last Updated:
Bajaj Pulsar NS125 का नया मॉडल लॉन्च से पहले डीलरशिप पर पहुंच गया है. बाइक की स्पाई तस्वीरों में नया ब्लैक-रेड कलर और रिवाइज्ड LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर नजर आया है. हालांकि, इसके डिजाइन और इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. नए मॉडल में क्या बदला है, कौन से फीचर्स मिलेंगे और TVS Raider 125, Xtreme 125R जैसी बाइक्स से मुकाबला कैसे होगा, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर.
Bajaj Pulsar NS125 को नए अवतार में पेश किया जाएगा. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Bajaj Auto अपनी पल्सर सीरीज में लगातार अपडेट ला रही है. क्लासिक पल्सर 125 के अपडेट के बाद अब पल्सर NS125 का नया वर्जन डीलरशिप पर नजर आया है. हाल ही में शोरूम में स्पॉट हुई इस बाइक की तस्वीरों से साफ है कि कंपनी इसे जल्द लॉन्च करने की तैयारी में है. अपडेटेड मॉडल में सबसे बड़ा बदलाव इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और कलर स्कीम में दिख रहा है, जबकि डिजाइन और मैकेनिकल सेटअप लगभग वैसा ही बना हुआ है.
NS125 को 125cc सेगमेंट में स्ट्रीटफाइटर लुक वाली बाइक के रूप में जाना जाता है. यंग राइडर्स के बीच इसकी डिमांड अच्छी है. नए वर्जन के डीलरशिप पर पहुंचने से संकेत मिलता है कि लॉन्च नजदीक है. कंपनी ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन स्पाई शॉट्स और डीलरसाइटिंग से अपडेट की तस्वीर साफ हो गई है. मार्केट में ये बाइक टीवीएस रेडर 125, हीरो एक्सट्रीम 125आर और होंडा एसपी 125 जैसे कंपटीटर्स को टक्कर देगी. आइए जानते हैं कि इसमें क्या कुछ नया ऑफर किया जाएगा
डिजाइन और स्टाइल
अपडेटेड पल्सर NS125 का ओवरऑल डिजाइन पहले जैसा ही स्पोर्टी और एग्रेसिव है. शार्प लाइन, मसलर टैंक और स्ट्रीटफाइटर स्टांस बरकरार रखे गए हैं. नया ब्लैक-रेड कलर कॉम्बिनेशन सबसे आकर्षक बदलाव है. ग्लॉसी ब्लैक बॉडी पर टैंक एक्सटेंशन, बेली काउल और रियर पैनल्स पर रेड ग्राफिक्स दिए गए हैं. व्हील रिम्स पर भी रेड एक्सेंट हैं, जबकि हेडलैम्प और साइड पैनल्स के आसपास ग्रे सेक्शन कॉन्ट्रास्ट बढ़ाते हैं. हैलोजन टर्न इंडिकेटर्स अभी भी दिख रहे हैं. कुल मिलाकर लुक फ्रेश और प्रीमियम लग रहा है.
फीचर्स
सबसे महत्वपूर्ण अपडेट रिवाइज्ड एलसीडी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है. इसमें बड़े सेंट्रल स्पीड रीडआउट के साथ गियर पोजीशन इंडिकेटर और ऊपर टैकोमीटर हैं. क्लॉक, फ्यूल लेवल, रिफ्यूलिंग वार्निंग और इंस्टेंट फ्यूल एफिशिएंसी जैसी जानकारियां भी दिखेंगी. हायर वेरिएंट में टीएफटी डिस्प्ले की संभावना है. पहले से उपलब्ध डिजिटल कंसोल, गियर इंडिकेटर और कनेक्टिविटी फीचर्स को और बेहतर बनाया गया है.
इंजन और परफॉर्मेंस
मैकेनिकल रूप से कोई बड़ा बदलाव नहीं है. 124.45 सीसी सिंगल-सिलेंडर एयर-कूल्ड इंजन ही रहेगा, जो करीब 12 पीएस पावर और 11 एनएम टॉर्क देता है. इसे 5-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है. रोजमर्रा की राइड और शहर के ट्रैफिक के लिए ये पर्याप्त है. सस्पेंशन, ब्रेक्स और चेसिस भी पहले जैसे ही रहने की उम्मीद है. परफॉर्मेंस विश्वसनीय और बैलेंस्ड बनी रहेगी.
कुल मिलाकर ये एक हल्का लेकिन स्मार्ट अपडेट है. डिजाइन में फ्रेशनेस, बेहतर डिस्प्ले और नए कलर से युवा खरीदार आकर्षित होंगे. कीमत और फाइनल स्पेसिफिकेशन लॉन्च पर पता चलेंगे. बजाज की ये नई पेशकश 125 सीसी सेगमेंट में कंपटीशन को और तेज करेगी.