नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल में लगातार हो रही बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है. सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम के इस बदलाव ने जहां स्थानीय लोगों को सर्दियों की आहट का एहसास करा दिया है, बारिश के बाद शहर के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है, सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया जा रहा है. वहीं मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में मौसम साफ होने की उम्मीद है.
वहीं इस समय नैनीताल घूमने पहुंचे पर्यटक भी ठंड से हैरान नजर आ रहे हैं. बारिश के बीच कई पर्यटक बिना गर्म कपड़ों के ही पहुंचे थे, लेकिन यहां मौसम बदलने के बाद उन्हें जैकेट और स्वेटर की जरूरत महसूस होने लगी. यही वजह है कि माल रोड, भोटिया मार्केट और आसपास के बाजारों में पर्यटक गर्म कपड़ों की खरीदारी करते दिखाई दे रहे हैं. बाजारों में जैकेट, स्वेटर, ऊनी टोपी और अन्य गर्म कपड़ों की मांग बढ़ती नजर आ रही है. पर्यटकों का कहना है कि उन्होंने घर से निकलते समय नहीं सोचा था कि सितंबर के महीने में नैनीताल में इतनी ठंड महसूस होगी.
तीन दिन की बारिश के बाद बढ़ी ठंड
दिल्ली से नैनीताल पहुंची पर्यटक गरिमा ने बताया कि शुरुआत में यहां का मौसम उन्हें काफी अच्छा लगा था. हालांकि पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण ठंड काफी बढ़ गई है. वह सर्दियों के कपड़े लेकर नहीं आई थीं, जिसके चलते अब बाजार से जैकेट और दूसरे गर्म कपड़े खरीदने पड़ रहे हैं. उनका कहना है कि नैनीताल का मौसम उम्मीद से ज्यादा ठंडा हो गया है. वहीं, मध्य प्रदेश से पहुंचे पर्यटक अवनीश ने बताया कि नैनीताल में इन दिनों ठंडी हवाएं काफी तेज चल रही हैं. बारिश के बाद ठंड और ज्यादा महसूस हो रही है. वह गर्म कपड़े साथ नहीं लाए थे, इसलिए अब स्थानीय बाजार से जैकेट और अन्य गर्म कपड़ों की खरीदारी करनी पड़ रही है.
तो वहीं, नागपुर से पहुंचे पर्यटक सुशांत चौधरी ने बताया कि नैनीताल में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है, जिसके चलते ठंड काफी बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि यहां का मौसम काफी अच्छा बना हुआ है और बारिश के बाद नैनीताल का नजारा भी बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहा है. हालांकि उन्होंने यह नहीं सोचा था कि यहां आकर इतनी ठंड मिलेगी. उनके मुताबिक, इन दिनों नैनीताल में ठंड काफी महसूस होने लगी है.
बाजारों में गर्म कपड़ों की बढ़ी मांग
मौसम में अचानक आए बदलाव का असर नैनीताल के बाजारों में भी दिखाई दे रहा है. शहर के भोटिया मार्केट के गर्म कपड़ों के दुकानदार दिनेश भोटिया के मुताबिक, नैनीताल में ठंड की शुरुआत पहले ही हो चुकी थी, लेकिन पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के बाद ठंड में और इजाफा हुआ है. उनका कहना है कि पहले पर्यटक हल्की जैकेट और सामान्य गर्म कपड़ों की खरीदारी कर रहे थे, लेकिन अब मोटी जैकेट, स्वेटर और अन्य ऊनी कपड़ों की मांग बढ़ गई है. बारिश के दौरान चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण हल्के कपड़ों में घूमना मुश्किल हो रहा है.
नैनीताल आने से पहले मौसम का अपडेट जरूर देखें
दुकानदार दिनेश भोटिया का कहना है कि आने वाले दिनों में नैनीताल घूमने का प्लान बना रहे पर्यटकों को मौसम का अपडेट जरूर देखना चाहिए. पहाड़ों में मौसम तेजी से बदलता है और बारिश के दौरान तापमान में अचानक गिरावट महसूस हो सकती है. ऐसे में पर्यटकों को अपने साथ गर्म जैकेट, स्वेटर, ऊनी टोपी और जरूरत के अन्य गर्म कपड़े जरूर रखने चाहिए. हालांकि यदि कोई पर्यटक बिना गर्म कपड़ों के नैनीताल पहुंचता है तो शहर के बाजारों में जैकेट और अन्य ऊनी कपड़ों की कई वैरायटी उपलब्ध हैं. बारिश के बाद नैनीताल की पहाड़ियां, झील और माल रोड जहां एक बार फिर बादलों और धुंध की चादर में लिपटे नजर आ रहे हैं, वहीं मौसम में बढ़ी ठंड ने सितंबर के अंत में ही सर्दियों की दस्तक का एहसास करा दिया है. फिलहाल नैनीताल में सर्दियों की शुरुआत हो चुकी है.
.