UP Rajya Sabha BJP candidate list 2026: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर BJP के अंदर टिकट पर हलचल तेज हो गई है. पार्टी के सामने पुराने सांसदों को फिर मौका देने और नए चेहरों को आगे बढ़ाने का सवाल है. मौजूदा विधानसभा गणित के हिसाब से BJP गठबंधन के आठ सीटें जीतने की चर्चा है. ऐसे में इन सीटों के लिए कई नाम सामने आ रहे हैं. आखिर टिकट कौन फाइनल करेगा? स्मृति ईरानी, वरुण गांधी और हरीश द्विवेदी के अलावा रेस में कौन है, जानते हैं पूरी खबर.
यूपी के राज्यसभा सीटों के लिए लखनऊ में बनेगा पैनल, दिल्ली में होगा फैसला
मीडिया में छपी खबरों के मुताबिक, BJP की राज्य इकाई संभावित नामों पर मंथन कर उनका पैनल तैयार करेगी. इसी को लेकर 28 सितंबर को कोर कमेटी बैठक हो रही है. इसमें संगठन और सरकार से जुड़े सीनियर नेता संभावित नामों पर चर्चा कर सकते हैं. यूपी बीजेपी कोर कमेटी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह जैसे सीनियर नेता शामिल हैं. इसके बाद तय किए नामों को केंद्रीय चुनाव समिति राज्य से भेजे गए नामों पर पर अंतिम मुहर लगाएगी. इसमें दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व वाली केंद्रीय चुनाव समिति होगी. प्रत्याशियों के नामों का आधिकारिक ऐलान अक्टूबर 2026 के पहले हफ्ते में होने की उम्मीद है. कुल मिलाकर टिकट का रास्ता लखनऊ से शुरू होकर दिल्ली तक जाएगा. यही वजह है कि कई नेताओं ने अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश शुरू कर दी है. 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरण भी चर्चा का हिस्सा बताए जा रहे हैं.
सात सांसदों का कार्यकाल खत्म, एक सीट पहले खाली
स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी की चर्चा तेज
मीडिया रिपोर्टों में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के नाम की चर्चा प्रमुखता से हो रही है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इन दोनों नामों को लेकर BJP के भीतर मजबूत दावेदारी की चर्चा है. हालांकि पार्टी की ओर से अभी किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. इसलिए इन्हें संभावित नाम के तौर पर ही देखा जा रहा है. स्मृति ईरानी के नाम की चर्चा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वह केंद्र सरकार में मंत्री रह चुकी हैं और अमेठी से सांसद भी रही हैं. वहीं हरीश द्विवेदी बस्ती से सांसद रह चुके हैं और संगठन में भी काम कर चुके हैं. दोनों नामों को लेकर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है.
वरुण गांधी समेत कई नामों पर नजर
इसी बीच वरुण गांधी का नाम भी राज्यसभा की संभावित रेस को लेकर मीडिया रिपोर्टों में सामने आया है. 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें BJP का टिकट नहीं मिला था. मार्च 2026 में भाजपा नेता वरुण गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से परिवार समेत मुलाकात की थी, जिसके बाद से राजनीतिक गलियारों में उनके राजनीतिक पुनरुत्थान और उन्हें राज्यसभा भेजे जाने की अटकलें तेज हो गई हैं. इसके अलावा मौजूदा सांसद बीएल वर्मा, बृजलाल, गीता शाक्य और सीमा द्विवेदी जैसे चेहरों पर भी नजर है. पार्टी के सामने यह सवाल रहेगा कि इनमें से किन्हें दोबारा मौका दिया जाए और किन सीटों पर नए चेहरे उतारे जाएं. रिपोर्टों में चार से पांच नए नाम आने की भी चर्चा है.
2027 विधानसभा के पहले राज्यसभा टिकटों में साधा जाएगा सामाजिक समीकरण
राज्यसभा के टिकट सिर्फ खाली सीट भरने का मामला नहीं हैं. अगले साल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है. ऐसे में BJP के उम्मीदवार चयन में क्षेत्र और सामाजिक प्रतिनिधित्व का सवाल भी महत्वपूर्ण है. मीडिया रिपोर्टों में ब्राह्मण, OBC, दलित और भूमिहार चेहरों के बीच संतुलन बनाने की चर्चा है. पूर्वांचल, पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड से जुड़े नेताओं के नाम भी संभावित दावेदारों के तौर पर चर्चा में हैं.
पश्चिमी यूपी से संजीव बालियान को बनाने की चर्चा?
इस बार 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी यूपी में सामाजिक और जातिगत समीकरणों को साधने के लिए BJP राज्यसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के नाम पर मुहर लगा सकती है. इसके पीछे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट मतदाताओं और क्षेत्रीय संतुलन को मजबूत करने की मंशा मानी जा रही है. क्या इन सभी नेताओं की किस्मत चमकेगी? यह कुछ दिन में आधिकारिक तौर पर साफ हो जाएगा.