पितृ पक्ष में 4 स्थानों पर जलाएं दीया और देखें चमत्कार, प्रसन्न होंगे पूर्वज!
Last Updated:
Shradh 2026: मान्यताओं के अनुसार, पितृ पक्ष में पूर्वजों के निमित्त श्राद्ध, तर्पण और अन्य धार्मिक अनुष्ठान करने से पितरों की कृपा मिलती है. इन दिनों पितृ धरती पर आते हैं और परिवार के सदस्यों द्वारा किए गए कर्मों से संतुष्ट होते हैं. इस दौरान चार स्थानों पर दीपक जरूर जलाना चाहिए.
उज्जैन. हिंदू धर्म में पितृ पक्ष को पूर्वजों के स्मरण और उनके प्रति श्रद्धा प्रकट करने का विशेष समय माना गया है. इन दिनों लोग पितरों की आत्मा की शांति और उनका आशीर्वाद पाने के लिए तर्पण, श्राद्ध और पूजा-अनुष्ठान करते हैं. धार्मिक मान्यता है कि पितरों का आशीर्वाद परिवार की सुख-समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण होता है. पितृ पक्ष में दीपक जलाने का भी विशेष महत्व बताया गया है. मान्यता है कि विधि-विधान से दीपक जलाने से पितरों की कृपा प्राप्त होती है. आइए जानते हैं उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज से कि पितृ पक्ष में किन स्थानों पर दीपक जलाना चाहिए और इसकी सही विधि क्या है.
मान्यता है कि पितृ पक्ष में पूर्वजों के निमित्त श्राद्ध, तर्पण और अन्य धार्मिक अनुष्ठान करने से पितरों की कृपा प्राप्त होती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन दिनों पितृ धरती पर आते हैं और परिवार के सदस्यों द्वारा किए गए कर्मों से संतुष्ट होते हैं. पितरों का आशीर्वाद मिलने से जीवन में आने वाली बाधाएं दूर होने, सुख-समृद्धि बढ़ने और परिवार में शांति बनी रहने की मान्यता है.
पितृ पक्ष में इन चार जगहों पर जरूर जलाएं दीपक
1. पीपल का पेड़ एक ऐसा पेड़ है, जिसमें समस्त देवी-देवताओं का वास होता है. साथ ही हमारे पितृ भी इसमें निवास करते हैं. खासकर पितृ पक्ष के दौरान जब पूर्वज धरती पर पधारते हैं, तो पीपल के पेड़ में इनका निवास माना जाता है. ऐसे में अगर आप पितृ पक्ष के दौरान पीपल के पेड़ के नीचे दीपक जलाते हैं, तो पितरों की कृपा आप पर बरसती है. ऐसा करने से पितृ आपको सही मार्ग दिखाते हैं और जीवन में आपको सफलता प्राप्त होती है.
2. शास्त्रों के अनुसार दक्षिण दिशा यम की दिशा भी मानी जाती है, इसलिए इस दिशा में दीपक जलाकर पूर्वजों की आत्मा तृप्त होती है. दक्षिण दिशा में चौमुखी दीपक जलाने से आपको पितृ दोष से भी मुक्ति मिलती है. यह उपाय करने से आपको करियर-कारोबार में आ रही परेशानियों का भी हल मिलने लगता है, इसलिए हर किसी को पितृ पक्ष के दौरान यह कार्य अवश्य करना चाहिए.
3. आज के समय में बहुत से लोग अपने घर के मुख्य द्वार पर दीपक जलाते हैं. पितृ पक्ष के दौरान घर के मुख्य द्वार से ही पितृ घर में प्रवेश करते हैं, इसलिए पितृ पक्ष के दौरान घर के मुख्य द्वार पर दीपक अवश्य जलाएं. यह कार्य आप पितृ पक्ष में हर दिन कर सकते हैं. घर के मुख्य द्वार पर दीपक जलाने से आपके जीवन की नकारात्मकता भी दूर होती है और साथ ही पितृ भी प्रसन्न होते हैं.
4. बहुत से लोग रोजाना पितरों की पूजा करते हैं. हम घर में किसी न किसी स्थान पर पितरों की तस्वीर अवश्य लगाते हैं. सालभर यह तस्वीर वहीं लटकी रहती है. पितृ पक्ष के दौरान आपको पितरों की तस्वीर की सफाई अवश्य करनी चाहिए. साथ ही जिस स्थान पर तस्वीर है, उसी के नीचे या उसके पास दीपक जलाना चाहिए. ऐसा करने से आप पितरों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं. आपका ऐसा करना पितरों को प्रसन्न करता है.