बेतिया ज्वेलरी लूटकांड में बड़ा खुलासा, जेल से रची गई थी साजिश, बिहार पुलिस मुख्यालय ने जारी की नई SOP

बेतिया ज्वेलरी लूटकांड में बड़ा खुलासा, जेल से रची गई थी साजिश, बिहार पुलिस मुख्यालय ने जारी की नई SOP


Last Updated:

Bettiah jewellery shop robbery: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में दिनदहाड़े हुए करोड़ों रुपये के ज्वेलरी शोरूम लूटकांड में बड़ा खुलासा हुआ है. मुख्यालय स्तर पर हो रही समीक्षा और विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बड़ी वारदात की साजिश जेल के भीतर से रची गई थी. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

बेतिया में 30 करोड़ की ज्वेलरी लूट का तार जेल से जुड़ा, समस्तीपुर-हाजीपुर गैंग पर शक

बिहार के बेतिया में सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की लूट के मामले में पुलिस जांच के दौरान अहम जानकारी सामने आई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस वारदात की साजिश जेल के भीतर रची गई थी. लूटकांड में समस्तीपुर और हाजीपुर के आपराधिक गिरोहों की भूमिका की आशंका जताई जा रही है. वहीं, पुलिस ने चार से पांच संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. इस बीच घटना के बाद पुलिस मुख्यालय ने पूरे बिहार में ज्वेलरी शोरूम और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है.

जेल से रची गई लूट की साजिश

पुलिस महकमे से मिली जानकारी के मुताबिक, पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित सुप्रिया सिनेमा रोड के सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में 18 नवंबर को हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया था. इस घटना में कई करोड़ रुपये के सोने-चांदी और हीरे के आभूषण लूट लिए गए थे. शुरुआती अनुमान में लूट की रकम 30 से 40 करोड़ रुपये तक बताई गई थी, हालांकि शोरूम संचालक के आवेदन में गहनों का मूल्य 12 से 15 करोड़ रुपये बताया गया है.

समस्तीपुर-हाजीपुर के गिरोह पर शक

पुलिस महकमे के विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय के स्तर पर जांच की समीक्षा के दौरान जेल से साजिश रचे जाने की बात सामने आई है. इस वारदात में समस्तीपुर और हाजीपुर के आपराधिक गिरोहों के शामिल होने की आशंका है. पुलिस ने चार से पांच लोगों की पहचान की है. उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. स्थानीय पुलिस के साथ बिहार एसटीएफ भी जांच में जुटी है. हालांकि, जेल से साजिश रचे जाने की बात अभी जांच का हिस्सा है.

बेतिया लूट के बाद पुलिस मुख्यालय में हाईलेवल बैठक

इस घटना के बाद बिहार पुलिस मुख्यालय भी सक्रिय हो गया है. डीजीपी प्रीता वर्मा और डीजी कुंदन कृष्णन ने सभी क्षेत्रीय आईजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की. इसमें ज्वेलरी शोरूम सहित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई. सभी जिलों के एसपी को थानास्तर पर ज्वेलरी शोरूम संचालकों से संवाद स्थापित करने और सुरक्षा व्यवस्था में समन्वय बढ़ाने का निर्देश दिया गया. ठंड के मौसम में चोरी और डकैती की घटनाओं की आशंका को देखते हुए दिन के साथ रात में भी विशेष गश्ती करने को कहा गया है. पुलिस मुख्यालय का मकसद बेतिया जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पहले से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना है.

दो हथियारबंद गार्ड और डबल डोर सुरक्षा की सलाह

पुलिस मुख्यालय ने ज्वेलरी शॉप, बैंकिंग प्रतिष्ठानों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) दोबारा जारी की है. इसमें प्रतिष्ठान संचालकों, पुलिस प्रशासन और निजी सुरक्षाकर्मियों के लिए अलग-अलग दिशा-निर्देश दिए गए हैं. सभी जिलों को थानास्तर पर चोरी, लूट और डकैती के हॉटस्पॉट चिह्नित करने को कहा गया है. महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास के संवेदनशील इलाकों और आवागमन के रास्तों की मैपिंग भी होगी.वहीं, प्रतिष्ठान संचालकों को कम से कम दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मी रखने, डबल डोर सुरक्षा व्यवस्था लागू करने और अलार्म सिस्टम लगाने की सलाह दी गई है. सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने और उनकी नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया है.



Source link