देवघर. अगर आप भी ठंड के मौसम में कहीं घूमने-फिरने का प्लान बना रहे हैं और शहर की भागदौड़ से दूर प्रकृति के बीच कुछ सुकून के पल बिताना चाहते हैं, तो देवघर का त्रिकुट पर्वत आपके लिए एक बेहतरीन जगह हो सकती है. यहां आपको एक ही जगह पर पहाड़, घने जंगल, हरियाली, ठंडी हवाएं और प्रकृति के कई खूबसूरत नजारे देखने को मिलेंगे. देवघर मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित त्रिकुट पर्वत सर्दी के मौसम में पर्यटकों की पहली पसंद बन जाता है.
ठंड शुरू होते ही यहां सैलानियों की आवाजाही बढ़ने लगती है और हर दिन हजारों की संख्या में लोग घूमने पहुंचते हैं. खास बात यह है कि यहां सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों से भी पर्यटक प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेने आते हैं.
देश के A+ पर्यटक स्थल में आती है गिनती
त्रिकुट पर्वत पहुंचने के बाद सबसे पहले यहां का प्राकृतिक नजारा लोगों का ध्यान खींचता है. चारों तरफ ऊंचे-ऊंचे पहाड़, पेड़-पौधे और जंगलों के बीच चलने वाली ठंडी हवाएं मन को काफी सुकून देती हैं. यहां आपको जगह-जगह बंदर भी देखने को मिल जाएंगे, जो पर्यटकों के आकर्षण का एक हिस्सा हैं. कई लोग यहां अपने परिवार और बच्चों के साथ घूमने आते हैं, तो कुछ लोग दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने और खूबसूरत तस्वीरें लेने पहुंचते हैं.
पहाड़ों के बीच खड़े होकर आसपास के नजारों को देखना अपने आप में एक अलग अनुभव है. अगर आप प्रकृति और फोटोग्राफी के शौकीन हैं, तो यहां आपको तस्वीरें लेने के लिए कई खूबसूरत जगह मिल जाएंगी. पर्यटक अधिकारी के मुताबिक यह जगह देश के A+ ग्रेड के पर्यटक स्थल में आती है गिनती.
NH पर ड्राइविंग करते हुए पहुंच जाएंगे यह जगह
वहीं, अगर घूमते-घूमते आपको भूख लग जाए तो इसकी भी चिंता करने की जरूरत नहीं है. यहां पर्यटकों के लिए खाने-पीने की दुकानें भी मिल जाती हैं, जहां आप अपनी पसंद के अनुसार नाश्ता और अन्य खाने-पीने का सामान ले सकते हैं. यानी परिवार के साथ घूमने आएं या दोस्तों के साथ, यहां कुछ समय बिताने के लिए जरूरी सुविधाएं भी मिल जाती हैं. इसके अलावा त्रिकुट पर्वत के आसपास का इलाका भी काफी खूबसूरत है. यहां तक पहुंचने के रास्ते में भी आपको प्रकृति के कई नजारे देखने को मिलेंगे.
अगर आपको ड्राइविंग का शौक है, तो देवघर से त्रिकुट पर्वत तक का सफर भी आपके लिए खास हो सकता है. एनएच सड़क पर गाड़ी चलाते हुए रास्ते के खूबसूरत नजारों का आनंद ले सकते हैं. ठंडी हवा और खुला रास्ता सफर को और भी यादगार बना देता है. हालांकि वाहन चलाते समय सावधानी जरूर बरतें. खासकर पहाड़ी और घुमावदार रास्तों पर गति नियंत्रित रखें.
सर्दी के दिनों में कहीं दूर जाने की बजाय करें इस पर्यटक स्थल की सैर
कुल मिलाकर, अगर आप इस सर्दी में कहीं दूर जाने के बजाय देवघर के आसपास ही घूमने की अच्छी जगह तलाश रहे हैं, तो त्रिकुट पर्वत जरूर आ सकते हैं. यहां आपको पहाड़, जंगल, हरियाली, बंदर और खाने-पीने की सुविधा के साथ घूमने का अच्छा अनुभव मिलेगा. तो इस बार ठंड की छुट्टियों में घर पर बैठने के बजाय परिवार और दोस्तों के साथ त्रिकुट पर्वत घूमने का प्लान बनाइए और प्रकृति की खूबसूरती के बीच कुछ यादगार पल बिताइए.