गर्म कपड़े खरीदने हैं लेकिन बजट कम है? खरगोन के इन बाजारों में पहुंचें, मफलर से जैकेट तक सबकुछ सस्ता

गर्म कपड़े खरीदने हैं लेकिन बजट कम है? खरगोन के इन बाजारों में पहुंचें, मफलर से जैकेट तक सबकुछ सस्ता


खरगोन. मध्य प्रदेश के खरगोन में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. सुबह और रात के तापमान में गिरावट के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़ों की खरीदारी शुरू कर दी है. बाजार में स्वेटर, जैकेट, टोपी और कंबल की मांग बढ़ने लगी है. हालांकि कई लोग महंगे कपड़ों के कारण अपनी पसंद की खरीदारी नहीं कर पाते. ऐसे में खरगोन में कुछ ऐसे बाजार हैं, जहां कम बजट में भी सर्दियों की पूरी तैयारी की जा सकती है. यहां मफलर से लेकर जैकेट और बच्चों के गर्म कपड़ों तक की अच्छी वैरायटी मिल रही है. सर्दियों के मौसम में शहर के अलग-अलग इलाको में गर्म कपड़ों की दुकानें सज गई हैं. अगर आप भी कम कीमत में अच्छी क्वालिटी के गर्म कपड़े खरीदना चाहते हैं, तो डायवर्शन रोड आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां सड़क किनारे कई दुकानें लगी हैं, जहां बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग डिजाइन और वैरायटी उपलब्ध हैं.

इन दुकानों पर जैकेट, स्वेटर, हुडी, टोपी, मफलर, मोजे सहित सर्दियों में काम आने वाले कई तरह के कपड़े मिल रहे हैं. इसके अलावा कंबल भी उपलब्ध हैं. डायवर्शन रोड के अलावा सनावद रोड और बिस्टान रोड पर भी तिब्बती मार्केट के साथ तीन से चार अन्य जगहों पर गर्म कपड़ों की दुकानें लगी हैं. वहीं राधावल्लभ मार्केट में भी खरीदारी के विकल्प मौजूद हैं. हालांकि सस्ते गर्म कपड़ों की ज्यादा दुकानें डायवर्शन रोड पर देखने को मिल रही हैं.

100 रुपये से शुरू दाम
डायवर्शन रोड पर पिछले 12 साल से दुकान लगा रहे शेख कलीम लोकल 18 को बताते हैं कि वह हर साल ठंड के मौसम में यहां दुकान लगाते हैं. शुरुआत में उन्होंने एक दुकान से कारोबार शुरू किया था लेकिन ग्राहकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब उनकी चार दुकानें हो गई हैं. ये सभी दुकानें इसी रोड पर कुछ दूरी के अंतराल पर लगी हैं. उनके यहां महज 100 रुपये से गर्म कपड़ों की खरीदारी शुरू हो जाती है. बच्चों के ऊनी कपड़ों की कीमत 200 रुपये से शुरू है. महिलाओं के लिए 500 से 1500 रुपये तक की रेंज में कपड़े उपलब्ध हैं जबकि पुरुषों के गर्म कपड़ों की कीमत 500 से 2500 रुपये तक है. दुकानों पर स्वेटर, जैकेट, मफलर, टोपी, मोजे और बच्चों के लिए गर्म हेडफोन (कान ढकने का कपड़ा) भी मिल रहे हैं. कंबल की कीमत 400 रुपये से शुरू होती है.

ब्रांडेड कपड़ों और कंबल की वैरायटी
राजस्थान से खरगोन में दुकान लगाने आए राजेश बंजारा लोकल 18 को बताते हैं कि इस मार्केट में उनके साथियों की भी चार से पांच दुकानें लगी हैं. सांवरिया सेठ के नाम से संचालित उनकी दुकानों पर ब्रांडेड गर्म कपड़ों की अच्छी वैरायटी उपलब्ध है. यहां एक महीने के छोटे बच्चे से लेकर बड़ों तक के लिए अलग-अलग डिजाइन के कपड़े मिल रहे हैं. उनकी दुकानों पर 300 से 1000 रुपये की रेंज में अच्छी क्वालिटी के गर्म कपड़े उपलब्ध हैं. इसके अलावा कंबल की भी अच्छी मांग है. यहां सिंगल बेड का ब्रांडेड कंबल 500 रुपये और डबल बेड का कंबल 700 से 800 रुपये में मिल रहा है.

कम बजट में पूरी खरीदारी
खास बात यह है कि इन बाजारों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए गर्म कपड़ों के विकल्प उपलब्ध हैं. ऐसे में अगर आप भी सर्दियों के लिए जैकेट, स्वेटर, टोपी, मफलर या कंबल खरीदने का प्लान बना रहे हैं और बजट कम है, तो डायवर्शन रोड, बिस्टान रोड, सनावद रोड और राधावल्लभ मार्केट का रुख कर सकते हैं. यहां अलग-अलग कीमत और डिजाइन के विकल्प मिलने से अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से खरीदारी कर सकते हैं.



Source link