सोने की कीमत और उसकी चमक के पीछे मिलावट का नया खेल सामने आया है. अब सोने में सिर्फ तांबा और चांदी ही नहीं, बल्कि रेनियम, रूथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी भारी धातुओं के पाउडर की मिलावट की आशंका जताई जा रही है. दावा है कि इन धातुओं को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा सकता है. इससे सोने की असली मात्रा कम हो जाती है.
सबसे बड़ी चिंता यह है कि सामान्य कसौटी और एसिड टेस्ट से ऐसी मिलावट पकड़ना मुश्किल हो सकता है. इस आशंका के बाद इंदौर के सर्राफा कारोबारियों ने सोने की खरीद के नियम सख्त कर दिए हैं. अब कारोबारी कम से कम 995 फाइननेस यानी 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने को प्राथमिकता दे रहे हैं. बैंक से आने वाले कैडबरी गोल्ड और विदेश से आने वाले सोने की भी जांच के बाद ही इस्तेमाल किया जा रहा है.
995 फाइननेस से कम सोने पर भरोसा नहीं
मिलावट की आशंका को देखते हुए इंदौर के सर्राफा कारोबारियों ने खरीद प्रोसेस में बदलाव किया है. अब सिर्फ सप्लायर या सोने पर लगी मार्किंग देखकर खरीदारी नहीं की जा रही है. सोने की वास्तविक गुणवत्ता की जांच पर जोर दिया जा रहा है.
995 फाइननेस का मतलब है कि 1000 हिस्सों में 995 हिस्से शुद्ध सोना होना. यानी इसमें 99.5 प्रतिशत सोना होता है. कारोबारियों ने इसी शुद्धता को अपनी खरीद का प्रमुख आधार बनाया है.
रेनियम और इरिडियम पाउडर से बढ़ सकता है सोने का वजन
सोने में मिलावट के नए तरीके को लेकर रेनियम पाउडर की सबसे ज्यादा चर्चा है. इसके अलावा रूथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी धातुओं के इस्तेमाल की आशंका भी जताई जा रही है. इन धातुओं का घनत्व काफी अधिक होता है. रेनियम का घनत्व करीब 21 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर है, जबकि शुद्ध सोने का घनत्व लगभग 19.3 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर होता है. ऐसे में इन धातुओं को मिलाने से सोने का वजन बढ़ सकता है, लेकिन उसकी वास्तविक शुद्धता कम हो सकती है.
व्यापारियों के लिए जांच मुश्किल
सोने में मिलावट पकड़ना भी बड़ी चुनौती है. कारीगर सोने को गलाते, गर्म करते और आभूषण बनाते समय उसके व्यवहार में बदलाव देखकर कुछ गड़बड़ी का अंदाजा लगा सकते हैं. लेकिन केवल वजन, बिल, हॉलमार्क या सामान्य जांच के आधार पर सोने की अंदरूनी शुद्धता की पूरी जानकारी मिलना मुश्किल हो सकता है.
कसौटी और एसिड टेस्ट में मुख्य रूप से सोने की ऊपरी सतह की जांच होती है. वहीं, एक्सआरएफ मशीन से भी जांच के दौरान कुछ सीमाएं हो सकती हैं. इसलिए संदिग्ध सोने की सही जांच के लिए फायर एस्से और दूसरी लैब जांच की जरूरत पड़ सकती है. इन तरीकों से सोने की वास्तविक मात्रा का पता लगाने में मदद मिलती है.
चीन से पाउडर की सप्लाई का दावा
सोने में मिलावट के इस मामले में चीन का नाम भी सामने आया है. मीडिया की एक जांच में दावा किया गया है कि चीन के शेनझेन में मौजूद एजेंट के जरिए रेनियम पाउडर की सप्लाई की जा रही है. भारत के कई शहरों में इसके डीलर होने की बात भी कही गई है. हालांकि, इस सप्लाई नेटवर्क की सरकारी स्तर पर स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
दूसरी तरफ चीन और बांग्लादेश से जुड़े रास्तों के जरिए विदेशी सोने की तस्करी भी चिंता का विषय है. बांग्लादेश सीमा के रास्ते सोना भारत लाने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. सोने की तस्करी और मिलावट के लिए पाउडर की सप्लाई दो अलग-अलग मामले हैं. इनके बीच सीधे संबंध की पुष्टि नहीं हुई है.
बैंक के सोने की भी जांच
अब तक बैंक से मिलने वाले गोल्ड और विदेश से आने वाले सोने को कारोबारी ज्यादा भरोसेमंद मानते रहे हैं. लेकिन मिलावट की आशंका के बाद इस पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है. कारोबारियों का कहना है कि बैंक कैडबरी गोल्ड हो या विदेश से एक्सपोर्ट होकर आने वाला सोना, उसकी गुणवत्ता की जांच जरूरी है. सिर्फ बैंक या एक्सपोर्ट का नाम देखकर सोने पर भरोसा नहीं किया जा सकता.
सर्राफा एसोसिएशन सख्त
इंदौर सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. कारोबारियों का कहना है कि सोने की शुद्धता के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. मिलावटी सोना सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
एसोसिएशन ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी भी कर रहा है. इसके लिए संदिग्ध सप्लायर, सोने की खरीद और उसकी गुणवत्ता से जुड़े दस्तावेजों की जांच पर जोर दिया जा रहा है.
ग्राहकों को कैसे हो सकता है नुकसान?
सोने में मिलावट का सबसे ज्यादा नुकसान ग्राहकों को हो सकता है. ग्राहक 22 या 24 कैरेट सोने के भाव से पैसे देता है, लेकिन अगर सोने में दूसरी भारी धातु मिली है तो उसे उतनी मात्रा में असली सोना नहीं मिलता.
हॉलमार्क होने के बाद भी कैसे हो सकती है मिलावट?
इस मामले ने हॉलमार्किंग और सोने की जांच व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं. भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने सोने में कुछ दूसरी धातुओं की स्वीकार्य सीमा तय कर रखी है. इनमें इरिडियम, रूथेनियम, ऑस्मियम और कैडमियम जैसे तत्व शामिल हैं.
ऐसे में सवाल है कि अगर सोने में इन धातुओं की मिलावट हो रही है तो सामान्य जांच में इसे कैसे पकड़ा जाएगा? हॉलमार्किंग के बावजूद ऐसी मिलावट की आशंका को देखते हुए जांच की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने की जरूरत है.
(रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता)