Agency:एजेंसियां
Last Updated:
अमेरिकी कोर्ट में आज निखिल गुप्ता और खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू पहली बार आमने-सामने हो सकते हैं. मामला 2023 में न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की नाकाम साजिश से जुड़ा है. निखिल गुप्ता अपनी गुनाह कबूल कर चुका है और अब उसकी सजा पर सुनवाई होनी है. अमेरिकी अभियोजकों ने 24 साल की जेल मांगी है जबकि बचाव पक्ष 12 साल की सजा चाहता है. पन्नू को भी अदालत में पीड़ित गवाह के तौर पर बोलने का मौका मिल सकता है. जानिए इस हाई-प्रोफाइल केस में अब तक क्या-क्या हुआ है.
न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में निखिल गुप्ता की सजा पर आज सुनवाई होगी. (फाइल फोटो)
अमेरिका की एक अदालत में आज यानी 20 नवंबर को ऐसा नजारा देखने को मिल सकता है जिस पर भारत से लेकर अमेरिका तक की नजरें टिकी हैं. खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू और उसकी हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार निखिल गुप्ता पहली बार आमने-सामने हो सकते हैं. मामला न्यूयॉर्क में साल 2023 में पन्नू की हत्या की नाकाम साजिश से जुड़ा है. इस केस में निखिल गुप्ता अपना गुनाह कबूल कर चुका है. अब अदालत में उसकी सजा पर सुनवाई होनी है. अभियोजन पक्ष ने उसके लिए 24 साल की जेल की मांग की है. वहीं बचाव पक्ष 12 साल की सजा चाहता है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अमेरिकी अदालत निखिल गुप्ता को कितनी सजा सुनाएगी?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार इस सुनवाई में पन्नू भी व्यक्तिगत रूप से अदालत में मौजूद रह सकता है. अमेरिकी अभियोजकों ने जज से उसे पीड़ित गवाह के तौर पर 20 मिनट तक अपनी बात रखने की अनुमति देने की मांग की है. दूसरी तरफ निखिल गुप्ता के वकील का कहना है कि कानून के तहत आरोपी को भी सजा सुनाए जाने से पहले अदालत में सीधे अपनी बात रखने का अधिकार है. यानी दोनों पक्षों को अपनी दलीलें रखने का मौका मिल सकता है. निखिल के वकील ने यह भी साफ किया है कि पन्नू की ओर से भारत सरकार के अधिकारियों के खिलाफ दायर अलग दीवानी मुकदमे का इस आपराधिक केस की सजा पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
निखिल गुप्ता पर क्या हैं आरोप?
निखिल गुप्ता भारतीय नागरिक है. उस पर न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े तीन आरोप लगाए गए थे. इनमें सुपारी देकर हत्या कराने की कोशिश, हत्या की साजिश और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश शामिल हैं. उसे जून 2024 में चेक गणराज्य से अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया था. इससे पहले वह वहां गिरफ्तार हुआ था. प्रत्यर्पण के बाद से वह ब्रुकलिन की जेल में बंद है. शुरुआत में निखिल ने खुद को निर्दोष बताया था. हालांकि फरवरी 2026 में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया. इसके बाद मामला आरोपों से आगे बढ़कर अदालत में उनकी स्वीकारोक्ति तक पहुंच गया.
अभियोजन पक्ष 24 साल की सजा चाहता है
इस मामले में अमेरिकी अभियोजकों ने निखिल गुप्ता के लिए 24 साल की जेल की सजा मांगी है. दूसरी तरफ उनके न्यूयॉर्क स्थित वकील इसाबेल ए. किर्शनर ने अदालत से कम से कम सजा देने की अपील की है. बचाव पक्ष ने 12 साल की सजा का अनुरोध किया है. निखिल की ओर से जज विक्टर मारेरो को एक पछतावे वाला पत्र भी सौंपा गया है. इसमें उन्होंने इस साजिश में शामिल होने पर गहरा अफसोस जताया है. साथ ही दावा किया है कि उन्होंने यह काम अकेले किया था.
पन्नू को भी अदालत में बोलने का मौका
अभियोजन पक्ष ने पन्नू को पीड़ित गवाह के रूप में अदालत में 20 मिनट बोलने की अनुमति देने की मांग की है. निखिल के वकील किर्शनर ने कहा कि आरोपी को भी सजा सुनाए जाने की प्रक्रिया के दौरान मौखिक रूप से अपनी बात रखने का अधिकार है. उन्होंने कहा, ‘कानून के तहत सभी आरोपियों को सजा सुनाए जाने के संबंध में अदालत में मौखिक रूप से अपनी बात रखने का अधिकार है. अपराध के पीड़ितों को भी सजा सुनाए जाने की कार्यवाही के दौरान बोलने का अधिकार है.’
भारत सरकार के खिलाफ अलग मुकदमा भी चर्चा में
पन्नू ने हत्या की कथित साजिश को लेकर भारत सरकार के खिलाफ अमेरिका में दीवानी मुकदमा भी दायर किया है. इस मामले में अमेरिकी अदालत ने समन और न्यायिक दस्तावेज भारत की अदालतों के जरिए पहुंचाने का निर्देश दिया है. भारत ने इस मुकदमे को खारिज करते हुए इसे निराधार बताया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था, ‘हम अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोपों को खारिज करते हैं. हम इन निराधार मुकदमों को भी खारिज करते हैं. भारत में न्यायिक दस्तावेजों की तामील का अनुरोध केवल भारत के निर्धारित केंद्रीय प्राधिकरण यानी कानून और न्याय मंत्रालय के माध्यम से ही भेजा जा सकता है.’