Nainital Tourism: कभी हनीमून कपल्स की पहली पसंद था नैनीताल, अब बदल रहा है घूमने का ट्रेंड, जानें क्या है वजह?

Nainital Tourism: कभी हनीमून कपल्स की पहली पसंद था नैनीताल, अब बदल रहा है घूमने का ट्रेंड, जानें क्या है वजह?


नैनीताल: खूबसूरत पहाड़ियां, नैनीझील में नौकायन, ठंडी हवाएं और माल रोड पर हाथों में हाथ डालकर घूमने का रोमांटिक अहसास, कभी ये सब नैनीताल को नवविवाहित जोड़ों की पहली पसंद बनाते थे. शादी के बाद अपने खास पल बिताने के लिए देशभर से कपल्स सरोवर नगरी पहुंचते थे. नैनीताल की शांत वादियां और खूबसूरत प्राकृतिक वातावरण इसे देश के प्रमुख हनीमून डेस्टिनेशन में खास पहचान दिलाते थे. लेकिन समय के साथ पर्यटन का स्वरूप बदलने लगा है. अब नैनीताल में परिवारों, दोस्तों के समूह, युवाओं और वीकेंड ट्रिप पर आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ती दिखाई दे रही है. ऐसे में सवाल उठने लगा है कि क्या नैनीताल का पुराना हनीमून टूरिज्म धीरे-धीरे अपनी चमक खो रहा है.

करीब तीन दशक पहले नैनीताल में पर्यटकों की आवाजाही अलग-अलग सीजन के हिसाब से होती थी. पंजाब, गुजरात, दिल्ली और बंगाली सीजन के दौरान शहर में पर्यटकों की खास चहल-पहल रहती थी. नवविवाहित जोड़े लंबे समय तक नैनीताल में ठहरकर यहां की खूबसूरत वादियों, नैनीझील, माल रोड और आसपास के पर्यटन स्थलों का आनंद लेते थे. लेकिन अब पर्यटकों की यात्रा का तरीका बदल गया है. कम दिनों की छुट्टियां, वीकेंड ट्रिप, सोशल मीडिया और नए पर्यटन स्थलों के विकल्पों ने लोगों की घूमने की पसंद को प्रभावित किया है.

हनीमून कपल्स की जगह बढ़ा यूथ और ग्रुप टूरिज्म

नैनीताल में अब युवा पर्यटकों, दोस्तों के समूह और महिलाओं के ग्रुप में घूमने आने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है. पर्यटक कम समय में अधिक जगह घूमने और सोशल मीडिया के लिए तस्वीरें और वीडियो बनाने को प्राथमिकता दे रहे हैं. वहीं, कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर भी नैनीताल के पर्यटन कारोबार पर देखने को मिल रहा है. कई पर्यटक कैंची धाम के दर्शन करने के बाद नैनीताल पहुंचकर नैनीझील, माल रोड और आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं. होटल एसोसिएशन के महासचिव वेद शाह के अनुसार, पिछले करीब 30 वर्षों में नैनीताल के पर्यटन स्वरूप में काफी बदलाव आया है. पहले अलग-अलग सीजन के हिसाब से पर्यटकों की आवाजाही रहती थी, लेकिन धीरे-धीरे वीकेंड टूरिज्म बढ़ा और अब युवाओं के साथ महिलाओं के समूहों में घूमने आने का चलन भी काफी बढ़ गया है. कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर नैनीताल समेत आसपास के पर्यटन स्थलों पर भी पड़ा है.

सोशल मीडिया की नकारात्मक तस्वीरों से प्रभावित हो रहा पर्यटन?

पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि सोशल मीडिया पर नैनीताल की कुछ नकारात्मक तस्वीरें और वीडियो भी पर्यटकों की पसंद को प्रभावित कर रहे हैं. ट्रैफिक जाम, खराब सड़कें, पार्किंग की समस्या और अत्यधिक भीड़ को लेकर वायरल होने वाली रील्स कई बार शहर की छवि को प्रभावित करती हैं. वेद शाह के मुताबिक, सोशल मीडिया पर फेक रील्स और समस्याओं को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने से हनीमून के लिए नैनीताल आने वाले पर्यटकों का रुझान प्रभावित हुआ है. अब कई कपल भीड़भाड़ से दूर शांत और सुकून भरे पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देने लगे हैं.

अब भी नैनीताल पहुंच रहे कपल्स

हालांकि, फोटोग्राफर अक्रम खान का मानना है कि नैनीताल में कपल पर्यटकों की संख्या पहले की तुलना में बढ़ी है. शादी का सीजन शुरू होने के बाद कपल्स की आवाजाही में और तेजी आने की उम्मीद है. उन्होंने बताया कि अब कैंची धाम के दर्शन करने के बाद भी बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचते हैं और शहर में घूमने के साथ फोटोग्राफी कराते हैं. अक्रम खान के अनुसार, पहले नवंबर और दिसंबर के महीनों में नैनीताल में पर्यटकों की संख्या काफी कम रहती थी, लेकिन अब इन महीनों में भी अच्छी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं. इसके बावजूद हनीमून पर आने वाले कई जोड़े भीड़भाड़ से दूर शांत जगहों की तलाश कर रहे हैं. नैनीताल की हनीमून डेस्टिनेशन वाली पहचान पूरी तरह खत्म नहीं हुई है, लेकिन पर्यटन के बदलते ट्रेंड ने इसके स्वरूप को जरूर बदल दिया है. अब शहर को पुराने रोमांटिक पर्यटन के साथ नए पर्यटकों की पसंद, बेहतर सुविधाओं और शांत अनुभवों के बीच संतुलन बनाने की जरूरत है. यही आने वाले समय में नैनीताल के पर्यटन कारोबार की नई दिशा तय कर सकता है.



Source link