Integrated Farming System Model: जहां एक ओर छोटे किसान सीमित जमीन में परंपरागत तरीके से धान और गेहूं की खेती कर अपनी आजीविका चलाते हैं. वहीं दूसरी ओर खेती का एक ऐसा मॉडल भी है जिसमें कम जमीन में ही कई गतिविधियों को एक साथ संचालित किया जा सकता है. इस मॉडल में फसल उत्पादन के साथ गाय, बकरी, मुर्गी, बत्तख और मछली पालन के अलावा वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन भी किया जाता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि एक इकाई से निकलने वाला अपशिष्ट दूसरी इकाई के लिए उपयोगी संसाधन बन जाता है. इससे खेती की लागत घटती है और किसान की आमदनी के कई नए रास्ते खुलते हैं.
इस मॉडल में कम संसाधनों में मिलता है अधिक उत्पादन
दरअसल, यह खेती की समेकित कृषि प्रणाली है. कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज के वैज्ञानिक डॉ. सुशील कुमार ने एक मॉडल के माध्यम से इस प्रणाली की कार्यप्रणाली समझाई. उन्होंने बताया कि छोटे किसानों के लिए यह बेहद उपयोगी है. क्योंकि इसमें अलग-अलग कृषि गतिविधियों को आपस में जोड़कर कम संसाधनों में अधिक उत्पादन लिया जा सकता है.
एक फसल पर निर्भरता कम, बढ़ेंगे आय के स्रोत
डॉ.सुशील कुमार के अनुसार, बार-बार एक ही फसल उगाने से प्रबंधन, सही बाजार मूल्य और कटाई के बाद फसल अवशेषों के निस्तारण जैसी समस्याएं आती हैं. यदि किसान केवल फसल पर निर्भर रहने के बजाय पशुपालन, मछली पालन और जैविक खाद उत्पादन को भी जोड़ लें, तो आय के स्रोत बढ़ते हैं. समेकित कृषि प्रणाली इसी सोच पर आधारित है.
तालाब, चारा और जल संरक्षण
इस मॉडल में खेत के सबसे निचले हिस्से में तालाब बनाया जाता है. इसके आसपास फसल उत्पादन के साथ पशुओं के लिए हरे चारे की खेती की जाती है. यहीं गाय, बकरी, बत्तख और मछली पालन की व्यवस्था रहती है. सिंचाई या बारिश का अतिरिक्त पानी बहकर तालाब में जमा हो जाता है. जिसका उपयोग मछली पालन और जरूरत पड़ने पर सिंचाई में किया जाता है. इससे जल का बेहतर प्रबंधन होता है.
पुआल से चारा और गोबर से जैविक खाद
इस प्रणाली में फसल अवशेषों का पूरा उपयोग होता है. धान की कटाई के बाद बचा पुआल पशुओं के चारे के काम आता है, जबकि गाय के गोबर से वर्मी कंपोस्ट तैयार किया जाता है. यह जैविक खाद दोबारा खेत में उपयोग होती है, जिससे बाजार से खाद खरीदने का खर्च कम होता है.
दूध, अंडे और मछली से अतिरिक्त कमाई
तालाब केवल जल संचयन का माध्यम नहीं, बल्कि अतिरिक्त आय का जरिया भी है. इसमें मछली पालन के साथ बत्तख पालन भी किया जा सकता है, जो पानी में मौजूद छोटे जीवों को खाती हैं और अंडे देती हैं. वहीं गाय से दूध और गोबर दोनों प्राप्त होते हैं.
मशरूम, बकरी और मुर्गी पालन का लाभ
अधिक मात्रा में बचे धान के अवशेषों से मशरूम उत्पादन किया जा सकता है तथा बकरियों को चारा भी दिया जा सकता है. मुर्गी पालन से अंडे और अन्य उत्पाद मिलते हैं. जबकि इसके अपशिष्ट का उपयोग खाद या जैविक संसाधन के रूप में किया जाता है. इस तरह हर गतिविधि एक-दूसरे से जुड़कर खेती को अधिक लाभकारी बनाती है.