Devutthani Ekadashi 2026 Today: आज देवउठनी एकादशी का व्रत किया जाएगा, हर वर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देवउठनी एकादशी तिथि का व्रत किया जाता है. देवउठनी एकादशी को कार्तिक एकादशी, हरि प्रबोधिनी एकादशी, देवोत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है. देवउठनी एकादशी के दिन ही भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं. इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत का मार्ग खुल जाता है. देवउठनी एकादशी के मौके पर त्रिग्रही योग, रवि योग समेत कई शुभ योग बन रहे हैं, जिससे आज के दिन का महत्व और भी बढ़ गया है. कई जगहों पर इस दिन तुलसी विवाह का भी आयोजन भी किया जाता है. आइए जानते हैं देवउठनी एकादशी का महत्व, पूजा विधि, शुभ मुहूर्त, आरती…
देवउठनी एकादशी 2026 आज
एकादशी तिथि प्रारंभ: 20 नवंबर, सुबह 7:15 बजे
एकादशी तिथि समाप्त: 21 नवंबर, सुबह 6:31 बजे
पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी और 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर समाप्त होगी. उदया तिथि के आधार पर गृहस्थ लोग 20 नवंबर को व्रत रखेंगे. वहीं वैष्णव परंपरा में 21 नवंबर को व्रत रखा जाएगा.
देवउठनी एकादशी 2026 शुभ मुहूर्त
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:01 से 5:54 बजे
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:45 से दोपहर 12:28 बजे
विजय मुहूर्त: 01:54 पी एम से 02:36 पी एम
गोधूलि मुहूर्त: 05:27 पी एम से 05:53 पी एम
निशिता मुहूर्त: 11:41 पी एम से 12:34 ए एम, 21 नवंबर
देवउठनी एकादशी 2026 पारण
देवउठनी एकादशी व्रत पारण: 21 नवंबर, दोपहर 1 बजकर 11 मिनट से 3 बजकर 18 मिनट तक
देवउठनी एकादशी का धार्मिक महत्व
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी को चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं. इसके बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं. इन चार महीनों को चातुर्मास कहा जाता है. इस दौरान विवाह और अन्य मांगलिक कार्य सामान्यतः नहीं किए जाते. भगवान विष्णु के जागने के साथ ही विवाह का शुभ समय दोबारा शुरू हो जाता है. इस दिन कई स्थानों पर तुलसी विवाह की परंपरा भी निभाई जाती है, जिसमें माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने से सुख-समृद्धि और सौभाग्य की प्राप्ति होती है.
अब शुरू होंगे मांगलिक कार्य
देवउठनी एकादशी के साथ ही चार महीने का चातुर्मास का समापन हो जाता है और इस दिन से हिंदू धर्म में शुभ व मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है. शादी-विवाह, सगाई, गृह प्रवेश और अन्य शुभ आयोजनों की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. यही वजह है कि इस पर्व के बाद बाजारों में रौनक बढ़ने लगती है और घरों में शहनाइयां बजने का सिलसिला शुरू हो जाता है.
देवउठनी एकादशी की पूजा विधि
- इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें.
- भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें.
- पूजा स्थल को साफ करके गंगाजल से छिड़काव करें.
- चौकी पर पीला कपड़ा बिछाकर भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें. साथ में शालिग्राम और तुलसी का पौधा भी रखें.
- दीपक जलाकर भगवान विष्णु को पीले फूल, फल, तुलसी दल, धूप और दीप अर्पित करें.
भगवान विष्णु को वस्त्र, पंचामृत और ऋतुफल का भोग लगाएं. - पूजा के दौरान ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जप करें. साथ ही विष्णु सहस्रनाम और गीता का पाठ करें.
- शाम के समय घर के आंगन में दीपक जलाएं और शंख तथा घंटियां बजाकर भगवान विष्णुको योगनिद्रा से जागने का आह्वान करें.
भगवान विष्णु की आरती, ॐ जय जगदीश हरे
ॐ जय जगदीश हरे, स्वामी! जय जगदीश हरे।
भक्त जनों के संकट, दास जनों के संकट, क्षण में दूर करे॥
ॐ जय जगदीश हरे
जो ध्यावे फल पावे, दुख बिनसे मन का।
सुख सम्पत्ति घर आवे, कष्ट मिटे तन का॥
ॐ जय जगदीश हरे
मात पिता तुम मेरे, शरण गहूं किसकी।
तुम बिन और न दूजा, आस करूं जिसकी॥
ॐ जय जगदीश हरे
तुम पूरण परमात्मा, तुम अंतरयामी।
पारब्रह्म परमेश्वर, तुम सबके स्वामी॥
ॐ जय जगदीश हरे
तुम करुणा के सागर, तुम पालनकर्ता।
मैं मूरख खल कामी, कृपा करो भर्ता॥
ॐ जय जगदीश हरे
तुम हो एक अगोचर, सबके प्राणपति।
किस विधि मिलूं दयामय, तुमको मैं कुमति॥
ॐ जय जगदीश हरे
दीनबंधु दुखहर्ता, तुम ठाकुर मेरे।
अपने हाथ उठाओ, द्वार पड़ा तेरे॥
ॐ जय जगदीश हरे
विषय विकार मिटाओ, पाप हरो देवा।
श्रद्धा भक्ति बढ़ाओ, संतन की सेवा॥
ॐ जय जगदीश हरे
तन मन धन और सब कुछ, है तेरा स्वामी।
सब कुछ है तेरा, तेरा तुझको अर्पण, क्या लागे मेरा॥
ॐ जय जगदीश हरे, स्वामी जय जगदीश हरे