1.25 करोड़ की संपत्ति का हिसाब बताइए, बाजपट्टी प्रमुख अफजल आलम पर EOU का शिकंजा, आय से 260% अधिक प्रॉपर्टी का आरोप

1.25 करोड़ की संपत्ति का हिसाब बताइए, बाजपट्टी प्रमुख अफजल आलम पर EOU का शिकंजा, आय से 260% अधिक प्रॉपर्टी का आरोप


Last Updated:

Sitamarhi EOU Raid: सीतामढ़ी के बाजपट्टी में गुरुवार को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की छापेमारी से हड़कंप मच गया. टीम ने प्रखंड प्रमुख अफजल आलम से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की. करीब दो दर्जन वाहनों के काफिले के साथ पहुंची टीम को देखकर इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

सीतामढ़ी में प्रखंड प्रमुख अफजल आलम के ठिकानों पर EOU का छापा, दो दर्जन गाड़ियों से पहुंची टीम

सीतामढ़ी. बिहार के सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड में गुरुवार को आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU की बड़ी कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया. EOU की टीम ने बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख अफजल आलम के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की. बताया जा रहा है कि टीम करीब दो दर्जन वाहनों के काफिले के साथ अलग-अलग ठिकानों पर पहुंची. छापेमारी की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी. वहीं, कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए. पुलिस बल की तैनाती चप्पे-चप्पे पर की गई, ताकि छापेमारी के दौरान किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो.

कहां-कहां हुई छापेमारी, 3 या 4 ठिकाने

इस छापेमारी को लेकर शुरुआत में 4 ठिकानों की बात सामने आई थी, लेकिन अब साफ हो रहा है कि EOU की टीम बाजपट्टी में अफजल आलम के तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ जांच कर रही है. इसके अलावा उनके भाई के आवास पर भी EOU की टीम पहुंचकर छानबीन कर रही है, यानी कुल 4 जगहों पर कार्रवाई चल रही है. बता दें कि EOU की तीन टीमें अलग-अलग ठिकानों पर पहुंची हैं और टीमों ने सभी जगहों को घेरकर जांच शुरू की.

किन 4 ठिकानों पर चल रही है तलाशी

EOU की टीम जिन 4 ठिकानों पर तलाशी ले रही है, वे इस प्रकार हैं:-

  • मोहम्मद अफजल आलम, प्रखंड प्रमुख, बाजपट्टी, सीतामढ़ी का पैतृक मकान.
  • मोहम्मद अफजल आलम, प्रखंड प्रमुख, बाजपट्टी, सीतामढ़ी का निजी मकान.
  • साकिन और थाना बाजपट्टी, जिला सीतामढ़ी स्थित प्रखंड प्रमुख का सरकारी कार्यालय.
  • ग्राम मकसुदपुर, थाना औराई, जिला मुजफ्फरपुर स्थित मोहम्मद अफजल आलम, प्रखंड प्रमुख, बाजपट्टी, सीतामढ़ी का निजी आवास.

इन चारों जगहों पर EOU की अलग-अलग टीमें एक साथ तलाशी ले रही हैं. टीमों ने सभी ठिकानों को घेरकर जांच शुरू की है.

किस मामले में हो रही है कार्रवाई

बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच के तहत की जा रही है. जानकारी के अनुसार, अफजल आलम पर आय से 259 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है और EOU की टीम का मुख्य फोकस अफजल आलम और उनके परिजनों के नाम पर दर्ज संपत्तियों का पता लगाना है. जांच अधिकारी उनकी आय के ज्ञात स्रोतों और अर्जित की गई संपत्ति के बीच के अंतर को खंगाल रहे हैं. छापेमारी के दौरान जमीन के कागजात, वित्तीय लेन-देन से जुड़े अभिलेख और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की जा रही है.

क्या-क्या मिला, अभी खुलासा नहीं

EOU की टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच कर रही है. हालांकि, आर्थिक अपराध इकाई की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है. छापेमारी में क्या-क्या बरामद हुआ है और कुल कितनी संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले हैं, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है. EOU की जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है.



Source link