दुनियाभर में किंग खान का डंका, ‘100 ग्रेटेस्ट मूवी स्टार्स’ में शाहरुख इकलौते इंडियन स्टार, TOP 10 में हैं ये दिग्गज

दुनियाभर में किंग खान का डंका, ‘100 ग्रेटेस्ट मूवी स्टार्स’ में शाहरुख इकलौते इंडियन स्टार, TOP 10 में हैं ये दिग्गज


Last Updated:

शाहरुख खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं. दिसंबर में बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रहे किंग खान को रिलीज से पहले ही एक ऐसी खुशखबरी मिली है, जिसने उनके फैंस का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है. दुनियाभर के दिग्गज फिल्मी सितारों के बीच अपनी जगह बनाकर शाहरुख ने साबित कर दिया है कि उनका स्टारडम आज भी बरकरार है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

सुपरस्टार शाहरुख खान के फैंस लिस्ट को देख काफी खुश हैं. (फोटो साभार: IMDb)

नई दिल्ली. बॉलीवुड के बादशाह यानी शाहरुख खान का स्टारडम सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया उनकी दीवानी है. ये एक बार फिर साबित हो गया. आप सोच रहे होंगे वो कैसे तो जनाब इस बात पर अंतरराष्ट्रीय मुहर लगी है. मशहूर अमेरिकी एंटरटेनमेंट मैगजीन ‘वैरायटी’ ने 18 नवंबर 2026 को ‘100 ग्रेटेस्ट मूवी स्टार्स ऑफ ऑल टाइम’ की लिस्ट जारी की है. जिसमें शाहरुख खान इकलौते इंडियन स्टार हैं. इस लिस्ट में वो टॉप 10 में तो नहीं हैं लेकिन टॉप 100 में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे.

इस लिस्ट में बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान को 92वां स्थान मिला है. इस लिस्ट में वह इकलौते इंडियन स्टार हैं. वैरायटी ने शाहरुख के करियर की खास फिल्म के तौर पर संजय लीला भंसाली की ‘देवदास’ को चुना है. इस लिस्ट में हॉलीवुड से लेकर जापानी सिनेमा तक के कई बड़े नाम शामिल हैं.

92वें नंबर पर शाहरुख खान, ‘देवदास’ को मिली खास जगह

शाहरुख खान ने साल 1992 में फिल्म ‘दीवाना’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. शुरुआती दौर में उन्होंने ‘बाजीगर’ और ‘डर’ जैसी फिल्मों में नेगेटिव और जुनूनी प्रेमी के किरदार निभाए. इसके बाद उनका रोमांटिक अंदाज दर्शकों के बीच ऐसा लोकप्रिय हुआ कि वह बॉलीवुड के रोमांस किंग कहलाने लगे. ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘दिल तो पागल है’, ‘कुछ कुछ होता है’ और ‘कभी खुशी कभी गम’ जैसी फिल्मों ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई. हालांकि, शाहरुख ने खुद को सिर्फ रोमांटिक किरदारों तक सीमित नहीं रखा. ‘स्वदेस’ में नासा के वैज्ञानिक, ‘चक दे! इंडिया’ में हॉकी कोच, ‘माई नेम इज खान’ में रिजवान खान और ‘डॉन’ में गैंगस्टर बनकर उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता दिखाई. वैरायटी ने उनकी फिल्मों में ‘देवदास’ को शामिल किया है. साल 2002 में आई इस फिल्म में शाहरुख ने देवदास का किरदार निभाया था. फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन पारो और माधुरी दीक्षित चंद्रमुखी के रोल में थीं. संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस फिल्म को 2002 के कान फिल्म फेस्टिवल में पाल्मे डी’ओर के लिए भी नामांकन मिला था.

कौन हैं दुनिया के टॉप 10 महान फिल्मी सितारे?

वैरायटी की इस लिस्ट में पहले नंबर पर हॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस मर्लिन मुनरो हैं. दूसरे नंबर पर हम्फ्री बोगार्ट और तीसरे पर चार्ली चैपलिन हैं.

  1. मर्लिन मुनरो – ‘जेंटलमेन प्रेफर ब्लॉन्ड्स’
  2. हम्फ्री बोगार्ट – ‘कैसाब्लांका’
  3. चार्ली चैपलिन – ‘द गोल्ड रश’
  4. जैक निकोलसन – ‘वन फ्लू ओवर द कुकूज नेस्ट’
  5. कैथरीन हेपबर्न – ‘द फिलाडेल्फिया स्टोरी’
  6. सिडनी पोइटियर – ‘इन द हीट ऑफ द नाइट’
  7. मार्लन ब्रैंडो – ‘ऑन द वॉटरफ्रंट’
  8. टॉम क्रूज – ‘टॉप गन’
  9. तोशिरो मिफुने – ‘सेवन समुराई’
  10. बारबरा स्ट्रीसैंड – ‘फनी गर्ल’

शाहरुख के अलावा ये दो एशियाई सितारे भी शामिल

शाहरुख खान के अलावा इस लिस्ट में एशिया के दो और बड़े सितारों को जगह मिली है. जापानी एक्टर तोशिरो मिफुने के अलावा मार्शल आर्ट्स के दिग्गज ब्रूस ली 53वें नंबर पर हैं. उनकी खास फिल्म के तौर पर ‘एंटर द ड्रैगन’ को चुना गया है. वहीं, हॉलीवुड के कई चर्चित सितारों की रैंकिंग भी इस लिस्ट में सामने आई है. जूलिया रॉबर्ट्स 13वें, टॉम हैंक्स 17वें, डेंजल वॉशिंगटन 20वें, मेरिल स्ट्रीप 27वें और लियोनार्डो डिकैप्रियो 38वें स्थान पर हैं. नई पीढ़ी के सितारों में रॉबर्ट पैटिनसन 83वें, टिमोथी शैलमे 86वें और जेंडाया 98वें नंबर पर हैं.

बॉक्स ऑफिस नहीं, इन खूबियों के आधार पर बनी लिस्ट

इस रैंकिंग को वैरायटी के फिल्म समीक्षकों ने तैयार किया है. इसमें केवल फिल्मों की कमाई या सितारों की लोकप्रियता को आधार नहीं बनाया गया, बल्कि पर्दे पर कलाकारों की मौजूदगी, उनके अभिनय और सिनेमा व संस्कृति पर उनके लंबे प्रभाव को भी महत्व दिया गया है. यही वजह है कि तीन दशक से ज्यादा समय से फिल्मों में सक्रिय शाहरुख खान का नाम इस लिस्ट में शामिल होना खास माना जा रहा है. ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों से 2023 में बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी करने वाले एक्टर अब जल्द ‘किंग’ में नजर आने वाले हैं. फिल्म में उनकी बेटी सुहाना भी नजर आएंगी.



Source link