जितेंद्र के बेटे तुषार कपूर को ऐसे मिला था पहला ब्रेक, करीना कपूर संग जमी थी जोड़ी, रूमी जाफरी बने थे मददगार

जितेंद्र के बेटे तुषार कपूर को ऐसे मिला था पहला ब्रेक, करीना कपूर संग जमी थी जोड़ी, रूमी जाफरी बने थे मददगार


Last Updated:

अभिनेता तुषार कपूर ने अभिनय में आने से पहले डेविड धवन के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया था. उन्हें पहली फिल्म ‘मुझे कुछ कहना है’ रूमी जाफरी की सिफारिश पर मिली थी.

अभिनेता तुषार कपूर ने फिल्मी दुनिया में कदम तो एक स्टार परिवार के बेटे के तौर पर रखा, लेकिन पर्दे पर हीरो बनने से पहले उन्होंने कैमरे के पीछे रहकर फिल्म बनाने का काम सीखा था. अभिनेता जितेंद्र के बेटे और एकता कपूर के भाई होने के बावजूद तुषार ने सीधे फिल्मों में लॉन्च होने के बजाय असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर अपना सफर शुरू किया. उन्होंने निर्देशक डेविड धवन के साथ काम किया और फिल्म निर्माण की बारीकियां समझीं. दिलचस्प बात यह है कि इसी दौरान एक लेखक की नजर उन पर पड़ी और फिर उन्हें अपनी पहली फिल्म ‘मुझे कुछ कहना है’ मिल गई. (Insta/tusshark89)

तुषार ने साल 1999 में डेविड धवन के साथ काम करना शुरू किया था. उन्होंने निर्देशक की फिल्मों ‘चल मेरे भाई’, ‘कुंवारा’ और ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया. साल 2026 में फिल्म ‘मुझे कुछ कहना है’ के 25 साल पूरे होने पर दिए एक इंटरव्यू में तुषार ने अपने शुरुआती दिनों का यह किस्सा साझा किया था. (Insta/tusshark89)

उन्होंने बताया कि वह अमेरिका से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी करके भारत लौटे थे, हालांकि उनका परिवार पहले से ही फिल्मों से जुड़ा था, लेकिन उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का कोई अनुभव नहीं था. इसलिए उन्होंने पहले असिस्टेंट डायरेक्टर बनकर फिल्म निर्माण को समझने का फैसला किया. (Insta/tusshark89)

Add News18 as
Preferred Source on Google

तुषार ने बताया कि डेविड धवन के सेट पर काम करते समय लेखक रूमी जाफरी ने उन्हें देखा था. रूमी ने उन्हें बताया कि निर्माता वाशु भगनानी अपनी अगली फिल्म के लिए एक नए लड़के की तलाश कर रहे हैं. उन्होंने तुषार से पूछा कि क्या वह अभिनेता बनना चाहेंगे. इस पर तुषार ने कहा कि वह किसी भी अच्छे मौके के लिए तैयार हैं और उन्हें बस कहीं से शुरुआत करनी है. इसके बाद रूमी जाफरी ने उनका नाम वाशु भगनानी को सुझाया और उन्हें फिल्म ‘मुझे कुछ कहना है’ में काम करने का मौका मिल गया. (Insta/tusshark89)

साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘मुझे कुछ कहना है’ तुषार कपूर की पहली फिल्म थी. इसमें उनके साथ करीना कपूर नजर आई थीं. फिल्म का निर्देशन सतीश कौशिक ने किया था, जबकि अमरीश पुरी भी अहम भूमिका में थे. यह फिल्म तेलुगु फिल्म ‘थोली प्रेमा’ की हिंदी रीमेक थी. फिल्म में तुषार ने करण का किरदार निभाया था, जो एक लड़की से प्यार करता है और उसे अपने दिल की बात बताने की कोशिश करता है. फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और तुषार की एक्टिंग को भी पसंद किया गया. इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड मिला था. (Insta/tusshark89)

तुषार ने अपने एक अन्य इंटरव्यू में बताया था कि जब उन्हें फिल्म ऑफर हुई, तब उन्हें खुद नहीं पता था कि वह अभिनय कर पाएंगे या नहीं. वह इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं थे कि अभिनेता के तौर पर वह कितने सफल होंगे, लेकिन उन्होंने मौका मिलने पर पीछे हटने के बजाय काम शुरू कर दिया. उन्होंने रोशन तनेजा और महेंद्र वर्मा से अभिनय की ट्रेनिंग भी ली. इसके अलावा उन्होंने उर्दू और डांस की क्लास भी की, ताकि पर्दे पर अपने किरदार को बेहतर तरीके से निभा सकें. (Insta/tusshark89)

पहली फिल्म से मिली पहचान के बाद तुषार ने ‘क्या दिल ने कहा’, ‘जीना सिर्फ मेरे लिए’, ‘कुछ तो है’ और ‘गायब’ जैसी फिल्मों में काम किया. हालांकि शुरुआती फिल्मों से उन्हें वैसी सफलता नहीं मिली, जिसकी उम्मीद थी. साल 2005 में आई फिल्म ‘क्या कूल हैं हम’ ने उनके करियर को नई दिशा दी. इसके बाद साल 2006 में रोहित शेट्टी की फिल्म ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ में लकी का किरदार उनके करियर की सबसे बड़ी पहचान बन गया. इस फिल्म में उनका किरदार बोल नहीं सकता था, लेकिन उनके हाव-भाव और कॉमेडी ने दर्शकों को खूब हंसाया. (Insta/tusshark89)

तुषार ने ‘खाकी’, ‘शोर इन द सिटी’, ‘द डर्टी पिक्चर’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ और ‘शूटआउट एट वडाला’ जैसी फिल्मों में भी अलग-अलग तरह के किरदार निभाए. वह ‘गोलमाल रिटर्न्स’, ‘गोलमाल 3’ और ‘गोलमाल अगेन’ में भी लकी के किरदार में नजर आए. (Insta/tusshark89)

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link