जयपुर. यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने खातीपुरा (जयपुर) से पुणे के खड़की स्टेशन के बीच वन ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. यह ट्रेन 22 नवंबर को खातीपुरा से रवाना होगी और 24 नवंबर को वापस जयपुर पहुंचेगी. इससे राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी.
इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में होगा. इसके अलावा ट्रेन रतलाम, वडोदरा, सूरत, लोनावला, पनवेल और वसई रोड समेत कई स्टेशनों पर भी रुकेगी.
रेलवे के अनुसार, स्पेशल ट्रेन 22 नवंबर को सुबह 6 बजे खातीपुरा स्टेशन से रवाना होगी. अगले दिन यानी 23 नवंबर को सुबह 7 बजे खड़की स्टेशन पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन 23 नवंबर को सुबह 8:45 बजे खड़की से रवाना होकर 24 नवंबर को सुबह 8:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी.
20 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, ट्रेन गांधीनगर जयपुर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, बिजयनगर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, निंबाहेड़ा, मंदसौर और रतलाम स्टेशन पर रुकेगी. इसके अलावा वडोदरा, सूरत, वसई रोड, पनवेल और लोनावला स्टेशन पर भी इसका ठहराव रहेगा. यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे. इनमें 2 सेकंड एसी, 8 थर्ड एसी, 4 स्लीपर और 4 सामान्य श्रेणी के कोच होंगे. इसके अलावा ट्रेन में 2 पावर कार कोच भी लगाए जाएंगे.
कई शहरों के यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
रेलवे के मुताबिक, इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से खातीपुरा और खड़की के साथ रास्ते में पड़ने वाले कई शहरों के यात्रियों को फायदा होगा. खासकर जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, रतलाम, सूरत और मुंबई क्षेत्र की ओर जाने वाले यात्रियों को सफर के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.