Last Updated:
फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनवाने के मामले में जबलपुर एटीएस ने तीन अफगानी संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. इनको कोलकाता से पकड़ा गया है. कोर्ट में पेश करने के बाद एटीएस को इनकी रिमांड भी मिल गई है. अब पूछताछ में एटीएस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह तीनों किस तरह से भारत में दाखिल हुए और इनकी मदद कौन कर रहा है.
जबलपुर एटीएस ने तीन अफगानी संदिग्धों को पकड़ा
मध्य प्रदेश के जबलपुर के पते पर एक बार फिर अफगानी नागरिकों के फर्जी दस्तावेजों का मामला सामने आया है. जबलपुर ATS ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के कोलकाता से तीन अफगानी संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान अयूब, अब्दुल बारी और असलम के रूप में हुई है. तीनों पर फर्जी पासपोर्ट और वीजा के जरिए भारत में रहने का संदेह है. ATS ने गुरुवार को तीनों को जबलपुर लाकर विक्टोरिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया और फिर कोर्ट में पेश किया. अदालत ने पूछताछ के लिए तीनों को 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है.
वीजा की हो रही जांच
मेडिकल टेस्ट के दौरान तीनों आरोपियों के चेहरे ढंके हुए थे. ATS अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों अफगानी नागरिक भारत में कब और किस रास्ते से दाखिल हुए थे. इनके पासपोर्ट और वीजा की जांच की जा रही है. इसके लिए भारतीय और अफगानिस्तान के दूतावास से भी संपर्क किया जा रहा है. जांच एजेंसी को इनके स्थानीय संपर्कों और मददगारों की तलाश है.
कोलकाता तक पहुंची जांच की कड़ी
जबलपुर में अफगानी नागरिकों के फर्जी दस्तावेज तैयार कराने का मामला पहले भी सामने आ चुका है. AK-47 के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करने वाले सोहबत खान की गिरफ्तारी के बाद जांच में खुलासा हुआ था कि स्थानीय मददगारों की मिलीभगत से अफगानी नागरिकों ने आधार कार्ड, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट तक बनवा लिए थे.
इस मामले में सोहबत के अलावा अकबर और इकबाल नाम के अफगानी नागरिक भी गिरफ्तार किए गए थे. जांच की कड़ियां कोलकाता तक पहुंची थीं. वहीं भोपाल और डबरा में भी विदेशी नागरिकों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पहचान दिलाने वाले गिरोह पकड़े जा चुके हैं.
पूछताछ में बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद
अब तीन नए अफगानी संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद ATS एक बार फिर फर्जी पासपोर्ट और वीजा के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है. सवाल यह है कि आखिर विदेशी नागरिकों को भारतीय पहचान दिलाने के पीछे कौन-कौन मददगार हैं और इस नेटवर्क की जड़ें कितनी गहरी हैं. फिलहाल ATS की पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है.