कौन हैं अनन्या बिड़ला? अरबपति पिता की बेटी, सिंगिंग में आजमाई किस्मत, अब रणवीर सिंह की फिल्म पर लगा रहीं पैसा

कौन हैं अनन्या बिड़ला? अरबपति पिता की बेटी, सिंगिंग में आजमाई किस्मत, अब रणवीर सिंह की फिल्म पर लगा रहीं पैसा


Last Updated:

Who is Ananya Birla: फिल्मों की दुनिया में अब एक नया नाम अपनी जगह बना रहा है. यह नाम किसी स्टार किड या फिल्मी परिवार से नहीं, बल्कि देश के बड़े कारोबारी घराने से जुड़ा है. कभी माइक्रोफोन थामकर संगीत की दुनिया में कदम रखने वाली इस शख्सियत ने अब फिल्मों के कारोबार में भी दिलचस्पी दिखाई है. आखिर कौन हैं अनन्या बिड़ला और कैसे जुड़ा उनका नाम रणवीर सिंह की ‘प्रलय’ से?

नई दिल्ली. बॉलीवुड में अब सिर्फ सितारों और फिल्ममेकर्स की ही चर्चा नहीं होती, बल्कि उन बड़े कारोबारियों पर भी नजर रहती है जो फिल्मों में पैसा लगा रहे हैं. ऐसी ही एक शख्सियत हैं अनन्या बिड़ला. बिजनेस की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली अनन्या अब फिल्म इंडस्ट्री में भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं. उनके पास परिवार का बड़ा कारोबारी साम्राज्य है, लेकिन उन्होंने अपनी पहचान बनाने के लिए संगीत से लेकर फिल्म निर्माण तक कई रास्ते आजमाए हैं. अब वह रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म ‘प्रलय’ को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण’ में भी उन्होंने अपनी जिंदगी और करियर से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए. फोटो साभार-@ananyabirla/Instagram

अनन्या बिड़ला देश के बड़े उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला की बेटी हैं. वह आदित्य बिड़ला ग्रुप से जुड़े कारोबार में भी अहम जिम्मेदारियां संभाल रही हैं. हालांकि, उनकी पहचान सिर्फ एक बिजनेस परिवार की बेटी तक सीमित नहीं है. उन्होंने फाइनेंशियल सर्विसेज, ब्यूटी, रियल एस्टेट और एंटरटेनमेंट जैसे क्षेत्रों में अपनी दिलचस्पी दिखाई है. फोटो साभार-@ananyabirla/Instagram

अनन्या ने अब फिल्म निर्माण की दुनिया में भी कदम रख दिया है. इसके लिए उन्होंने बिरला स्टूडियोज की शुरुआत की है. बतौर निर्माता उनकी पहली फिल्म इम्तियाज अली की ‘मैं वापस आऊंगा’ रही. इसमें दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना जैसे कलाकार नजर आए. फिल्म को लेकर अनन्या ने करण जौहर के शो में अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि इम्तियाज अली जैसे फिल्ममेकर के साथ काम करना उनके लिए गर्व की बात है. फोटो साभार-@ananyabirla/Instagram

Add News18 as
Preferred Source on Google

अब उनका अगला बड़ा प्रोजेक्ट रणवीर सिंह की फिल्म ‘प्रलय’ है. इसका निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं और इसे बिरला स्टूडियोज का समर्थन हासिल है. बताया जा रहा है कि यह एक बड़े बजट की जॉम्बी थ्रिलर फिल्म होगी. अनन्या ने शो में इस फिल्म को शानदार सिनेमाई अनुभव बताया और उम्मीद जताई कि दर्शकों को यह पसंद आएगी. यह फिल्म रणवीर की ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी के बाद आने वाले प्रोजेक्ट्स में शामिल है. 

फिल्मों से पहले अनन्या बिड़ला ने संगीत की दुनिया में भी अपनी किस्मत आजमाई थी. उन्होंने 2016 में ‘लिविन द लाइफ’ से बतौर सिंगर शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने ‘मींट टू बी’, ‘कफ्ड’ और ‘बेटर’ जैसे कई अंग्रेजी गाने रिलीज किए. उन्होंने एआर रहमान के साथ भी काम किया. दोनों का गाना ‘हिंदुस्तानी वे’ टोक्यो ओलंपिक के दौरान भारत का चीयर सॉन्ग बना था. फोटो साभार-@ananyabirla/Instagram

हालांकि, संगीत में उनका सफर वैसा नहीं रहा, जैसी उन्होंने उम्मीद की थी. ‘कॉफी विद करण’ में अनन्या ने खुद कबूल किया कि संगीत में उनकी कोशिश वैसी सफल नहीं रही, जैसी वह चाहती थीं. मई 2024 में उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए संगीत से दूरी बनाने का ऐलान किया था. उन्होंने बताया था कि बिजनेस और म्यूजिक दोनों को एक साथ संभालना मुश्किल हो रहा था. यह फैसला उनके लिए बेहद कठिन था. फोटो साभार-@ananyabirla/Instagram

बिड़ला परिवार का कारोबारी इतिहास करीब दो सदियों पुराना है. इसकी शुरुआत राजस्थान के पिलानी से हुई थी. परिवार के शुरुआती कारोबारी सेठ शिव नारायण बिड़ला ने कपास के व्यापार से कारोबार की नींव रखी थी. आगे चलकर घनश्याम दास बिड़ला ने इस साम्राज्य को बड़ा विस्तार दिया. उन्होंने टेक्सटाइल, एल्युमिनियम, सीमेंट और केमिकल जैसे क्षेत्रों में कारोबार स्थापित किया. वह महात्मा गांधी के करीबी सहयोगी भी थे और स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी अहम भूमिका रही. फोटो साभार-@ananyabirla/Instagram

इसके बाद आदित्य विक्रम बिड़ला ने परिवार के कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया. साल 1995 में उनके निधन के बाद महज 28 साल की उम्र में कुमार मंगलम बिड़ला ने समूह की जिम्मेदारी संभाली. आज अनन्या और उनके भाई आर्यमान विक्रम बिड़ला परिवार की अगली पीढ़ी के रूप में इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं. फोटो साभार-@ananyabirla/Instagram

अनन्या की पर्सनल नेटवर्थ के ऑफिशियल आंकड़े तो नहीं हैं. लेकिन उनके पापा यानी कुमार मंगलम बिड़ला देश के सबसे अमीर उद्योगपतियों में गिने जाते हैं. फोर्ब्स की 2026 की भारतीय अमीरों की लिस्ट में वो शामिल हैं. उनकी संपत्ति करीब 23.2 अरब डॉलर यानी लगभग 2.17 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है. फोटो साभार-@ananyabirla/Instagram

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link