किसानों के लिए आ रहा जैविक ‘ब्रह्मास्त्र’, हर तरह के कीटों का करेगा सफाया, जानें खाद बनाने की विधि

किसानों के लिए आ रहा जैविक ‘ब्रह्मास्त्र’, हर तरह के कीटों का करेगा सफाया, जानें खाद बनाने की विधि


Last Updated:

सीतामढ़ी में किसानों के लिए ‘ब्रह्मास्त्र’ नाम से जैविक कीटनाशक आ रहा है. यह हर तरह के कीटों को खत्म करने के लिए तैयार किया जा रहा है. नीम, आक, धतूरा, हल्दी और गोमूत्र से यह बनेगा. खबर में वर्मी कंपोस्ट खाद बनाने का तरीका भी बताया गया है.

ख़बरें फटाफट

सीतामढ़ीः सीतामढ़ी के सोनमा गांव के खाद्य कारोबारी राम विनय सिंह कुशवाहा ने बताया किवर्मी कंपोस्ट तैयार करने की प्रक्रिया बेहद व्यवस्थित और सरल है. सबसे पहले बेड में परत बिछाई जाती है, जिसके ऊपर गोबर डाला जाता है. गोबर डालने के बाद उसमें केंचुए छोड़े जाते हैं और पूरे बेड को केले के पत्तों से ढक दिया जाता है. इसके बाद नियमित रूप से सुबह और शाम पानी का छिड़काव किया जाता है, जिससे केंचुओं को काम करने के लिए उपयुक्त नमी और वातावरण मिलता रहता है.

उत्पादन चक्र, उपज और सुखाने की प्रक्रिया
खाद तैयार होने की समय-सीमा के बारे में बताया गया कि केंचुए आमतौर पर छह इंच से अधिक गहराई तक नहीं जाते हैं. वे ऊपरी छह इंच की परत को खाकर भुरभुरा बना देते हैं, जिसे लगभग 15 से 20 दिनों के अंतराल में निकाल लिया जाता है. ऊपरी परत हटने के बाद केंचुए धीरे-धीरे नीचे की ओर बढ़ते जाते हैं और क्रमशः छह-छह इंच की परतें तैयार होती रहती हैं. इस प्रकार एक पूरे बेड को पूरी तरह खाली करने में लगभग एक साल का समय लग जाता है। यदि बेड का आकार 5 गुणा 38 फीट हो, तो उससे मोटे तौर पर लगभग 20 क्विंटल खाद निकलने का अनुमान है. खाद निकालने के बाद उसे छांव में सुखाया जाता है और जब वह इस अवस्था में आ जाए कि हाथ में लेने पर उसकी मुट्ठी न बने, तब उसकी पैकिंग की जाती है.

‘किसान जैविक’ खाद के नए मिश्रण की तैयारी
वर्तमान में खाद में किसी प्रकार का रासायनिक तत्व नहीं मिलाया जा रहा है, लेकिन भविष्य के विस्तार की ठोस योजना तैयार की गई है. इसके तहत ‘किसान जैविक’ नाम से नई जैविक खाद तैयार करने का कार्यक्रम है. जिसके लिए बोरों की छपाई का काम भी चल रहा है. साथ ही नीम युक्त वर्मी कंपोस्ट लाने की भी तैयारी है. प्रस्तावित ‘किसान जैविक’ खाद में जिप्सम, कैल्शियम, वर्मी कंपोस्ट, बोन मील और नीम खली का मिश्रण किया जाएगा. यह उत्पाद विशेष रूप से खेती में खाद के तौर पर इस्तेमाल होगा और पुरुलिया सहित अन्य स्थानों पर किए गए शुरुआती प्रयोगों में इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले हैं.

हर कीट पर असरदार ‘ब्रह्मास्त्र’ जैविक कीटनाशक
खाद के अलावा अगले एक से डेढ़ महीने के भीतर एक तरल जैविक कीटनाशक तैयार करने की भी योजना है. जिसे ‘ब्रह्मास्त्र’ नाम दिया गया है. जहां रासायनिक कीटनाशकों में अलग-अलग कीटों के लिए अलग-अलग दवाओं का उपयोग करना पड़ता है, वहीं यह उत्पाद हर तरह के कीटों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है. इसमें नीम के पत्ते, आक के पत्ते, धतूरे के पत्ते, खैनी की डंठल और हल्दी जैसी सामग्री को काटकर व उबालकर गोमूत्र के साथ मिलाया जाएगा. तैयार घोल का फसलों पर छिड़काव किया जाएगा. जिसे किसानों के लिए एक प्रभावी और प्राकृतिक विकल्प के रूप में देखा जा रहा है.



Source link