कभी यहां पढ़ते थे शहर के दिग्गज, आज सपने बुन रहे बच्चे, 143 साल पुरानी लाइब्रेरी की अनूठी दास्तान

कभी यहां पढ़ते थे शहर के दिग्गज, आज सपने बुन रहे बच्चे, 143 साल पुरानी लाइब्रेरी की अनूठी दास्तान


Morris Memorial Manik Vachanalaya: खंडवा के बॉम्बे बाजार में एक ऐसी लाइब्रेरी है, जहां किताबों के पन्नों में सिर्फ कहानियां और इतिहास ही नहीं, बल्कि शहर के 143 साल पुराने सफर की यादें भी सहेजकर रखी गई हैं. इस लाइब्रेरी में कभी शहर की बड़ी-बड़ी हस्तियां बैठकर पढ़ा करती थीं और आज यहां सैकड़ों बच्चे अपने भविष्य की तैयारी कर रहे हैं. खास बात यह है कि अंग्रेजों के शासनकाल में शुरू हुई यह लाइब्रेरी आज भी संचालित हो रही है. यहां बच्चों को मुफ्त में किताबें पढ़ने की सुविधा मिलती है. हजारों नहीं, बल्कि 20 हजार से ज्यादा पुस्तकों का संग्रह इस वाचनालय की पहचान है. हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती और निमाड़ी साहित्य से लेकर धर्म, इतिहास, अर्थशास्त्र और साहित्य की दुर्लभ किताबें यहां मौजूद हैं.इस लाइब्रेरी की शुरुआत वर्ष 1883 में अंग्रेजों के शासनकाल में हुई थी. उस समय इसका नाम मॉरिस मेमोरियल लाइब्रेरी रखा गया था। आजादी के बाद इसका नाम बदलकर माणिक वाचनालय कर दिया गया. इतने सालों में शहर की कई पीढ़ियां बदल गईं, पढ़ाई के तरीके बदल गए और अब मोबाइल-इंटरनेट का दौर आ गया, लेकिन इस लाइब्रेरी की अहमियत आज भी बनी हुई है. यहां सुबह से शाम तक बच्चे और युवा किताबों के बीच बैठकर पढ़ाई करते नजर आते हैं. आइए जानते हैं अंग्रेजों के जमाने में शुरू हुई इस लाइब्रेरी का इतिहास और इसकी खासियत.

1883 में अंग्रेजों ने शुरू करवाई थी लाइब्रेरी
खंडवा के बॉम्बे बाजार में स्थित इस वाचनालय का इतिहास अंग्रेजों के शासनकाल से जुड़ा है. लाइब्रेरी के अध्यक्ष दिनेश पालीवाल बताते हैं कि इसकी स्थापना वर्ष 1883 में हुई थी. उस समय इसे मॉरिस मेमोरियल लाइब्रेरी के नाम से जाना जाता था. उनके अनुसार, अंग्रेजी शासन के एक अधिकारी मॉरिस के नाम पर इसका नाम रखा गया था. शुरुआत में इस लाइब्रेरी को लेकर अलग योजना थी, लेकिन बाद में इसे खंडवा में स्थापित करने का निर्णय लिया गया. तब से लेकर आज तक यह वाचनालय लगातार संचालित हो रहा है. दिनेश पालीवाल बताते हैं कि वे खुद भी कभी इसी लाइब्रेरी में बैठकर पढ़ाई किया करते थे. उन्होंने यहां अध्ययन करते हुए एमकॉम तक की पढ़ाई की और आज उसी वाचनालय के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उनके लिए यह सिर्फ एक लाइब्रेरी नहीं, बल्कि उनकी अपनी पढ़ाई और जिंदगी से जुड़ी यादों का हिस्सा भी है.

आजादी के बाद बदला नाम, माणिक वाचनालय बनी पहचान
देश की आजादी के बाद इस लाइब्रेरी का नाम बदल दिया गया. अध्यक्ष दिनेश पालीवाल के मुताबिक, वर्ष 1947 में हुई बैठक के बाद इसका नाम माणिकचंद जी जैन के नाम पर माणिक वाचनालय रखा गया. इसके बाद से यह इसी नाम से पहचानी जाने लगी. अंग्रेजों के समय शुरू हुई यह संस्था आजादी के बाद भी शहर के लोगों को पढ़ने-लिखने की सुविधा देती रही. इस वाचनालय से शहर की कई प्रतिष्ठित हस्तियों का जुड़ाव रहा है. दिनेश पालीवाल बताते हैं कि इसके शुरुआती अध्यक्षों में भगवंतराव मंडलोई भी शामिल थे, जो मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे. उन्होंने वर्ष 1930 से 1939 तक अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी. समय-समय पर कई प्रतिष्ठित लोग इस संस्था से जुड़े और इसके विकास में योगदान देते रहे.

20 हजार से ज्यादा किताबें, दुर्लभ साहित्य भी मौजूद
माणिक वाचनालय की सबसे बड़ी खासियत यहां मौजूद किताबों का संग्रह है. सचिव भूपेंद्र चौहान बताते हैं कि लाइब्रेरी में 20 हजार से ज्यादा किताबें उपलब्ध हैं. इनमें मुंशी प्रेमचंद जैसे बड़े साहित्यकारों की रचनाओं से लेकर इतिहास, धर्म, अर्थशास्त्र, संदर्भ ग्रंथ और अलग-अलग विषयों की पुस्तकें शामिल हैं. यहां हिंदी और अंग्रेजी के साथ गुजराती सहित कई भाषाओं की किताबें भी रखी गई हैं. निमाड़ी साहित्य का भी अच्छा संग्रह है. भूपेंद्र चौहान बताते हैं कि यहां आजादी से पहले और आजादी के बाद की कई महत्वपूर्ण किताबें और लेख संभालकर रखे गए हैं. कई पुराने साहित्यकार और शोध करने वाले लोग भी यहां आते हैं. उनका कहना है कि कुछ ऐसी पुरानी और दुर्लभ पुस्तकें यहां मिल जाती हैं, जिन्हें बड़े शहरों की लाइब्रेरी में भी तलाशना मुश्किल होता है. यही वजह है कि खंडवा के अलावा आसपास के जिलों और इंदौर जैसे शहरों से भी साहित्य में रुचि रखने वाले लोग यहां पहुंचते हैं.

कभी पढ़ने आते थे शहर के बड़े लोग, अब बच्चे बना रहे भविष्य
इस वाचनालय की एक खास बात यह है कि यहां समय के साथ पढ़ने वालों की पीढ़ियां बदलती रहीं, लेकिन किताबों से जुड़ाव बना रहा. सचिव भूपेंद्र चौहान बताते हैं कि यहां कई बच्चे पढ़ाई करके अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़े हैं. कुछ विद्यार्थी सरकारी सेवाओं में पहुंचे तो कई आज भी प्रतियोगी परीक्षाओं और अपने करियर की तैयारी कर रहे हैं. लाइब्रेरी में पहुंचने पर सुबह से शाम तक बच्चों की भीड़ दिखाई देती है. कोई प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है, तो कोई स्कूल-कॉलेज की पढ़ाई के लिए किताबें पढ़ रहा है. यहां छात्र और छात्राओं के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था है. बच्चों की जरूरत के हिसाब से नई किताबें भी मंगवाई जाती हैं. लाइब्रेरी प्रबंधन का कहना है कि बच्चों की मांग के अनुसार पुस्तकें उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है.

अखबार, मुफ्त इंटरनेट और RO पानी की सुविधा
माणिक वाचनालय में सिर्फ किताबें ही नहीं, बल्कि पढ़ाई के लिए दूसरी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं. यहां हिंदी और अंग्रेजी के अखबार आते हैं, जिन्हें पढ़ने के लिए सुबह से ही लोग पहुंचने लगते हैं. बच्चों और युवाओं के लिए इंटरनेट की सुविधा भी दी गई है, ताकि वे ऑनलाइन अध्ययन सामग्री का इस्तेमाल कर सकें. इसके अलावा पीने के लिए RO पानी की व्यवस्था भी की गई है. लाइब्रेरी करीब 12 घंटे तक खुली रहती है. इस दौरान विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार यहां आकर पढ़ाई कर सकते हैं. डिजिटल दौर में जहां बच्चे मोबाइल पर जानकारी तलाशते हैं. वहीं, इस वाचनालय में आज भी किताबों और अखबारों के साथ पढ़ाई करने वालों की अच्छी संख्या दिखाई देती है.

लाइब्रेरी को आधुनिक बनाने का सपना
143 साल पुरानी इस ऐतिहासिक धरोहर को अब और बेहतर बनाने की तैयारी भी है. अध्यक्ष दिनेश पालीवाल की इच्छा है कि वाचनालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाए. वे चाहते हैं कि बच्चों के लिए एक अच्छा और व्यवस्थित हॉल तैयार हो, जहां बाहर का शोर पढ़ाई में बाधा न बने. इसके लिए साउंडप्रूफ हॉल बनाने का भी संकल्प है. उनका कहना है कि वे चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियों को यहां पढ़ाई के लिए और बेहतर माहौल मिले. खंडवा की यह लाइब्रेरी सिर्फ पुरानी इमारत या किताबों का संग्रह नहीं है, बल्कि शहर की शिक्षा और साहित्यिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. अंग्रेजों के समय मॉरिस मेमोरियल लाइब्रेरी के नाम से शुरू हुआ यह सफर आज माणिक वाचनालय के रूप में जारी है. कभी यहां पढ़ने वाली पीढ़ियों के बाद अब नई पीढ़ी भी इसी जगह बैठकर अपने सपनों को पूरा करने की तैयारी कर रही है. यही वजह है कि 143 साल बाद भी इस लाइब्रेरी के दरवाजे किताबों से दोस्ती करने वालों के लिए खुले हैं.



Source link