Space News | 11 मीटर चौड़ी, हर 5 मिनट में एक चक्कर, पृथ्वी के पास तेजी से घूम रही वो चीज क्या है? नासा ने बताया कितना खतरा | NASA Science News

Space News | 11 मीटर चौड़ी, हर 5 मिनट में एक चक्कर, पृथ्वी के पास तेजी से घूम रही वो चीज क्या है? नासा ने बताया कितना खतरा | NASA Science News


होमताजा खबरनॉलेज

11 मीटर चौड़ी, हर 5.35 मिनट में एक चक्कर… पृथ्वी के पास घूम रही यह चीज क्या है

Last Updated:

पृथ्वी के पास से गुजर रही 11 मीटर चौड़ी चीज ‘1998 केवाई26’ आखिर क्या है? गुरुत्वाकर्षण से अलग इसकी अजीब रफ्तार को देखते हुए हार्वर्ड के एवी लोएब ने इसे 1988 में लापता हुआ सोवियत यान ‘फोबोस 1’ बताया है. फिर भी, नासा प्रमुख जेरेड आइजैकमैन ने पृथ्वी को किसी खतरे से इनकार किया है. अब जुलाई 2031 में जापान का ‘हयाबुसा 2’ मिशन इसकी असली पहचान उजागर करेगा.

Zoom

हर 5 मिनट में घूमता है 11 मीटर का पिंड, वैज्ञानिकों को क्यों लग रहा यह पुराना अंतरिक्ष यान है? (प्रतीकात्मक तस्वीर : AI Generated Image)

नई दिल्ली: पृथ्वी के करीब से गुजर रही एक रहस्यमय वस्तु ने वैज्ञानिकों की धड़कनें बढा़ दी हैं. करीब 11 मीटर चौड़ी इस वस्तु को ‘1998 केवाई26’ नाम दिया गया है. वैज्ञानिकों ने पाया है कि इसकी रफ्तार और रास्ते पर सूरज या पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण के अलावा किसी और ताकत का असर हो रहा है. इस अजीब हरकत के बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि यह करीब 40 साल पहले लापता हुआ सोवियत संघ का अंतरिक्ष यान हो सकता है. हालांकि नासा प्रमुख जेरेड आइजैकमैन ने गुरुवार को साफ किया कि एजेंसी इस पर नजर रख रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इससे पृथ्वी को कोई खतरा नहीं है और टकराव के भी कोई सबूत नहीं हैं. वैज्ञानिक अब पता लगा रहे हैं कि यह प्राकृतिक चट्टान है या कोई पुरानी मशीन.

क्या 1988 में लापता हुआ सोवियत स्पेसक्राफ्ट फोबोस 1 है ये?

हार्वर्ड के एस्ट्रोफिजिसिस्ट एवी लोएब और उनके दो साथियों एडम हिबर्ड व एडम क्राउल ने इस वस्तु को लेकर अनोखा दावा किया है. उनका मानना है कि ‘1998 केवाई26’ असल में ‘फोबोस 1’ हो सकता है. यह सोवियत संघ का एक मानवरहित यान था जिसे 7 जुलाई 1988 को लॉन्च किया गया था. मंगल ग्रह के रास्ते में इसका पृथ्वी से संपर्क टूट गया था. शोधकर्ताओं ने फोबोस 1 का मॉडल बनाकर देखा कि घूमते समय यह सूरज की रोशनी कैसे परावर्तित करेगा.

इसके नतीजे ‘1998 केवाई26’ से जुड़े आठ अलग-अलग आंकड़ों से मेल खाते हैं. यह वस्तु अपने ऊपर पड़ने वाली करीब 52 फीसदी सूरज की रोशनी वापस लौटाती है और हर 5.35 मिनट में एक चक्कर पूरा करती है. लोएब की टीम के मुताबिक ये लक्षण किसी कृत्रिम वस्तु की ओर इशारा करते हैं.

डार्क कॉमेट या सूखा एस्टेरॉयड, वैज्ञानिकों की नई स्टडी में क्या निकला?

इस वस्तु की अजीब रफ्तार पर वैज्ञानिकों की अलग-अलग राय है. साल 2023 की एक स्टडी में इसे ‘डार्क कॉमेट’ बताया गया था. इस थ्योरी के अनुसार इसके भीतर जमा पानी गैस बनकर निकलता है जिससे इसे धक्का मिलता है. हालांकि खगोलविदों को इसके आसपास गैस का कोई बादल या पूंछ नहीं दिखी है. एक दूसरी स्टडी में इसे पूरी तरह सूखा एस्टेरॉयड माना गया है.

शोधकर्ताओं का कहना है कि वहां तापमान इतना ज्यादा है कि पानी की बर्फ नहीं टिक सकती. कुछ वैज्ञानिकों के मुताबिक सूरज के विकिरण का दबाव भी इसकी दिशा बदल सकता है. साल 2025 में नेचर कम्युनिकेशंस जर्नल में छपी स्टडी में इसका आकार महज 11 मीटर आंका गया था.

जापान का हयाबुसा 2 मिशन इस रहस्य से कब पर्दा उठाएगा?

इस गुत्थी को सुलझाने की जिम्मेदारी अब जापान के अंतरिक्ष मिशन पर है. जापानी स्पेसक्राफ्ट ‘हयाबुसा 2’ जुलाई 2031 में ‘1998 केवाई26’ के बेहद करीब पहुंचेगा. इतने छोटे एस्टेरॉयड का करीब से अध्ययन करने वाला यह पहला मिशन होगा. इस दौरान ली जाने वाली तस्वीरें साफ कर देंगी कि यह कोई प्राकृतिक चट्टान है या कुछ और. तब तक एवी लोएब का यह विचार एक दिलचस्प थ्योरी ही बना रहेगा.

लोएब ने मजाक में कहा है कि हो सकता है हयाबुसा 2 के कैमरों को बर्फ के टुकड़े की जगह ‘मेड इन यूएसएसआर’ का लेबल दिख जाए.



Source link