Sahara Refund: सहारा में फंसा है आपका पैसा, अब मिल सकता है वापस, जानें कैसे करें क्लेम

Sahara Refund: सहारा में फंसा है आपका पैसा, अब मिल सकता है वापस, जानें कैसे करें क्लेम


सहारा इंडिया में पैसा जमा करने वाले निवेशकों के लिए राहत की खबर है. अब उन्हें रिफंड पाने के लिए 50 हजार या 10 लाख रुपये की सीमा तक ही आवेदन करने की जरूरत नहीं है, बल्कि वे अपनी पूरी पात्र जमा राशि के लिए क्लेम कर सकते हैं. सहारा रिफंड पोर्टल पर अब तक करीब 1.51 करोड़ निवेशक आवेदन कर चुके हैं. इनमें से 47 लाख से ज्यादा लोगों के खातों में 10,037.47 करोड़ रुपये वापस भेजे जा चुके हैं. ऐसे में अगर आपका पैसा भी सहारा की सहकारी समितियों में फंसा है, तो आप घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि रिफंड पाने के लिए क्या करना होगा, किन दस्तावेजों की जरूरत पड़ेगी और आवेदन के बाद भी पैसा नहीं आया तो क्या करें.

सहारा रिफंड के लिए कैसे करें आवेदन?

सहारा में जमा पैसे की वापसी के लिए सरकार ने CRCS-सहारा रिफंड पोर्टल शुरू किया है. पात्र निवेशक इस पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन क्लेम कर सकते हैं. आवेदन करने का तरीका काफी आसान है.

  • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://mocrefund.crcs.gov.in पर जाएं.
  • यहां जमाकर्ता रजिस्टर और लॉगिन को पूरा करें.
  • अपना आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर इस्तेमाल करें.
  • मांगी गई जानकारी भरें और जमा राशि से जुड़े डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें.
  • आवेदन में सभी जानकारियां सही-सही दर्ज करने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें.

ध्यान रखें कि रिफंड के लिए आवेदन करने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना चाहिए. इसके अलावा उसके पास बैंक खाता होना जरूरी है, ताकि पात्रता की जांच के बाद रिफंड की रकम सीधे खाते में भेजी जा सके. आवेदन करने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना होता है.

कितने दिन में आएगा पैसा?

कई निवेशकों के मन में सवाल है कि आवेदन करने के बाद रिफंड मिलने में कितना समय लगेगा. पोर्टल के अनुसार, ऑनलाइन क्लेम जमा करने के बाद संबंधित सहारा सहकारी समितियों की ओर से 30 दिनों के भीतर उसकी जांच की जाती है. इसके बाद आवेदन की तारीख से कुल 45 दिनों के अंदर निवेशक को क्लेम पर लिए गए फैसले की जानकारी दी जाती है.

यह जानकारी SMS या पोर्टल के माध्यम से मिल सकती है. इसलिए आवेदन करते समय अपना मोबाइल नंबर सही दर्ज करें और समय-समय पर पोर्टल पर स्टेटस भी चेक करते रहें. एक जरूरी बात यह है कि चारों सहारा सहकारी समितियों से जुड़े सभी पात्र क्लेम एक ही आवेदन फॉर्म में जमा करने होते हैं. केवल ऑनलाइन पोर्टल के जरिए किए गए आवेदन पर ही विचार किया जाएगा.

आवेदन किया, लेकिन पैसा नहीं आया तो क्या करें?

अगर आपने पहले ही रिफंड के लिए आवेदन कर दिया है, लेकिन खाते में पैसा नहीं आया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. सबसे पहले यह देखें कि आपके आवेदन में कोई कमी तो नहीं बताई गई है. कई बार डॉक्यूमेंट्स में गड़बड़ी, गलत जानकारी या बैंक खाते से जुड़ी समस्या के कारण भुगतान अटक सकता है.

अगर आपको आवेदन में कमी या पेमेंट फेल होने का मैसेज मिला है, तो बताई गई समस्या को ठीक करें. इसके बाद री-सबमिशन पोर्टल https://mocresubmit.crcs.gov.in/resubmission/#/home पर जाकर दोबारा आवेदन जमा करें. री-सबमिशन करते समय पोर्टल पर दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें. बिना कमी दूर किए दोबारा आवेदन करने से आपका क्लेम फिर अटक सकता है.

 रिफंड से जुड़ी परेशानी पर इन नंबरों पर करें संपर्क

सहारा रिफंड के आवेदन या भुगतान से जुड़ी परेशानी होने पर निवेशक हेल्पलाइन की मदद ले सकते हैं. निवेशकों को कुछ बातों का ध्यान भी रखना होगा. आवेदन करने से पहले अपने सभी डॉक्यूमेंट्स और जमा राशि से जुड़े प्रमाण चेक कर लें. किसी अनजान व्यक्ति या एजेंट को रिफंड दिलाने के नाम पर पैसे न दें. सहारा रिफंड के लिए आवेदन प्रोसेस पूरी तरह ऑनलाइन और फ्री है. इसलिए केवल आधिकारिक पोर्टल का ही इस्तेमाल करें.



Source link