Live News TV Fight : टाई पकड़ी और जमीन पर पटक दिया, हिंसक हो गई टीवी डिबेट, पॉलिटिकल बहस में जमकर हुई मारा-पीटी

Live News TV Fight : टाई पकड़ी और जमीन पर पटक दिया, हिंसक हो गई टीवी डिबेट, पॉलिटिकल बहस में जमकर हुई मारा-पीटी


लाइव टीवी पर बहस के दौरान नेताओं या मेहमानों के बीच तू-तू मैं-मैं होना आम बात है, लेकिन कई बार ये गुस्सा इतना बढ़ जाता है कि मामला सीधे हाथापाई तक पहुंच जाता है. ऐसा ही एक चौंकाने वाला वाकया हाल ही में एक लाइव टीवी शो पर दिखाई दिया है, जहां पॉलिटिकल बहस होते-होते न्यूज स्टूडियो अखाड़े में बदल गया. देश की राजनीति पर चर्चा करने पहुंचे दो दिग्गज मेहमान कैमरे के सामने ही एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है.

आखिर लाइव शो में क्यों भड़की फाइट?

ये पूरा हंगामा आर्मेनिया के सरकारी ब्रॉडकास्टर के मशहूर राजनीतिक कार्यक्रम ‘द ग्रेट डिबेट’ के दौरान हुआ. इस शो में देश के मौजूदा राजनीतिक हालातों पर चर्चा करने के लिए पत्रकार बोरिस मुराजी और राजनीतिक एक्सपर्ट हारुत्युन मकर्तचयन को मेहमान के तौर पर बुलाया गया था.

शुरुआत में तो सब कुछ नॉर्मल चल रहा था, लेकिन जैसे-जैसे बहस आगे बढ़ी, माहौल गरमाने लगा. बहस के दौरान पॉलिटिकल एक्सपर्ट मकर्तचयन ने पत्रकार मुराजी से एक ऐसा सवाल पूछ लिया, जिससे पूरा बवाल खड़ा हो गया. मकर्तचयन ने मुराजी के आर्मेनिया के पूर्व राष्ट्रपति सर्ज सर्गस्यान के साथ कथित व्यक्तिगत संबंधों पर सवाल उठा दिए.

बता दें कि पत्रकार मुराजी खुले तौर पर पूर्व राष्ट्रपति की आलोचना करते रहे हैं. ऐसे में जब उनका नाम पूर्व राष्ट्रपति के साथ जोड़ा गया, तो मुराजी भड़क गए. उन्होंने इस सवाल को बेहद अपमानजनक और अस्वीकार्य बताया.

गाली-गलौज के बाद चले लात-घूंसे, अखाड़ा बना स्टूडियो

सवाल पर आपत्ति जताने के बाद दोनों मेहमानों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई. देखते ही देखते दोनों ने एक-दूसरे को अपशब्द कहने शुरू कर दिए. गुस्सा इतना बढ़ा कि दोनों अपनी-अपनी जगह से उठे और एक-दूसरे की तरफ लपके.

सरकारी चैनल पर इस लाइव फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दोनों मेहमान किस तरह एक-दूसरे पर लात और घूंसे बरसा रहे हैं. स्टूडियो में अचानक हुई इस मारपीट को देखकर शो के एंकर और क्रू मेंबर्स के हाथ-पांव फूल गए. वो तुरंत बीच-बचाव करने के लिए दौड़े और बड़ी मुश्किल से दोनों को एक-दूसरे से अलग किया.

मारपीट के बाद पत्रकार ने दी अजीबोगरीब सफाई

इस शर्मनाक घटना के अगले दिन पत्रकार बोरिस मुराजी ने फेसबुक पर लाइव आकर अपनी सफाई दी. हालांकि, अपने किए पर शर्मिंदा होने के बजाय उन्होंने अपने कदम को सही ठहराने की कोशिश की. मुराजी ने कहा कि एक्सपर्ट मकर्तचयन ने अपनी सारी हदें पार कर दी थीं.

मुराजी ने तंज कसते हुए कहा, ‘जब उन्होंने इस तरह से हद पार की, तो मुझे थोड़ी देर के लिए उस आदमी को सही तरीके से सुधारने की जिम्मेदारी लेनी पड़ी. मैंने कुछ कदम उठाए. जो काम उनके पिता को करना चाहिए था, वो मुझे करना पड़ा’.

प्रसारण आयोग ने जताई सख्त नाराजगी

लाइव टीवी पर हुई इस मारपीट की घटना पर आर्मेनिया के टेलीविजन और रेडियो आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है. आयोग ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस घटना की कड़ी निंदा की है.

आयोग ने अपने बयान में कहा, ‘डिबेट में बुलाए गए मेहमानों की तरफ से खुलेआम की जाने वाली हिंसा और गाली-गलौज को किसी भी हाल में सही नहीं ठहराया जा सकता. न तो गरमागरम बहस के नाम पर, न ही टीआरपी या रेटिंग बढ़ाने की भूख के लिए और न ही औपचारिक निष्पक्षता के बहाने ऐसी हरकतों को बर्दाश्त किया जा सकता है’.

कुछ हफ्ते पहले मैक्सिको के लाइव शो में भी हुआ था बड़ा हादसा

लाइव टीवी शो के दौरान कैमरे के सामने इस तरह का अजीबोगरीब और हिंसक वाकया पहली बार नहीं हुआ है. आर्मेनिया की इस घटना से कुछ ही हफ्ते पहले मैक्सिको के एक लाइव टीवी शो में भी ऐसा ही चौंकाने वाला हादसा हुआ था, जब एक एंकर ने गुस्से में ड्रोन को लात मार दी थी और वो सीधे एक मॉडल के चेहरे पर जा लगा था.

मैक्सिको के लेट-नाइट कॉमेडी शो ‘एस शो’ की मेजबानी कर रहे एंकर अर्नेस्टो चावाना 17 नवंबर की रात मॉडल्स के एक ग्रुप के साथ शूटिंग कर रहे थे. इसी दौरान कैमरे से लैस एक छोटा ड्रोन काफी नीचे उड़ता हुआ उनके बिल्कुल करीब आ गया.

ड्रोन को लात मारने से फट गया था मॉडल का होंठ

पास आते ड्रोन को देखकर एंकर चावाना चिढ़ गए और उन्होंने गुस्से में उसे जोरदार लात मार दी. लात मारते हुए उन्होंने माइक पर कहा, ‘इस चीज को मुझसे दूर रखो.’ लेकिन चावाना की लात लगने के बाद वो ड्रोन हवा में उछला और सीधे वहां खड़ी मॉडल इसाबेला रोजास के चेहरे से जा टकराया.

पहले तो वहां मौजूद लोग और दर्शक इसे मजाक समझकर हंसने लगे, लेकिन अगले ही पल पूरे स्टूडियो में सन्नाटा पसर गया. ड्रोन लगने से मॉडल इसाबेला दर्द से कराह उठीं और उन्होंने अपना चेहरा पकड़ लिया. देखते ही देखते उनके चेहरे से खून बहने लगा. बाकी कलाकार तुरंत उनके पास दौड़े और दो महिलाएं उन्हें सहारा देकर सेट से बाहर ले गईं. इस पर एंकर ने क्रू मेंबर्स पर गुस्सा निकालते हुए कहा, ‘देखो तुम लोगों ने क्या कर दिया.’

होंठ कटने के बावजूद मुस्कुराते हुए लौटीं मॉडल, एंकर ने मांगी माफी

हालांकि, कुछ ही मिनटों बाद मॉडल इसाबेला रोजास ने हिम्मत दिखाते हुए सेट पर वापसी की और दर्शकों को बताया कि वो ठीक हैं. उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि ड्रोन लगने से उनका होंठ थोड़ा फट गया है, इस दौरान उनके दांतों के आसपास खून भी साफ नजर आ रहा था.

अपनी इस हरकत पर एंकर अर्नेस्टो चावाना ने तुरंत इसाबेला से माफी मांगी. उन्होंने कहा, ‘मुझे बहुत अफसोस है. अभी जो कुछ भी हुआ, उसका जिम्मेदार मैं हूं. मैंने जो किया उसके लिए मुझे बहुत शर्मिंदगी महसूस हो रही है. उन्होंने मेरे सामने ये चीज ला दी थी और मैंने इसे लात मार दी… पता नहीं, शायद मेरे नए जूतों की वजह से ऐसा हो गया’. आर्मेनिया और मैक्सिको की ये दोनों घटनाएं बताती हैं कि लाइव टीवी के दबाव में कई बार छोटी सी चूक या गुस्सा बड़े विवाद और हादसे को जन्म दे देता है.



Source link