Last Updated:
Rajasthan Panchayat Chunav Exciting Stories Of Sarpanch : राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 में कई दिलचस्प नतीजे सामने आए हैं. टोंक में नन्दू देवी और उनकी बेटी मनीषा गुर्जर अलग-अलग ग्राम पंचायतों से सरपंच बनीं. दौसा में एक ही ढाणी की तीन बेटियों ने जीत दर्ज की. पाली में किन्नर समाज की मनीषा बाई 1835 वोट पाकर विजयी हुईं. जैसलमेर में 22 वर्षीय ऋतिक रतनू और 70 वर्षीय रुक्मिणी देवी ने भी सरपंच का चुनाव जीता.
कहीं पांच वोट से जीत तो कहीं एक परिवार के कई सदस्य बने सरपंच, राजस्थान पंचायत चुनाव की दिलचस्प तस्वीर(नोट- फोटो एआई जेनरेटेड है. यह सांकेतिक रूप से बताने के लिए प्रयोग में लाया गया है.)
Rajasthan Panchayat Chunav: राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 में इस बार गांवों की चौपाल पर रिश्तों और नए चेहरों की चर्चा है. कहीं सास और बहू ने सरपंच का चुनाव जीतकर गांव की कमान संभाली तो कहीं मां के बाद बेटी ने भी चुनाव जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई. टोंक में मां और बेटी दोनों सरपंच बनीं. वहीं सीकर में एक ही परिवार की सास-बहू ने जीत दर्ज की. दौसा में एक ही ढाणी में पली-बढ़ीं तीन बेटियां शादी के बाद अलग-अलग गांवों की सरपंच चुनी गईं. पाली में किन्नर समाज की मनीषा बाई ने पांच प्रत्याशियों को पीछे छोड़कर जीत हासिल की. जैसलमेर में 22 साल के युवा ऋतिक रतनू ने भी सरपंच बनकर सबका ध्यान खींचा.
इन नतीजों में एक तरफ परिवारों की राजनीतिक पकड़ नजर आई तो दूसरी ओर मतदाताओं ने नए और युवा चेहरों पर भी भरोसा जताया. कुछ जगहों पर जीत का अंतर काफी कम रहा. टोंक की एक ग्राम पंचायत में महज पांच वोट से जीत-हार का फैसला हुआ.
टोंक में मां-बेटी दोनों बनीं सरपंच, मां जयपुर में डिप्टी मेयर
टोंक जिले में पंचायत चुनाव के नतीजों में मां-बेटी की जोड़ी खास चर्चा में है. डारडा तुर्की ग्राम पंचायत से नन्दू देवी ने सरपंच पद पर जीत दर्ज की. वहीं छान ग्राम पंचायत से उनकी बेटी मनीषा गुर्जर भी चुनाव जीतकर सरपंच बनीं. इस तरह एक ही परिवार की दो महिलाओं ने अलग-अलग ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी संभाली है. इसी जिले की टोडारायसिंह पंचायत समिति क्षेत्र में बनी नई गेदिया ग्राम पंचायत से सौम्या सिंह सरपंच निर्वाचित हुई हैं. उनकी मां सरोज कंवर जयपुर नगर निगम में डिप्टी मेयर हैं. ऐसे में मां के बाद बेटी के गांव की राजनीति में जीत दर्ज करने की चर्चा भी इलाके में हो रही है.
पाली में किन्नर समाज की मनीषा बाई ने पांच प्रत्याशियों को हराया
पाली जिले में पंचायत चुनाव के नतीजों में मनीषा बाई ने अपनी जीत से अलग पहचान बनाई है. पंचायत समिति रायपुर की कुशालपुरा ग्राम पंचायत में किन्नर समाज की मनीषा बाई ने सरपंच पद का चुनाव जीता. मनीषा बाई को कुल 1835 वोट मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1534 मत प्राप्त हुए. उन्होंने पांच प्रत्याशियों को पीछे छोड़कर जीत हासिल की. इस चुनाव में उन्हें अपने प्रतिद्वंद्वियों से साफ बढ़त मिली.
दौसा में एक ही ढाणी की तीन बेटियां बनीं सरपंच
दौसा जिले में एक ही ढाणी में पली-बढ़ीं तीन बेटियों ने पंचायत चुनाव में जीत दर्ज की है. ये तीनों बेटियां शादी के बाद अलग-अलग गांवों की बहू बनीं और अब तीन ग्राम पंचायतों की सरपंच चुनी गई हैं. बैजूपाड़ा की ग्राम पंचायत पून्दरपाड़ा की सौरन ढाणी में पली-बढ़ीं सुनीता सिसोदिया, सरस्वती सिसोदिया और मनीषा सिसोदिया ने यह उपलब्धि हासिल की है. तीनों के अलग-अलग ग्राम पंचायतों से चुनाव जीतने के बाद उनके गांव और परिवार में खुशी का माहौल है. एक ही ढाणी की तीन बेटियों का अलग-अलग पंचायतों की कमान संभालना इस चुनाव की खास बातों में शामिल है.
जैसलमेर में 22 साल के ऋतिक बने सरपंच, पांच वोट से भी हुआ फैसला
जैसलमेर जिले के पोकरण क्षेत्र में युवा चेहरे ने चुनाव जीतकर सबका ध्यान खींचा है. पंचायत समिति रामदेवरा की ग्राम पंचायत बारठ का गांव से 22 वर्षीय ऋतिक रतनू सरपंच निर्वाचित हुए हैं. ऋतिक ने 12वीं तक पढ़ाई की है और स्नातक में प्रवेश लिया है. उनके पिता मदनगोपाल शिक्षक हैं. चुनाव में उनके सामने 62 वर्षीय भंवरी देवी ने मुकाबला किया. इसी जिले की पाटोवा ग्राम पंचायत से 70 वर्षीय रुक्मिणी देवी ने भी सरपंच पद पर जीत दर्ज की. वहीं हापास ग्राम पंचायत में मुकाबला बेहद करीबी रहा. यहां कमला ढाका महज पांच वोट के अंतर से सरपंच निर्वाचित हुईं. कमला ढाका कांग्रेस नेता राजेंद्र पाटोदा के भाई महेंद्र ढाका की पत्नी हैं. रुक्मिणी देवी राजेंद्र पाटोदा की मां हैं.
कहीं परिवार का दबदबा तो कहीं युवाओं पर लोगों ने जताया भरोसा
राजस्थान पंचायत चुनाव के इन नतीजों में कई तरह की तस्वीरें सामने आई हैं. कहीं परिवार के कई सदस्य चुनाव जीतकर गांवों की राजनीति में पहुंचे तो कहीं युवा और नए चेहरों को मौका मिला. पाली में मनीषा बाई की जीत और दौसा में एक ही ढाणी की तीन बेटियों का सरपंच बनना भी इस चुनाव के खास नतीजों में शामिल है.